एक चिड़िया
घोंसला बदलती है
उसे लगता है
हवा
पुराना पता भूल जाएगी
लेकिन
कुछ साए
डाकियों से भी ज़्यादा
पते याद रखते हैं
वह
बच्चों को
अक्षर सिखाती रही
उधर
एक आदमी
अपने भीतर
एक ही शब्द पालता रहा
अधिकार
एक दिन
विद्यालय का फाटक
किताब की तरह खुला
और भीतर
एक झूठ
अपना परिचय देता हुआ
प्रवेश कर गया
उसके बाद
इतिहास नहीं हुआ
सिर्फ़
लोहे ने
देह पर
अपना हस्ताक्षर किया
ब्लैकबोर्ड
उस दिन
पहली बार
सफ़ेद नहीं,
राख जैसा लगा
चॉक
बच्चों की उँगलियों में
धीरे-धीरे
डर बन गई
घंटी
बहुत देर तक बजती रही
जैसे समय
अपने ही कानों को
जगाना चाहता हो
कहा गया
न्याय आएगा
मैंने देखा,
न्याय
हमेशा
घटनास्थल पर नहीं,
फ़ाइलों में
सबसे पहले पहुँचता है
और हर बार
एक स्त्री से कहा जाता है
रास्ता बदल लो
कोई यह नहीं कहता
भेड़िए से
उसका जंगल
छीन लो।
No comments:
Post a Comment