Monday, February 23, 2026

इतना जिम्मेदार बनाना

इतना जिम्मेदार बनाना
नौका की पतवार बनाना।

सीमाओं की रक्षा खातिर
देश का पहरेदार बनाना।

तन मन की सब पीड़ा हर ले
कब तक यूं बीमार बनाना।

मानवता के सजदे में हूं
सबका ये संसार बनाना।

खून खराबे से आजिज सब
अब न कोई हथियार बनाना।

सौदेबाजी में माहिर है
फिर न उसे सरकार बनाना।

नदियां झील समन्दर हैं

नदियां झील समंदर हैं
फूलों वाले मंजर हैं।

ढूंढ़ रहा है जो तू बाहर
वो तो तेरे अंदर है।

नाच रहा उसकी धुन पर
उसका ही तू बंदर है।

एक नहीं अब इस दुनिया में
लाखों लाख सिकंदर हैं

बेबस और लाचार कहो न
पीर फकीर कलंदर हैं।

फूलों से जो मार रहे हो

फूलों से जो मार रहे हो
क्यों इतना पुचकार रहे हो।

वो आया है तेरे कहने पर
क्यों उसको दुत्कार रहे हो।

दुनियां ने पत्थर मारा है
तुम भी अब फटकार रहे हो।

सबसे कहते माया है सब
खुद करते सत्कार रहे हो।

तुमने ही जिंदा छोड़ा था
तुम ही हो जो मार रहे हो।

एक ख़ुदा ही हम दोनों के अंतर्मन में रहता है

एक ख़ुदा ही हम दोनों के अंतर्मन में रहता है
तूने भी तो वही कहा है जो मेरा दिल कहता है।

प्यार बसा है गुस्से में झगड़े जैसी बात नहीं
भाई है वो मेरा उसका हक़ है मुझसे कहता है।

बूंदों से दरिया है सारा दरियाओं से बादल है
जीवन ऐसे ही चलता है और ऐसे ही बहता है।

जबकि तू कमजोर नहीं है तो क्या मजबूरी है
जो तू उसके नश्तर यूं खामोशी से सहता है

मिट्टी से नाता न तोड़ो रिश्ते की गहराई जानो
राजमहल भी खंडहर हो मिट्टी में ही ढहता है।

वो जो पीछे छूट गया है

वो जो पीछे छूट गया है, उसको भूल न जाना साथी
रुककर हाथ पकड़कर उसका, उसको आगे लाना साथी

एक जैसे हालात न हों पर, दर्द ए दिल का हाल वही है
बंटने से पहले आखिर तक, उसको ये समझाना साथी।

भूल न जाए अफसानों में, हर पल सच्ची राह दिखाना
कौन सी मंजिल कितनी दूर है, उसको याद दिलाना साथी।

छोड़ गया है तुमको लेकिन, वापस लौट के आएगा वो
शिकवे सारे पार लगाकर, उसको फिर अपनाना साथी।

खाने पीने की सब चीजें, मां ने रखी अलमारी में
खाली पेट मिले जब भी वो, अलमारी दिखलाना साथी।

बंट गये तुम बंट गये हम देश का क्या हाल है

आज अपने ही घरौंदे, बन गए जंजाल हैं।
बँट गए तुम, बँट गए हम, देश का क्या हाल है।
मजहबों की ओट लेकर, नफ़रतें बढ़ने लगीं,
बस्तियाँ ये प्यार की, अब आग में जलने लगीं
बाँटकर तुमको उन्हें अब न कोई मलाल है।
बँट गए तुम, बँट गए हम, देश का क्या हाल है।
​
जिस चमन को सींचने में, सदियाँ हमने वार दीं,
आज उसकी टहनियाँ ही, नफ़रतों ने मार दीं।
ईश्वर-अल्लाह के घरों में, अब जो ताले पड़ रहे,
बंदे अपने स्वार्थ की, दीवारें ऊँची कर रहे।
भूल बैठे हम कि सबका, रक्त एक ही लाल है,
बँट गए तुम, बँट गए हम, देश का क्या हाल है।
​
जाति की उन तंग गलियों में दम घुटने लगा,
साँझा जो विश्वास था, वह आज क्यों गलने लगा।
तुमने पत्थर को चुना, और हमने पत्थर को चुना,
पर वतन का जो सुना था, ख़्वाब वह किसने बुना?
हर तरफ बस फ़ासला है, हर तरफ़ बस जाल है,
बँट गए तुम, बँट गए हम, देश का क्या हाल है।

उठो! इन बुझते दीयों में, फिर नया विश्वास दो,
नफ़रतों के इस धुएं को, एकता की साँस दो।
एक माटी, एक अंबर, एक ही पूर्वज हमारे,
क्यों गँवाते लड़कपन में, प्रेम के तट और किनारे?
जब तलक हम एक न हों, कल हमारा काल है,
बँट गए तुम, बँट गए हम, देश का क्या हाल है।

                -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

ऐ रूह-ए-सबा, उजड़े चमन, कैसे बुलाएं

ऐ रूह-ए-सबा, उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?
दरगाह है ख़ामोश, कहाँ शमा जलाएं?
जब ज़र्फ़ ही टूटा हो, तो क्या जाम उठाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

सजदे की तैयारी थी, इबादत के नगर में,
इश्क़-ए-फ़ना का रंग था, रूहानी सफ़र में।
पर खेल कज़ा ने, अजब मोड़ पे खेला,
जिस दर पे बँधी आस, वहीं दुखों का मेला।
अब राख के ढेरों पे, क्या महफ़िल सजाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

उन बे-पर परिंदों के, ठिकाने नहीं मिलते,
मिट्टी हो जो बंज़र, तो वहाँ गुल नहीं खिलते।
तू कहता है साक़ी, कि फिज़ाओं में नशा है,
पर यहाँ तो टूटे हुए, वादों की जफ़ा है।
दुनिया की रस्म मानें, या हस्ती को मिटाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

वो टीस जो मरहम के, लिबासों में मिली है,
वो आग कि जिससे ही, ये तन्हाई जली है।
गुज़रे हुए लम्हों की, अब आस नहीं है,
ख़्वाबों के परिंदों को, यकीं-ओ-ऐतबार नहीं है।
आए हो तो बैठो, कुछ ज़ख्म दिखाएं,
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?
दरगाह है ख़ामोश, कहाँ शमा जलाएं?

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Monday, February 16, 2026

तपते मरुथल की बाहों में

तपते मरुथल की बाहों में, 
मैंने चमन खिलाया है,
तम की काली छाती पर, 
इक नन्हा दीप जलाया है।
वक्त खड़ा था राहों में, 
पतझड़ की चादर ताने,
कड़वे घूँट पिए विष के, 
और सुख को गले लगाया है।

माना पैर बँधे थे मेरे, 
चौखट की सीमाओं में,
पर उड़ान की गूँज रही, 
अम्बर की शीतल छाँवों में।
सत्य-शुद्धता की चादर पर, 
धूल कभी न जम पाई,
तजकर स्वर्ण-पाश के पिंजरे, 
मस्त रहा अपनी राहों में।
​
दुनियाभर का शोर बहुत था, 
मैंने अपना गीत सुना,
भ्रम के सौ-सौ जालों में, 
मन का ही संगीत बुना।
जग ने जितनी ठोकर दी, 
वह मेरी एक पतवार बनी,
बिना आह के इस मस्तक ने, 
काँटों को मनमीत चुना।

अधरों पर मुस्कान सजाकर, 
विष-वचनों को पार किया,
धराशायी होते रिश्तों को, 
मौन रहकर उबार लिया।
विचलित करने को जग ने जब, 
मिथ्या की दीवार चुनी,
मैंने चक्षु मूँद कर अपना
अंतस ही स्वीकार किया।

ये दुनिया तो थक करके सोई हुई है

गुनाहों के पन्नों में खोई हुई है
ये दुनिया तो थक कर के सोई हुई है।

​कभी ज़ख़्म दे कर हँसा दी गई है
कभी मुस्कुरा कर ये रोई हुई है।

​ये कैसी नमी है जो चेहरे पे आई
कि उम्मीद ख़ुद को भिगोई हुई है।

​वहीं से क्यों टूटे हैं धागे वफ़ा के
जहाँ पर मुहब्बत पिरोई हुई है।

​दर्द की बेल ही अब उभरेगी कल भी
जो नफ़रत ज़मीं में ये बोई हुई है।

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...