Tuesday, December 23, 2025

नारी सामर्थ्य

मृदुता का यह आवरण नहीं,
यह तो अजेय संकल्प-धार,
पग-चाप मात्र है गूँज रही,
पर मूक हृदय में महा-प्रहार!

​संसृति के झंझावातों में,
जो मौन दीप-सी जलती है,
उसकी करुणा की छाँह तले,
ही युग की गरिमा पलती है।

​तुम उसे अबला कहते हो?
जिसने विषपान किया सहज,
कण कण की पीड़ा आत्मसात कर ,
रचती जो नित्य नया सृजन!

​पाषाणों को मधु-घट कर दे,
वह अश्रु-बिंदु की शक्ति अचल,
हिम-गिरि सा शीतल ध्येय यहाँ,
भीतर प्रलय का अनल प्रबल।

​वह शून्य नहीं, वह पूर्ण है,
इतिहासों का जो मौन पृष्ठ,
अपनी ही करुणा के बल पर,
सृजनहार को करती श्रेष्ठ!

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Sunday, December 21, 2025

देशप्रेम और मातृभूमि

देशप्रेम

देश? 
वह दीवारों का दायरा नहीं,
जिसे तुम 'घर' कहकर सजा लेते हो।
देश तो उस मिट्टी का मूक आह्वान है,
जहाँ से तुम्हारी हर साँस निकली है।
​यह केवल भूगोल की रेखाएँ नहीं,
जिन्हें मानचित्र पर खींचा गया हो।
यह उन नामहीन पुरखों का ऋण है,
जो इस धरती में शांत सो गए।

​देशप्रेम— 
क्या वह सिर्फ़ जयघोष है?
क्या वह केवल झंडे को फहराना है?
नहीं! 
यह तो हृदय की अनिवार्य पीड़ा है,
जब भी तुम अपनी जड़ों से दूर होते हो।
​मातृभूमि वह मौन समर्पण है,
जिसे तुम प्रतिदिन जीते हो।
अपने कर्म में, अपने सत्य में,
अपने श्रम और अपने विश्राम में।

चलो ! 
अपनी भूमि को केवल भोग नहीं,
उसे अपना पुण्य बना लो।
क्योंकि जिस दिन तुम प्रेम करना छोड़ दोगे,
उस दिन तुम अपनी पहचान गँवा दोगे।
​यह प्रेम कोई विकल्प नहीं है,
यह नियति है;
तुम्हारे जन्म की पहली और अंतिम शर्त।
जी लो, जी भर के इस कर्ज़ को चुका दो।

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Friday, December 19, 2025

मुक्ति

//ऐसा हो सकता है कि इन पंक्तियों को पढ़कर आपको ऐसा लगे कि मैं बहुत ही दुर्बल और वासनाओं से ग्रस्त  व्यक्ति हूँ।किंतु पूरी ईमानदारी से मैंने जो अनुभव किया वही लिखा है।//


मैंने चाहा
और इसके लिए प्रयत्न भी किये,
पर आँखें जाने क्यों
स्त्री-देह के आसपास ही ठहरती रहीं।
ज्ञान बार-बार कहता रहा
कि देह के पार ही
वास्तविक सुंदरता रहती है,
फिर भी मेरी दृष्टि
घूम-फिरकर वही पाती रही
जो चमकती है, दमकती है,
जो मुस्कुराती है, अदाएँ दिखाती,
इतराती, चलते समय
अपने ही प्रकाश में नहाई प्रतीत होती है।

मैं देख रहा हूँ
भीतर उठते विचारों का वेग,
कामनाओं की अचानक भड़कती लपटें,
उनका मन पर पड़ता दबाव,
और अपनी ही चेतना में
एक अप्रिय-सी बेचैनी।
सोचता हूँ
क्यों नहीं मुक्त हो पाता मैं
इन भौतिक लालसाओं से,
जबकि ज्ञान साफ लिखता है
कि देह क्षणिक है,
और स्थायी कुछ भी नहीं?

क्या यह मेरी दुर्बलता है?
या यह प्रकृति की कोई गहरी छाप,
कोई पुराना जैविक प्रोग्राम
जो मेरी इच्छा से पहले सक्रिय हो जाता है?

क्योंकि सच तो यह है
मनुष्य लाखों वर्षों के
अनुभवों से बना एक पशु भी है,
और उसी पशु-मन की परछाईं
मेरी आँखों में भी चमक उठती है
जब मैं किसी सुंदर, सजीली,
मुस्कुराती स्त्री को देखता हूँ।

क्यों ऐसा है कि
मेरे भीतर वह आकर्षण
उन देहों पर नहीं ठहरता
जो श्रम से काली पड़ी हैं,
जीवन की दागदार धूप में तपती रही हैं,
और जिनकी निर्धनता ने
सुंदरता को रूप नहीं 
संघर्ष का आकार दिया है?
क्यों वह आकर्षण
अधिकतर 
उन देहों पर ही टिक जाता है
जिन्हें समाज ने “सुंदर” कहा,
जिन्हें परदे पर चमकाया,
और विज्ञापनों में आदर्श बनाया?

मुझे लगता है
यह दोनों हैं।
जैविक भी,
सामाजिक भी।

एक देह में चमक को देखकर
मस्तिष्क कहता है—“यह स्वस्थ है।”
एक मुस्कान देखकर
मन कहता है—“यह ऊर्जा रखती है।”
त्वचा की कोमलता,
कमर का संतुलन,
चेहरे की समरूपता
सब कुछ संकेत बन जाता है
जिसे मैं ‘सुंदरता’ मान लेता हूँ
बिना सोचे, बिना समझे।

और फिर समाज
जिसने मेरी आँखों में
गोरेपन के पोस्टर चिपकाए,
विज्ञापनों में चमकदार देहें रखीं,
फ़िल्मों में आकर्षण को
स्त्री के आँचल में छुपाया,
ऐसे आदर्श बना दिये
जिनके सामने मेरा मन
कभी सहज, कभी असहज,
कभी अपराध-बोध से भरा हुआ
खड़ा रह जाता है।

मैं जानता हूँ
कि सौंदर्य केवल देह नहीं है।
मैं जानता हूँ
कि हर स्त्री एक दुनिया है,
उसके आँसू, उसका श्रम,
उसकी थकान, उसकी इच्छाएँ भी
उस सौंदर्य का हिस्सा हैं
जिसे मेरा मन अक्सर नहीं देख पाता।

लेकिन ज्ञान का जानना
और मन का मानना
दोनों कभी-कभी
एक-दूसरे के विरुद्ध चल पड़ते हैं।

तो क्या करूँ?
कैसे मुक्त होऊँ
उस लहर से जो
बिना पूछे उठती है,
बिना शर्माए माँगती है,
और बिना दया
मन की शांति को चुरा ले जाती है?

शायद मुक्ति का अर्थ
कामना का न होना नहीं है।
कामना मिट नहीं सकती
वह तो जीवन की पहली धड़कन है।
मुक्ति का अर्थ इतना-सा है
कि कामना मुझे चलाए नहीं,
मैं उसे देख सकूँ
जैसे कोई राहगीर
दूसरे राहगीर को देखते हुए
बस एक क्षण मुस्कुराता है
और आगे बढ़ जाता है।

शायद यही सीखना है
कि देह को देह की तरह देखना,
और मनुष्य को मनुष्य की तरह।
सुंदरता को त्वचा में नहीं,
उसके भीतर के
प्रकाश, संघर्ष, सरलता,
और उसके अपने होने में खोजना।

और शायद यही
धीरे-धीरे मुक्त करता है
क्योंकि देह की कामना
अपराध नहीं,
केवल एक स्वाभाविक लहर है;
अपराध तभी होता है
जब दृष्टि उसे
वस्तु में बदल दे।

मैं यह सब देख रहा हूँ,
जान रहा हूँ,
और हर दिन
थोड़ा-थोड़ा
अपने ही मन की
धुंध साफ कर रहा हूँ
कि शायद किसी दिन
मैं देह के पार
उस सुंदरता को देख सकूँ
जो देह से बड़ी है,
और शायद
देह से अधिक सच्ची भी।

तो हे स्त्रियों,
अभी निश्चित ही
मेरी दृष्टि 
आपकी देह पर टिक जाती है,
जैसे कोई अनगढ़ मन
पहले बाहरी चमक ही देखता है;
पर मैं निरंतर अभ्यासरत हूँ
देह के पार उस वास्तविक सुंदरता को देखने के लिए
जो आपके भीतर धड़कती है।

मैं प्रयत्न कर रहा हूँ
कि एक दिन
देह को देह,
और मन को मन
अलग-अलग देख सकूँ;
और मुझे विश्वास है
कि मैं सफल होऊँगा
क्योंकि यही वह दृष्टि है
जो मनुष्य को
सिर्फ देखने वाला नहीं,
देख पाने वाला बनाती है।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

ऐसा कुछ नहीं हो रहा है

ऐसा कुछ नहीं हो रहा है
जो तुमने नहीं चाहा था,
आगे भी तुम्हारी चाह से
इतर कुछ नहीं होगा।

तुमने ईश्वर चाहा
तो मंदिर बने,
तुमने शिक्षा चाही
तो विद्यालय बने,
तुमने स्वास्थ्य चाहा
तो अस्पताल बने,

तुमने दिशा चाही
तो मार्ग बनते गए,
तुमने प्रकाश चाहा
तो दीप जलते गए,
तुमने सत्य चाहा
तो ऋषि उठ खड़े हुए,
तुमने प्रश्न चाहा
तो शास्त्र लिखे गए।

तुमने खेत चाहा
तो ऋतु और बादल आए,
तुमने संगीत चाहा
तो वीणा और स्वर जन्मे,
तुमने प्रेम चाहा
तो कवि और कथाएँ बनीं,
तुमने न्याय चाहा
तो समाज और नियम जन्मे।

तुमने कल चाहा
तो वर्तमान आकार लेता गया,
तुमने उम्मीद चाही
तो इतिहास करवटें लेता गया,
तुमने स्वप्न चाहा
तो ब्रह्मांड तुम्हारे लिए
नई राह बनाता गया।

जीवन उतना ही है
जितना तुम चाह लेते हो,
उसी दिशा में बहता है
जिधर तुम दृष्टि रख देते हो।

इच्छा ही बीज है,
संकल्प ही भूमि है,
और कर्म
वह जल है
जो तुम्हारे ही हाथों से बहता है।

जो चाहोगे,
वही बनेगा।
जो ठानोगे,
वही होगा।
ब्राह्मांड उतना ही बदलता है
जितना तुम अपने भीतर
एक विचार बदल देते हो।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

राख से लिखी कविता

मैं यह कविता
स्याही से नहीं,
राख से लिख रहा हूँ—
क्योंकि इस देश में
दलित की देह
अक्सर राख बनाकर ही
समझी जाती है।

और राख
जब हवा से उड़ती है,
तो लोग कहते हैं—
"यह धूल है।"
पर मैं जानता हूँ—
यही धूल
सबसे पहले
धर्मग्रंथों की आँखों में
कड़ुवाहट घोलती है।

इस वर्ष,
दलित होने का अर्थ
एक बार फिर
मनुष्य होने से अलग कर दिया गया।
किसी सड़क पर
एक युवक को
केवल इसलिए
पीटा, बाँधा, घसीटा गया
क्योंकि उसने
ऊँची जात के आदमी की गाड़ी
चलाने से मना कर दिया था।

हिंसा इतनी पुरानी थी
कि उसकी भाषा भी पुरानी थी—
डंडे से पहले
अपमान बोला गया,
और अपमान के बाद
मूत्र पिलाया गया।

हाँ—
इस देश में
मनुष्य को मनुष्य न मानने की
सबसे सस्ती रस्म
आज भी
दलित के गले में डाली जाती है।

मैंने सुना—
किसी गाँव में
मंदिर की देहरी
एक बूढ़े दलित के पाँव देखकर
इतनी काँप गई
कि पुजारियों ने
उसे जमीन पर पटककर कहा—
“यहाँ देवता रहते हैं।
मनुष्य नहीं आते।”

और फिर हर कोई
देवता की तरफ़ देखकर
अपनी हत्या-सी चुप्पी
बचाकर चल दिया।

दलित की पीड़ा
व्यक्ति की पीड़ा नहीं—
एक ऐसी सभ्यता का अपराध है
जो आज भी सोचती है कि
रक्त की शुद्धि
जन्म से तय होती है,
कर्म से नहीं।

दलित की देह
सिर्फ़ शरीर नहीं—
एक लंबा, थका हुआ इतिहास है,
जिसमें हर पीढ़ी
अपनी चीखें जोड़ते-जोड़ते
मौन हो चुकी है।

पर मौन भी
अग्नि का एक प्रकार होता है।

अदालत के तराज़ू में
नाम हल्का पड़ जाता है
और उपनाम भारी—
क्योंकि कानून
जात नहीं देखता,
पर समाज
हर कानून को
जात में अनुवाद कर देता है।

दलित का जीवन
किसी चोट की तरह नहीं,
एक अनंत तपस्या की तरह है—
जहाँ हर दिन
अपमान
ओस बनकर गिरता है
और हर रात
घाव
नींद को काटते हैं।

मैंने कई दलित स्त्रियों को देखा—
वे बोलती नहीं,
पर उनकी आँखों में
इतनी आग है
कि वह
परंपरा की सबसे पुरानी दीवार
तोड़ सकती है।

मैंने दलित युवकों को देखा—
उनकी रीढ़ पर
लाठी के निशान नहीं—
संस्कृति की चोटें दर्ज हैं।
और उनकी चाल
धीमी नहीं—
बस भारी है,
इतिहास जितनी भारी।

मैंने दलित बच्चों को देखा—
वे मिट्टी में खेलते नहीं,
मिट्टी को पढ़ते हैं—
क्योंकि उन्हें पता है
कि मिट्टी में
उनके पुरखों की राख बसती है
और राख में
आग का वादा छिपा होता है।

मैं विद्रोही की शैली में
इतना ही नहीं कहता
कि यह दुख है;
मैं कहता हूँ—
यह चेतावनी है।

क्योंकि दलित की आत्मा
भले ही थकी हो,
पर थमती कभी नहीं।
और जब कोई आत्मा
इतिहास भर अपमान झेलकर भी
जीवित रहती है,
तो समझ लो—
वह आत्मा नहीं,
विद्रोह होती है।

हाँ—
इस देश की मिट्टी
आज भी यह सब होने देती है—
मूत्र पिलाना,
मंदिर में अपमान,
सड़क पर पिटाई,
खेत में हत्या—
पर यही मिट्टी
सबसे पहले
क्रांति का बीज भी पालती है।

और जब बीज फूटता है,
तो आग की तरह फूटता है।

मैं लिखता हूँ—

“यह देश
अगर दलित के अपमान पर
चुप रहेगा,
तो यह सभ्यता नहीं—
एक अपराध होगा।
और अपराध
एक दिन
अपने अपराधी को पहचान लेता है।”

दलित की देह आज
राख हो सकती है,
पर उसकी आत्मा—
आग है।

और आग
एक बार उठे,
तो किसी भी
सभ्य माने जाने वाले
असभ्य राष्ट्र को
जलाकर नया बना सकती है।

बस इतना ही

​यह केवल प्रकाश नहीं है,
यह समय का कठोर दावा है।
कि तुमने एक और अखंड निद्रा गँवा दी।
​सकारात्मकता? वह तो बस
सुबह की अखबार में छपा हुआ
एक अनिवार्य विज्ञापन है,
जिसे पढ़ता कोई नहीं— 
पर ख़रीदता हर कोई है।
​हम जानते हैं, भीतर कहीं,
कि उम्मीद एक अस्थायी पुलिंदा है
जो हमारी टूटी हुई यथार्थता को
क्षण भर के लिए जोड़े रखता है।
​इस असीम आकाश के नीचे,
मेरा होना— 
एक लघु-विवशता है।
हम अपने ही बुने हुए कोलाहल में
आँखें खोलते हैं,
और उसे 'नया जीवन' कह देते हैं।
कितना विडम्बनापूर्ण है यह आरम्भ।
​हर कदम जो हम बाहर रखते हैं,
वह सड़क को नहीं,
अपने भूतकाल को काटता है।
प्रेरणा वह बाहरी ध्वनि नहीं है,
जो हमें उत्साहित करे।
​प्रेरणा—
​वह भीतर का सूक्ष्म प्रतिरोध है;
वह अंतिम, अनैतिक दृढ़ता
जो कहती है:
"तुम असफल हो सकते हो,
किन्तु अस्तित्व को स्वीकार नहीं करोगे।"
​और यह युद्ध, 
यह गूढ़ अस्वीकृति ही
हमें अनवरत चलाती है।
क्योंकि आशा का जन्म,
किसी वरदान से नहीं,
जीवन के निर्धारित, 
क्रूर प्रतिबन्ध से होता है।
बस इतना ही।

ये रास्ते

ये रास्ते
कोई मृत रेखाएँ नहीं हैं—
ये समय की हथेलियों पर उभरी
दरारें हैं,
जहाँ हर पगचिह्न
किसी अधूरे स्वप्न का
काँपता हुआ हस्ताक्षर है।

इन रास्तों में उमड़ती धूल
सिर्फ़ मिट्टी नहीं,
यह उन आवाज़ों की राख है
जो कभी चीखी थीं
और हवा ने
उन्हें इतिहास बना दिया।
धूल जानती है
किस गाँव ने सबसे पहले
अपना नाम खोया था।

और यह आसमान—
कोई खाली विस्तार नहीं,
यह एक थका हुआ साक्षी है
जो हर युद्ध, हर पलायन,
हर अनकहे विद्रोह को
नीले मौन में
संभाले खड़ा है।
यह जितना खुला दिखता है
उतना ही बोझिल है।

रास्ते चलते हैं
धूल सहती है
और आसमान याद रखता है—
इसी त्रिकोण में
मनुष्य गढ़ा जाता है।

इसलिए
जब तुम कहते हो
“ये बस रास्ते हैं”,
तो तुम उनकी धड़कन नहीं सुनते।
जब तुम कहते हो
“बस धूल है”,
तो तुम उसकी स्मृति से डरते हो।
और जब तुम आसमान को
खाली समझते हो—
तब तुम अपने ही इतिहास से
नज़र चुरा रहे होते हो।

ये रास्ते, धूल और आसमान
दृश्य नहीं—
ये चलती-फिरती आत्माएँ हैं,
जो हर युग में
हमसे कुछ पूछती हैं
और उत्तर में
हमारी चुप्पी लिख लेती हैं।

Monday, December 15, 2025

सुनों मेरे युगपुरुष

पीड़ित से सवाल मत पूछो

मत पूछो उससे
क्यों निकली थी,
क्यों हँसी थी,
क्यों चुप रही थी—
ये सवाल नहीं हैं,
ये वही डंडे हैं
जिनसे अपराधी
अपनी पीठ खुजाता है।

घर में आग लगी
तो पंचायत बोली—
बताओ बहू,
तूने दिया क्यों जलाया था?
छप्पर राख हो गया,
बच्चे रो रहे हैं,
पर पहले हिसाब दे
दरवाज़ा बंद क्यों नहीं किया?

जिस पर पहाड़ टूटा
उसी से पूछते हो
वह खड़ा क्यों नहीं रहा,
जिसकी अस्मत लुटी
उसी से माँगते हो
संयम का प्रमाण!

भेड़िया आया,
खून बहा,
और गाँव ने ठुड्डी खुजाई—
“लगता है
मेढ़ा ही कमजोर था!”

उससे पूछते हो—
घूँघट ठीक था कि नहीं,
कपड़ा पूरा था कि नहीं,
हँसी ज़्यादा थी कि नहीं,
कदम तेज़ थे कि नहीं—
और जिसकी आँख
नियत से सड़ी थी,
जिसके हाथ
हिंसा से भरे थे,
उससे
एक सवाल भी नहीं?

साँप ने काटा
तो वैद्य बोला—
“पहले ये बता
नंगे पाँव क्यों चली थी?”
डूबती नाव में
तूफान से नहीं,
मल्लाह से नहीं—
डूबते से पूछते हो
तैरना आता था कि नहीं!

यह कैसी कचहरी है
जहाँ चीख
सबूत माँगती है,
और अपराध
परंपरा बन जाता है?

अरे समाज!
तेरा तराज़ू
इतना टेढ़ा क्यों है?
एक तरफ़
ताक़तवर अपराधी
साफ़ कपड़ों में बैठा है,
दूसरी तरफ़
लहूलुहान पीड़ित—
और तू कहता है
“वज़न बराबर नहीं!”

जब वह बोलती है
तो कहते हो—
“इतनी देर क्यों लगी?”
जब चुप रहती है
तो कहते हो—
“कुछ तो छुपा रही होगी!”
बताओ!
बोले तो भी दोष,
चुप रहे तो भी दोष—
फिर बचेगा क्या?

जिस दिन वह कहती है
“मेरे साथ अन्याय हुआ”
तू कहता है—
“इज़्ज़त चली जाएगी।”
अरे अंधे समाज!
इज़्ज़त
लुटने से नहीं जाती,
इज़्ज़त
तब मरती है
जब लुटे हुए को ही
कसूरवार ठहरा दिया जाता है।

सुनो!
पीड़ित कमजोर नहीं होती,
कमज़ोर होता है
वह समाज
जो ताक़तवर से सवाल
करने से डरता है।
पीड़ित चुप नहीं होती,
उसे चुप कराया जाता है—
रीति, डर, बदनामी
और तुम्हारे सवालों से।

याद रखो—
पीड़ित पर दोष डालना
कोई भूल नहीं,
कोई राय नहीं,
ये अपराध में
सीधी साझेदारी है।

और एक दिन
इतिहास पूछेगा—
जब अन्याय हुआ
तो तुम
किस तरफ़ खड़े थे?
उस दिन यह मत कहना
कि तुम तटस्थ थे,
क्योंकि
पीड़ित से सवाल करना
और अपराधी को छोड़ देना
तटस्थता नहीं,
कायरता है—
और कायरता
हमेशा अपराधी की
सबसे बड़ी दोस्त होती है।

Victim Blaming

पीड़ित से सवाल मत पूछो

मत पूछो उससे
क्यों निकली थी,
क्यों हँसी थी,
क्यों चुप रही थी—
ये सवाल नहीं हैं,
ये वही डंडे हैं
जिनसे अपराधी
अपनी पीठ खुजाता है।

घर में आग लगी
तो पंचायत बोली—
बताओ बहू,
तूने दिया क्यों जलाया था?
छप्पर राख हो गया,
बच्चे रो रहे हैं,
पर पहले हिसाब दे
दरवाज़ा बंद क्यों नहीं किया?

जिस पर पहाड़ टूटा
उसी से पूछते हो
वह खड़ा क्यों नहीं रहा,
जिसकी अस्मत लुटी
उसी से माँगते हो
संयम का प्रमाण!

भेड़िया आया,
खून बहा,
और गाँव ने ठुड्डी खुजाई—
“लगता है
मेढ़ा ही कमजोर था!”

उससे पूछते हो—
घूँघट ठीक था कि नहीं,
कपड़ा पूरा था कि नहीं,
हँसी ज़्यादा थी कि नहीं,
कदम तेज़ थे कि नहीं—
और जिसकी आँख
नियत से सड़ी थी,
जिसके हाथ
हिंसा से भरे थे,
उससे
एक सवाल भी नहीं?

साँप ने काटा
तो वैद्य बोला—
“पहले ये बता
नंगे पाँव क्यों चली थी?”
डूबती नाव में
तूफान से नहीं,
मल्लाह से नहीं—
डूबते से पूछते हो
तैरना आता था कि नहीं!

यह कैसी कचहरी है
जहाँ चीख
सबूत माँगती है,
और अपराध
परंपरा बन जाता है?

अरे समाज!
तेरा तराज़ू
इतना टेढ़ा क्यों है?
एक तरफ़
ताक़तवर अपराधी
साफ़ कपड़ों में बैठा है,
दूसरी तरफ़
लहूलुहान पीड़ित—
और तू कहता है
“वज़न बराबर नहीं!”

जब वह बोलती है
तो कहते हो—
“इतनी देर क्यों लगी?”
जब चुप रहती है
तो कहते हो—
“कुछ तो छुपा रही होगी!”
बताओ!
बोले तो भी दोष,
चुप रहे तो भी दोष—
फिर बचेगा क्या?

जिस दिन वह कहती है
“मेरे साथ अन्याय हुआ”
तू कहता है—
“इज़्ज़त चली जाएगी।”
अरे अंधे समाज!
इज़्ज़त
लुटने से नहीं जाती,
इज़्ज़त
तब मरती है
जब लुटे हुए को ही
कसूरवार ठहरा दिया जाता है।

सुनो!
पीड़ित कमजोर नहीं होती,
कमज़ोर होता है
वह समाज
जो ताक़तवर से सवाल
करने से डरता है।
पीड़ित चुप नहीं होती,
उसे चुप कराया जाता है—
रीति, डर, बदनामी
और तुम्हारे सवालों से।

याद रखो—
पीड़ित पर दोष डालना
कोई भूल नहीं,
कोई राय नहीं,
ये अपराध में
सीधी साझेदारी है।

और एक दिन
इतिहास पूछेगा—
जब अन्याय हुआ
तो तुम
किस तरफ़ खड़े थे?
उस दिन यह मत कहना
कि तुम तटस्थ थे,
क्योंकि
पीड़ित से सवाल करना
और अपराधी को छोड़ देना
तटस्थता नहीं,
कायरता है—
और कायरता
हमेशा अपराधी की
सबसे बड़ी दोस्त होती है।

Saturday, December 13, 2025

महारानी

वह एक स्त्री नहीं है,
वह स्मृति भी नहीं—
वह आदत है।

चौराहों पर खड़ी
एक शांति-सी आकृति,
जिसके चरणों में
प्रश्न अपने जूते उतार देते हैं।

समय बदला,
पर उसकी आँखों की पुतलियाँ नहीं—
वे आज भी
आदेश पढ़ती हैं।

संघर्ष को
शब्दों में बाँध दिया गया,
ताकि शब्द
हथियार न बनें।

इतिहास ने
धार को नाम दिया,
और नाम को
सुरक्षित बना दिया।

अब जो चक्र घूमता है
आस्था की धुरी पर,
वह घूमते-घूमते
वही वृत्त बना लेता है
जिसे कभी साम्राज्य कहा गया था।

धातु वही है,
बस आकृति बदली है।

सत्ता
हर युग में
माँ बन जाती है—
ताकि विरोध
संतान कहलाकर
आज्ञाकारी रहे।

हम जिये सपनों को

हम जिये सपनों को बस हवा में थामे हुए,
गिर न जाएँ कहीं—इस डर से सँभलते रहे।

मिट्टी भी कच्ची थी, मन भी ठहरा कमज़ोर,
मगर टूटे दिल को हम चुपचाप जोड़ते रहे।

रात अँधेरी थी, पर एक छोटी-सी लौ थी,
उसी मंद रौशनी में बिना रुके चलते रहे।

क्यों मिले वो—ये बात कभी समझ न आई,
हम उनकी यादों में धीरे धीरे जलते रहे।

तन्हाई अब तो बस किसी सूनी राह-सी है
अपने क़दमों की हर एक आहट गिनते रहे।

जो लोग आए थे बस कुछ पल ठहरने के लिए,
हम उनकी मिटती छाया में भी सवंरते रहे।

दिल पर अब भी वही एक सवाल ठहरा है
दर्द में तुम कहाँ थे?अकेले में हम सब सहते रहे।

रिश्ता टूटा तो जैसे आवाज़ टूट जाए,
हम अपनी ख़ामोशी को दिल में ही रखते रहे।

दिल से निकलना भी जैसे ढलती शाम हो,
हम रौशनी के आख़िरी टुकड़े निहारते रहे।

अब रातें ऐसे बीततीं जैसे धीमी बारिश,
हम अपने खाली आंगन में खड़े भीगते रहे।

मंदिर के बाहर राम

वह अतिउत्साही—
अपने साहस पर गर्व करता युवक,
स्वयं को राम का
अनन्य भक्त कहता था।

राम के नाम पर
उसकी नसों में
रक्त नहीं,
उबाल दौड़ता था।

कोई यदि राम के विरुद्ध
एक शब्द भी कह देता,
तो उसका धैर्य
क्षण भर में बिखर जाता।

प्रतिदिन की भाँति
राम–जानकी मंदिर में
पूजा के पुष्प अर्पित कर
वह अभिमान से भर उठता—
जैसे ईश्वर ने
आज फिर
उसी को चुन लिया हो।

धर्म की ध्वजा थामे
वह अपने
स्वरचित संसार में उतरता—
विजेता की तरह,
जहाँ प्रश्न अपराध थे
और आस्था
अंतिम प्रमाण।

पर मंदिर की सीढ़ियाँ
ज्यों ही पीछे छूटतीं,
चौराहे पर पहुँचते ही
उसकी शिष्टता
धूल में गिर जाती।

अकेली जाती
एक युवती पर
उसने फब्तियाँ उछालीं—
शब्द नहीं थे वे,
नुकीले पत्थर थे।

वह प्रतिकार करती
उससे पहले ही
वह भाग चुका था—
कायरता को
चपलता का नाम देकर।

घर पहुँचा तो
अपने ही भाई की भूमि पर
बलपूर्वक कब्ज़े के मामले में
न्यायालय का आदेश
उसकी प्रतीक्षा कर रहा था।

जब जाना कि
मुक़दमा हार गया है,
तो उसका क्रोध
सातवें आसमान के पार
जा पहुँचा।

फिर भी—
ईश्वर पर उसकी आस्था
अडिग थी।

वह मानता था,
ईश्वर
अवश्य उसके पक्ष में
न्याय करेगा।

खाटू श्याम मंदिर की दीवारों पर
लिखी पंक्तियाँ
उसके भीतर गूँज रही थीं—
“हर हारे का सहारा,
बाबा श्याम हमारा।”

और उसी सहारे ने
उसे इतना निर्भय कर दिया
कि माँ के सामने ही
उसने अपने भाई को
मार डाला।

माँ रोई—
हाँ, बहुत रोई।

लेकिन उसके चेहरे पर
पश्चाताप नहीं था,
एक विजयी मुस्कान थी—
जैसे उसने
कोई धर्मयुद्ध
जीत लिया हो।

वह फिर दौड़ा
राम–जानकी मंदिर—
पुष्प अर्पित करने,
क्योंकि उसका विश्वास था
यह सब कर गुजरने की शक्ति
उसे राम से ही
मिली थी।

रामचरितमानस के पाठ का आयोजन कर
उसने माता–पिता के चरणों में
शीश झुकाया—
और एक दिन
उन्हें
वृद्धाश्रम छोड़ आया।

मैं सोचता हूँ—
यदि उसने
बाहर बने मंदिर में
राम की पूजा करने के बजाय
अपने अंतर्मन में
राम को स्थान दिया होता,
तो शायद वह
रामभक्त नहीं,
राम होता।

लेकिन समाज—
हाँ, वही हमारा
तथाकथित सभ्य समाज—
उसे राम नहीं,
रामभक्त चाहिए।

इसलिए वह
हज़ारों मंदिर बनाता है,
पर राम को
हृदय में
नहीं बसाता।

मैं सोचता हूँ—
काश,
मंदिरों में यह व्यवस्था होती
कि पुष्प अर्पित करने के बाद
कोई गुरु
राम के आदर्शों का
एक छोटा-सा पाठ
पढ़ाता।

कि हर दर्शनार्थी
केवल माथा टेक कर नहीं,
थोड़ी देर ठहर कर
सुनता भी—

कि राम
स्त्री को सम्मान कहते हैं,
भाई को न्याय,
माँ को करुणा,
और शक्ति को
संयम।

काश,
हर मंदिर में
एक छोटा-सा
दार्शनिक शैक्षिक सत्र
अनिवार्य होता—

ताकि कोई
बाहर निकलते ही
राम को
पीछे न छोड़ आए।

क्योंकि
यदि राम
सचमुच हृदय में बसें,
तो शायद
मंदिरों के बाहर
इतनी हिंसा,
इतनी क्रूरता
न मिलती।

वो चाहता तो मर जाता

//*वो चाहता तो मर जाता*//

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि दुनिया को बता सके
कि अनाचार की दीवारें
सहनशीलता के रक्त से नहीं,
साहस की धमनियों से ढहती हैं।

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
क्योंकि उसे मालूम था
कि उसकी चुप्पी
अनेकों पीड़ित पीढ़ियों की मृत्यु-पत्री बन जाएगी,
और उसका एक शब्द
युगों की नींद तोड़ने वाली पहली पुकार।

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा—
ताकि यह प्रमाण बन सके
कि मनुष्य को मारना आसान है
पर उसकी जिद, उसका प्रतिरोध,
उसकी अंतर्मन की अग्नि
उसे कोई नहीं मार सकता।

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि वह अपने घावों के भीतर
छिपे हुए प्रकाश को पहचान सके,
और उसी प्रकाश से उन अंधेरों को
तिल-तिल काट सके
जिनका तानाशाही ने अनुबंध कर रखा था
भय और अंधविश्वास से।

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
क्योंकि वह जानता था
कि उसके जीवन का हर दिन
एक प्रतिज्ञा है,
एक प्रतिरोध है,
एक युद्ध है
जहाँ हथियार उसका शरीर नहीं,
उसकी चेतना थी।

वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि जिस आग में उसे जलाया गया था
उसे बुझने न दे,
और समय आने पर
उसी आग से भस्म कर दे
उन रूढ़ियों को, उन परंपराओं को, उन रिवाजों को
जिन्होंने मनुष्य से उसकी मनुष्यता छीन ली।

और अब
जब वह खड़ा है
अपने ही तप से बने उस उजाले में,
तो युग साक्षी है
कि एक जिंदा मनुष्य
पूरे इतिहास का दिशा-बोध
बदल सकता है।

     -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

रिश्तों के सौदागर

रिश्तों के सौदागरों से

सुनो!
तुम्हारे सीरियल
कहानी नहीं,
उल्टी-सीधी पहेलियाँ हैं—
जिन्हें सुलझाते-सुलझाते
समाज की समझ
टूट जाती है।

तुमने रिश्तों को
इतना मोड़ दिया है
कि अब
माँ शक है,
बहन साज़िश,
बहू हथियार
और स्त्री—
स्त्री की दुश्मन!

हर शाम
तुम स्क्रीन पर
एक नया षड्यंत्र टाँग देते हो—
जहाँ स्त्री
स्त्री के ख़िलाफ़
जहर घोलती दिखती है,
जैसे प्रेम
उसके स्वभाव में
कभी था ही नहीं।

बताओ कथाकारो—
यह कौन-सी समाजशास्त्र है
जहाँ
औरत की सबसे बड़ी दुश्मन
औरत ही बनाई जाती है?
क्या पुरुष
तुम्हारी कहानियों में
इतने निर्दोष हैं
या इतने ताक़तवर
कि दिखाने की ज़रूरत ही नहीं?

तुम्हारे धारावाहिकों में
घर नहीं होता,
शतरंज की बिसात होती है—
जहाँ हर रिश्ता
एक चाल है,
हर मुस्कान
पीठ में छुपा खंजर।

तुमने
साज़िश को संस्कार,
चुप्पी को शील,
और पीड़ा को
नारीत्व घोषित कर दिया—
और इसे कहते हो
पारिवारिक मनोरंजन!

अरे!
जिस समाज में
रिश्ते भरोसे से चलते हैं,
तुम वहाँ
अविश्वास का बीज
प्राइम टाइम में बोते हो—
फिर कहते हो
समाज बिगड़ क्यों रहा है?

तुम्हारी कहानियों में
स्त्री अगर साथ दे
तो कमज़ोर,
अगर सवाल करे
तो चरित्रहीन,
अगर चुप रहे
तो महान—
और अगर लड़े
तो पटकथा से बाहर!

सुनो!
स्त्रियाँ
एक-दूसरे की दुश्मन नहीं,
वे तो
सदीयों से
एक-दूसरे की ढाल रही हैं—
यह ज़हर
तुम घोल रहे हो,
और इसे
कहानी कह रहे हो।

मैं कविता नहीं लिख रहा,
मैं तुम्हारी
कथात्मक साज़िशों का
पोस्टमार्टम कर रहा हूँ—
ताकि समाज देख सके
कि रिश्ते मर नहीं रहे,
उन्हें मारा जा रहा है।

याद रखो—
जब आने वाली पीढ़ी
रिश्तों पर विश्वास करना भूल जाएगी,
तो इतिहास
तुमसे यह नहीं पूछेगा
कितनी टीआरपी थी,
वह सिर्फ़ पूछेगा—
तुमने
समाज को
क्या सिखाया?

छाया और दीप

वह कहता था
वह प्रेम में है।
और प्रेम उसके लिए
एक दीवार पर टँगी तस्वीर था,
जिसे वह
सीने से लगाकर
अपने ही उजाले में नहाता था।

उसकी रातें
स्मृतियों की धूप में जलती थीं,
वह नाम जपता था
जैसे कोई मंत्र
जो सुनाई तो दे
पर स्पर्श न करे।

घर में
एक स्त्री थी
जो प्रश्न नहीं थी,
उत्तर बनकर बैठी थी।
पर उसे
उत्तर कभी भाए नहीं,
उसे तो
भटकते प्रश्नों से प्रेम था।

वह एक को देख
हँस पड़ता,
दूसरी की उपस्थिति से
दिन
थका-सा हो जाता।
एक आँखों में स्वप्न थी,
दूसरी हाथों में यथार्थ
और उसे
स्वप्नों का भार
हल्का लगता था।

फिर समय बदला।
आकाश से
स्मृतियों की धूप हटी
और जीवन में
दुःख की रात उतरी।

उसने पुकारा
उस नाम को
जो कभी उसकी साँस था,
पर वहाँ
केवल प्रतिध्वनि थी,
कोई हाथ नहीं।

तभी
घर के दीप ने
अपनी लौ थरथराते हुए
अँधेरे में जगह बनाई।
वह स्त्री
उसकी पीड़ा के पास बैठी
कुछ कहे बिना
रात भर जलती रही।

आज
उसी मौन चेहरे में
उसे शांति मिली
जैसे
भटके यात्री को
चाँद की ठंडी रोशनी।

तब समझ आया
धूप जिनसे प्यार करती है
वे छाया में साथ नहीं देते,
और जो दीप
अँधेरे में जलते हैं
वही
जीवन भर उजाला करते हैं।

-देवेंद्र प्रताप वर्मा ‘विनीत’

Tuesday, December 9, 2025

शिकायत

शिकायत थी कि 
वो मिलते नही हैं
जो मिल रहे हैं
वो सुनते नही हैं
जो सुन रहे हैं 
वो कुछ करते नही हैं
अब जबकि कर रहे हैं
तो फिर से बहुत शिकायत है
कि काफ़ी दिनों से वही कर रहे हैं 
उन्हें हटाया जाए
और उनकी जगह पर 
किसी दूसरे शख़्स को लाया जाए।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Sunday, December 7, 2025

अंतिम इच्छा

//*अंतिम इच्छा*//

कुछ स्त्रियों की अंतिम इच्छा थी,
कि मृत्यु उपरांत उन्हें जलाया न जाए,
अपितु उन्हें दफनाया जाए
उनके बाबुल के गाँव की मिट्टी में।

​उनकी बेटियों की भी यही अधीर अंतिम इच्छा थी,
कि उन्हें भी मरने के बाद,
अग्नि को समर्पित न किया जाए,
बल्कि दफनाया जाए;
ठीक उसी जगह पर,
उनकी माँ के बाबुल के गाँव,
माँ के ठीक बगल में।

​वे रोना चाहती थीं;
माँ की छाती से लिपटकर,
माँ के सीने से लगकर,
मरणोपरांत भी।
​ऐसा नहीं था कि जीवन भर,
उनकी आँखों ने अश्रु नहीं बहाए थे
वे रोई नहीं थीं
वे रोई थीं,
हाँ, बहुत रोई थीं;
किंतु, शेष रह गया था अभी रोना,
उस पीड़ा की घुटन के कतरे का,
आँसू बनकर आँखों से बहना;
जो पत्थर सा जम गया था उनके अंतःस्थल में-
उसका पिघलना अभी बाकी था।

​इसलिए वे रोना चाहती थीं,
माँ की गोद में,
माँ के गले लगकर,
मृत्यु के पार भी।
​कह देना चाहती थीं वह सब कुछ,
जो वे आजीवन किसी से न कह पाईं-
न अपनी माँ से, 
न अपनी बहन से,
और न ही उस सत्ता से, 
जिसे संसार
उनका परमेश्वर कहता है।

​वे रोना चाहती थीं—
ताकि मुक्त हो सके उनकी पीड़ा,
जो कैद हो गई थी उनकी रूह में, 
उनकी आत्मा में।
आखिर, 
पीड़ा का कर्ज भी तो था उन पर;
उसी के सहारे तो वे जी पाईं जीवन भर।
​किंतु... उनकी अंतिम विनती पूरी न की गई,
और उन्हें मरने के बाद दफनाया न गया
निर्ममता से जला दिया गया।

इस तरह मुक्त न हुई उनकी पीड़ा;
वह तैर रही है इन हवाओं में,
बसी हुई है इस धरा के कोने-कोने में।
​जब किसी नीरवता में,
अकारण, अनायास ही,
मेरी आँखों से टपक जाती हैं आँसुओं की कुछ बूँदें,
तो मैं समझ नहीं पाता हूँ कि आखिर क्यों—
या शायद मैं समझ जाता हूँ कि आखिर क्यों।

​ये आँसू उस पीड़ा के हैं, 
जो मुक्त नहीं हो पाई;
ये आँसू उन स्त्रियों के हैं, 
जिनकी अंतिम इच्छा थी,
कि मरने के बाद उन्हें जलाया न जाए,
बल्कि दफनाया जाए—
अपनी माँ के ठीक बगल में।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

आग जला नही हैं सीने में सुरक्षित है

सुबह का सूरज
हर देह पर बराबर नहीं उगता—
कुछ देहों पर
वह धूप नहीं,
सदियों का कोयला लेकर उतरता है,
जैसे किसी अधोवर्ण मनुष्य के कंधों पर
इतिहास का बोझ
हर दिन नया होकर चढ़ जाता हो।

मैं देखता हूँ—
किसी गाँव की गली में
एक “धूल-जन” बच्चा
अपनी छाया को नाप रहा है।
छाया बराबर है—
पर उसे बताया गया है
कि छाया भी
जन्म की सीढ़ियाँ गिनती है।

तालाब के किनारे
एक “रेत-वंश” की स्त्री
अपना घड़ा भरने जाती है।
पानी पारदर्शी है,
पर उसकी पारदर्शिता के भीतर
एक पुरानी दीवार खड़ी है—
जो कहती है,
“यहाँ पानी सबका है,
पर स्पर्श किसी-किसी का।”

इसी खेत के पार,
जहाँ हवा को अपना घर लगना चाहिए,
एक पीला सरसों का फूल
चुपचाप खिलकर
अपने बगल में पड़े भूरे पत्थर से पूछता है—
“यदि हम दोनों मिट्टी की संतान हैं,
तो मुझे छूना पूजा
और उसे छूना अपराध
क्यों लिखा गया है?”

पर पत्थर
किसी अदालत की तरह चुप है—
जहाँ फ़ैसले से पहले
उपनाम पूछे जाते हैं।

कभी मैं देखता हूँ—
किसी अँधेरी रात में
एक वंचित शरीर
सपनों का दरवाज़ा खटखटाता है।
दरवाज़ा आधा खुला है,
आधा जला हुआ—
जैसे इतिहास कह रहा हो:
“अंदर आना है
तो पहले अपने रक्त में दर्ज
पुरखों की पीड़ा को पहचानो।”

रास्ते भी
समान नहीं होते—
एक रास्ता रोशनी की ओर जाता है,
दूसरा परछाइयों की ओर।
पर अधोवंश का यात्री
जब रोशनी चुनता है,
हर कदम पर
अतीत का काँटा
उसकी एड़ी में अपना नाम लिख देता है।

मैं कविता की नरम राख में
उंगलियाँ डुबोकर लिखता हूँ—
अन्याय के पास
हजारों रूप होते हैं:
कभी वह रास्ता छोटा कर देता है,
कभी सीढ़ियाँ लंबी,
कभी दरवाज़े पर ताला,
और फिर कहता है—
“चाबी तुम्हें खोजनी है,
पर चाबी कहाँ रखी है,
यह मैं तय करूँगा।”

शहर की अदालत में
तराज़ू के पलड़े बराबर हैं,
पर एक में “अस्मिता” रखी है,
दूसरे में “उपनाम”—
और उपनाम
हमेशा भारी साबित होता है।

किसी स्कूल के बाहर
“पसरी हुई जाति” का बच्चा
अपनी बोतल में
नीला आसमान कैद करना चाहता है,
पर शिक्षक कहते हैं—
“पहचान
नाम से नहीं,
जाति से शुरू होती है।
पहले वह बताओ।”

मैं विद्रोही की तरह कहता हूँ—
कि यह देश
जिसकी मिट्टी
भीम की प्रतिमाओं से भरी है,
वहीं किसी धूल-जन की साँस
अब भी हवाओं में तौलकर दी जाती है—
जैसे न्याय
बाज़ार में बिकने वाली कोई वस्तु हो।

लेकिन यह भी उतना ही सत्य है—
जहाँ-जहाँ
अन्याय की कीलें ठोकी गईं,
वहीं-वहीं
“धूल-जन” के सपनों में
लोहे से भी कठोर संकल्प उगा।

आज भी
एक रेत-वंश की स्त्री
चूल्हा नहीं जलाती—
वह आग को
अपनी आँखों में सुरक्षित रखती है।

आज भी
एक वंचित युवक का दिल
इतना दृढ़ है
कि वह अकेले
परंपरा की सबसे ऊँची दीवार
धक्का देकर गिरा सकता है।

और मैं जानता हूँ—
जिस दिन
धरती का यह “नीच घोषित मनुष्य”
अपनी पीठ सीधी कर
सूरज की ओर चलने लगेगा,
उस दिन इतिहास
अपना अध्याय बदलेगा—
और असमानता
किसी भी किताब में
दुबारा दर्ज नहीं होगी।

क्योंकि
धूल-जन की आँखों में जो आसमान है,
वह नीला नहीं—
वह न्याय का रंग लिए हुए है,
जो चिंगारी बनकर
एक दिन अवश्य उजाला होगा।

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...