Tuesday, May 19, 2026

पंथ को मत बांधने दो

पंथ को मत बाँधने दो
ये सुनहरे मोह-बंधन
प्राण में जो गूँजती है
वह नहीं केवल सिहरन।
ढूँढता जो देह में ही 
रूप की सुंदर कहानी
जो न समझे आत्मा के
मौन आँसू की निशानी
उस क्षितिज की ओर अपने
पग कभी बढ़ने न देना
जो समझ पाए कभी न 
शुचि हृदय की अमर वाणी।

तुम न केवल रक्त-मांसल
तुम अनश्वर ज्योति-कण हो
इस धरा की धूलि में तुम
चेतना का दिव्य क्षण हो।
क्यों बनो तुम क्रय की वस्तु
तुम स्वयं में पूर्ण गरिमा
तुम अमित संसार का स्वर
तुम प्रकृति की दिव्य महिमा।

तोड़ दो यह स्वर्ण-पिंजर 
यह सुनहरी शूल ही है
जो विहग को कैद कर ले
वह गगन की भूल ही है।
पंख खोलो, नाप डालो
तुम तमस का छोर सारा
तप-शिखा बनकर जलो अब
यह जगत तो धूल सारा।

क्रांति की वेला बनो तुम
न्याय का उद्घोष बनकर
शांत कर लो हृदय अपना
प्रेम का आशीष पाकर।
काली बनकर तिमिर हर लो
गौरी बन उषा जगाओ
मुक्त आत्मा की विमल तुम
दिव्य शुचि आलोक लाओ!

सखि! उसी मनमीत की बस
खोजना तुम एक छाया
जो न छूकर लौट जाए
देह की नश्वर सी काया।
जो झुके उस भाल पर हो 
प्रीति का अभिमान अंकित
जो सँभाले मौन रहकर, 
वेदना की विकल माया।

जो अधर की प्यास से 
पहले पढ़े मस्तक की भाषा,
जो जगा दे प्राणों की 
सुप्त स्थिर अभिलाषा
मौन रहकर पंथ पर जो
दीप-सा सहता प्रतीक्षा
प्रेम से उत्तीर्ण कर ले
जो जगत की हर परीक्षा।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...