//*वो चाहता तो मर जाता*//
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि दुनिया को बता सके
कि अनाचार की दीवारें
सहनशीलता के रक्त से नहीं,
साहस की धमनियों से ढहती हैं।
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
क्योंकि उसे मालूम था
कि उसकी चुप्पी
अनेकों पीड़ित पीढ़ियों की मृत्यु-पत्री बन जाएगी,
और उसका एक शब्द
युगों की नींद तोड़ने वाली पहली पुकार।
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा—
ताकि यह प्रमाण बन सके
कि मनुष्य को मारना आसान है
पर उसकी जिद, उसका प्रतिरोध,
उसकी अंतर्मन की अग्नि
उसे कोई नहीं मार सकता।
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि वह अपने घावों के भीतर
छिपे हुए प्रकाश को पहचान सके,
और उसी प्रकाश से उन अंधेरों को
तिल-तिल काट सके
जिनका तानाशाही ने अनुबंध कर रखा था
भय और अंधविश्वास से।
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
क्योंकि वह जानता था
कि उसके जीवन का हर दिन
एक प्रतिज्ञा है,
एक प्रतिरोध है,
एक युद्ध है
जहाँ हथियार उसका शरीर नहीं,
उसकी चेतना थी।
वो चाहता तो मर जाता,
लेकिन वह जिंदा रहा
ताकि जिस आग में उसे जलाया गया था
उसे बुझने न दे,
और समय आने पर
उसी आग से भस्म कर दे
उन रूढ़ियों को, उन परंपराओं को, उन रिवाजों को
जिन्होंने मनुष्य से उसकी मनुष्यता छीन ली।
और अब
जब वह खड़ा है
अपने ही तप से बने उस उजाले में,
तो युग साक्षी है
कि एक जिंदा मनुष्य
पूरे इतिहास का दिशा-बोध
बदल सकता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment