तुम्हारी भावनाएँ बड़ी नाज़ुक हैं
काँच की तरह
बस फर्क इतना है
कि ये काँच मंदिरों की दीवारों पर ही टूटता है
या किसी नारे की ऊँचाई पर।
जब कोई शब्द टकराता है तुम्हारे देवताओं से,
तुम सड़कों पर उतर आते हो
हाथों में मशाल,
होठों पर धर्म,
और आँखों में आक्रोश का प्रदर्शन।
पर जब एक स्त्री की देह
सार्वजनिक अपमान की चिता पर जलाई जाती है,
उसकी चीखें
तुम्हारी भावनाओं तक पहुँचने से पहले ही
किसी समाचार में बदल दी जाती हैं
और तुम
रिमोट बदल देते हो।
अजीब है ना
देश की अस्मिता तुम्हें दिखती है झंडों में
धर्म की रक्षा दिखती है नारों में
समाज की मर्यादा दिखती है किताबों में
पर एक नारी की अस्मिता
वह कहीं ‘फुटनोट’ बन जाती है।
तुम्हारी संवेदनाएँ चयन करती हैं
कब आहत होना है,
कब चुप रहना है,
और कब
सिर्फ बहस करना है।
नालंदा की मिट्टी अभी भी गीली है,
किसी की टूटी हुई गरिमा के खून से,
पर वहाँ कोई जुलूस नहीं निकला,
कोई भावना” घायल नहीं हुई
क्योंकि वहाँ
न तो कोई देवी थी,
न कोई धर्मग्रंथ।
बस एक स्त्री थी
जिसे तुमने
समाचार बना दिया।
और अब मैं खोजता हूँ उन स्वयंभू प्रहरियों को
जिनके शौर्य का हुंकार अक्सर काष्ठ-पटल और पर्दों पर टूटता है।
कहाँ विलीन हो गए वे केसरिया साफ़े
वे भुजाओं के फड़कते बल
और वे मर्यादाओं के मुखर उद्घोष
क्या तुम्हारी तलवारों की धार
सिर्फ प्रतीकों के घेरे में ही तीव्र होती है?
या तुम्हारी यह सांस्कृतिक रक्षा
केवल सत्ता के गलियारों की अनुचरी है
जब धरा की किसी सुता की अस्मिता
अधर्म की अग्नि में भस्म होती है,
तब तुम्हारा यह संगठित आक्रोश किस मौन की ओट में विश्राम करता है?
विडम्बना तो देखो
पाषाण की भंगिमा पर खरोंच आए
तो तुम समूचे भूगोल को ललकारते हो
पर रक्त-मांस की देह जब न्याय को पुकारती है
तो तुम पक्ष और परिधि के गणित में उलझ जाते हो।
मैं प्रश्न करता हूँ
क्या तुम्हारी ये हुंकारी वाहिनीयाँ मात्र प्रतीकों की सुरक्षा-चौकी हैं?
क्या मानवता के प्रति संवेदनशीलता का
अब तुम्हारे विधान में कोई स्थान शेष नहीं?
या फिर तुम्हारी ये भावनाएँ
वाकई इतनी ही सुविधाजनक हैं
कि तुम्हारा लहू तभी उबलता है
जब शत्रु परिभाषित हो
और तुम तब पाषाणवत हो जाते हो
जब सत्य असुविधाजनक हो।
क्या हम इतने संवेदनहीन हो चुके हैं
कि मनुष्यता का क्रंदन भी
तुम्हारी चेतना को
अब विचलित नहीं करता?
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'