Saturday, May 31, 2025

लक्ष्य को साधे हुए हैं

कामयाबी चूमती है ऐसी आंखों को सदा
जो पलक झपकाए बिना लक्ष्य को साधे हुए हैं।

आसमां में छाने की क़वायद में कई तल्लीन हैं
वो शिखर पर है जो कदम जमीं से बांधे हुए हैं।

मेरी हालत देखकर वैद्य जी ने सच कहा
बहुत काम से नही आप तनाव से आधे हुए हैं।

घर की जिम्मेदारियां अब अपने सर उठा लो
देखो जरा मां बाप के कब से झुके कांधे हुए हैं।

बढ़ रहा आतंक असुरों का धरा पर हद से ज्यादा
सुराधिपति देवगण क्यों चुप्पियां साधे हुए हैं।

बांसुरी बजाता प्यारा साँवला हर दिल में है
वो ही जान पाते हैं जो चित्त से राधे हुए हैं।

               - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Friday, May 30, 2025

जुल्मों सितम से जंग वक़्त की पुकार है

जुल्मो सितम से जंग वक़्त की पुकार है
जो मूक हैं जीवित नहीं ज़मीर को मारे हुए हैं।

तटस्थ रहकर जो समझते हैं कि जीत जाएंगे
बड़ी गफ़लत में हैं वो, असल मे हारे हुए हैं।

रोजी रोटी की फ़िकर में आ गए परदेस में 
आंख से दूर कितने आंखों के तारे हुए हैं।

रहनुमा कोई नही  सबकी मंजिल है अलग
संग केवल आसमा के चमकते सितारे हुए हैं।

पीर में लिपटे हुए शब्द गीतों में ढलें हैं
ये चंद लम्हें है जो तेरे साथ गुजारे हुए हैं।

स्वप्न और आंसू दोनों से नजर को प्रेम है
एक भी टूटे अगर तो पथ में अंधियारे हुए हैं।

कोई सहारा न मिलेगा मत जाना मंझधार में
टकराकर लहरों से तिनके कबके किनारे हुए हैं।

         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Thursday, May 29, 2025

जिंदगी को गले से लगाया जाए

जिंदगी को गले से लगाया जाए
ग़म बांटकर चलो मुस्कुराया जाए।

अलग थलग पड़े हैं अपने आप में
दोस्तों को मिलने बुलाया जाए।

महफ़िल में छलके जवानी के ज़ाम
गीत भूला कोई गुनगुनाया जाए।

जिन घरों तक पहुंचती नही चाँदनी
हौसला जुगनुओं का बढ़ाया जाए।

पत्थरों की चौखट पे जो ना मिले कुछ
दिलों को मंदिर बनाया जाए।

बेटियां सृष्टि हैं उनकी रक्षा करो
बेटों को जनम से सिखाया जाए।

जा रही सरहदों पर जवानों की टोली
फूल राहों में चलकर बिछाया जाए।

'विनीत' नफरतों से नहीं कुछ हासिल
प्रेम के गीत हर घड़ी गाया जाए।

Tuesday, May 27, 2025

सच्ची शान

हर क्षण गांधी नेहरू का अपमान ढूंढते हैं
खुद कभी लड़े नही और अभिमान ढूंढते हैं।

युद्ध की लालसा में नेत्रहीन हो चुके हैं
सीमाओं पर कितने मरे जवान ढूंढते हैं।

मंदिरों में अब ऐसे लोगों की बड़ी भीड़ है
विष बांटकर जो शिव का वरदान ढूंढते हैं।

खून के प्यासे हुए हैं छोटी सी तकरार पर
चुपचाप कैसे लेनी है जान ढूंढते हैं।

ये वही लोग हैं जिन्होंने बस्तियां तबाह की
गरीब है कि उनमें अपना भगवान ढूंढते हैं

राज कोई और करे और तख्त पर बैठे कोई
कठपुतलियों की तरह बेजुबान ढूंढते हैं।

उनमे खुद में झांकने की हिम्मत नही जरा भी
जो पकड़ने को औरों के गिरहबान ढूंढते हैं।

गांव में मां बाप का महल पड़ा वीरान है
हम हैं कि शहर में छोटा मकान ढूंढते हैं।

'विनीत' वतन के नाम कर दे अपनी जिंदगी
इसी में हम तेरी सच्ची शान ढूंढते हैं।

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Monday, May 26, 2025

खंजर बनाये जा रहे हैं

लोहा पिघलाकर खंजर बनाये जा रहे हैं
उपजाऊ जमीन को बंजर बनाये जा रहे हैं।

आंखों में चुभ रही है झुग्गी झोपड़ी गरीब की
अमीरों के आलीशान मंजर बनाये जा रहे हैं।

बढ़ रही आबादी बेरोजगारी और गरीबी भी
रोग ये भारत को अस्थिपंजर बनाये जा रहे हैं।

झूठ में उलझा रहे न कह सके सच बात कोई
जहन में रोज सैकड़ो पिंजर बनाये जा रहे हैं।

विपत्तियों के हल नही, व्यर्थ की उछल कूद है
जंगल के महाराज जो बंदर बनाये जा रहे हैं।


       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Sunday, May 25, 2025

लौटकर आना चाहते हैं

अपनी अपनी तकदीर आजमाना चाहते हैं
बेटे बड़े हो गए घर छोड़कर जाना चाहते हैं।

बुढ़ापे की दुश्वारियों में खामोश हैं माँ-बाप
बुलंदियों पर बेटों को पहुंचाना चाहते हैं।

भूख कम हो गई है और आंख नम है
बच्चों के साथ रोज खाना खाना चाहते हैं।

आजकल ऐसी खबरों से अख़बार भरा है
बुजुर्गों को लोग नही अपनाना चाहते हैं।

गुमान है जिनको शहरों की चहारदीवारी पर
उनको अपना गांव हम दिखाना चाहते हैं।

लोग परिवार से टूटकर बंटते जा रहे हैं
न जाने कौन सा शुकून पाना चाहते हैं।

जीवन के संघर्ष में आनंद कैसे पाना है
दादी दादा कहानियां सुनाना चाहते हैं।

'विनीत' हमने देखी है बेबसी उन परिंदों की
आ नही सकते जो लौट कर आना चाहते हैं।

          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Friday, May 23, 2025

माँ के लाल फिर से पुकारे जा रहे हैं

जीत का जश्न मनाने सारे जा रहे हैं
असलियत में तो जंग हारे जा रहे हैं।

नजर है जमीन पर चंद पूंजीपतियों की
रोज कितने आदिवासी मारे जा रहे हैं।

कुछ राज है उस पार के हमले न रुक रहे
इस पार से घुसपैठ के इशारे जा रहे हैं।

सहारों पे यकीन बहुत करना नादानी है
छोड़कर मझधार में किनारे जा रहे हैं।

वो तो अंधेरी बस्तियों में रोशनी बरसाए
हिस्से में जिनके चांद सितारे जा रहे हैं।

उठो इंक़लाब लाओ फिर से बदलाव का
माँ के लाल फिर से पुकारे जा रहे हैं।

'विनीत' नही छिप पायेगा नूर-ए-हिज़ाब में
सबके चेहरों से नक़ाब उतारे जा रहे हैं।

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Thursday, May 22, 2025

कहाँ हैं

धूप से बचाने के दस्तख़त कहाँ हैं
यहां सिर्फ दीवारें हैं छत कहाँ है।

आंखें पथरा गई हैं राहत की आस में
सरकार को गए हजार खत कहाँ हैं।

बेशर्त मान ली जाती तेरी सारी बात
तू चलता किसी कायदे के तहत कहाँ है

जड़ से खत्म कीजिये न बख़्शिये कभी
दग़ाबाज़ी की यूं ही जाती लत कहाँ है।

माँ बाप बंटवारा आखिर रोक ले कैसे
घर परिवार में सभी एक मत कहाँ हैं।

             -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

जीवन पावन मुस्काएगा

कहाँ कौन बच पाएगा
जब मौसम आग लगाएगा

नदियों की पीड़ा का क्रंदन
सागर में जाग जाएगा

पल्लवित प्रलय होगा विशाल
लहरों का तांडव छाएगा।

अंधी प्रगति का शीशमहल
एक झोंके में ढह जाएगा

पर्वत छांटे जंगल काटे
किसके आश्रय में जायेगा

सब हैं शामिल बर्बादी में
कौन किसे समझाएगा

कोई प्रकृति का रखवाला
हाँ सच्ची बात बताएगा

थम सकता है विध्वंस अगर
कुदरत को अमल में लाएगा

प्रत्येक जीव की है धरती
कोई एक नही टिक पाएगा

जो समझ गया मानव 'विनीत'
जीवन पावन मुस्काएगा।

   -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

गुनाहगार

आज इस ख़बर से भरा अखबार है
सजा देने वाला ही गुनाहगार है।

कोई फूटी कौडियों के लिए मोहताज है
किसी के घर मिला नोटों का अंबार है।

बिक जाती है हर शै जो कोई ठान ले
तुम्हारा शहर है या कि कोई बाजार है।

फरेब की दुनिया है फिर परख लीजिये
जिसने हाथ बढ़ाया है वो मददगार है।

कागज बनाये जाते हैं पेड़ काटकर
सड़कों पे बिखरे कागजों में इश्तेहार है।

ये गहरी साजिश है भीतर की सेंधमारी
खतरे में घर नही घर का पहरेदार है।

'विनीत' कहाँ जाए किससे करे शिकवा
वो भी बहुत मजबूर है जो दर्द-ए-यार है।

-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Monday, May 19, 2025

अब रात क्यों है

सब तरफ होठों पे यही बात क्यों है
सुबह हो गई है तो अब रात क्यों है।

जो अमन के फरिश्ते हैं दोनों तरफ
तो फिर से यद्ध के हालात क्यों है।

है जगह एक की एक ही रह सकेगा
बाहर दिल के इतनी बारात क्यों है।

वादा किया था गरीबों के हक में
अमीरों की झोली में खैरात क्यों है।

अंधेरों ने लूटी है अस्मत पहर की
दिए से आखिर सवालात क्यों है।

लिखा है जहर या मुक्कदर में अमृत
ख्याल में गुजरती सारी रात क्यों है।

विनीत बख्श दो है ये जिंदगी तुम्हारी
स्वयं के लिए इतने आघात क्यों है।

             -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

राम नाम को जीने वाला

अभी खड़ा है पर्वत बनकर 
कभी तो घुटने टेक मिलेगा
है अमीर पर तेरी खातिर 
सारी दौलत फेंक मिलेगा।

लड़ने वाले बहुत मिलेंगे 
सुलह करे कोई एक मिलेगा
पत्थर मारो दिल को तोड़ो 
नेक रहा है नेक मिलेगा।

परख सकोगे अपने मन को 
बुद्धि और विवेक मिलेगा
चर्चाओं में है अनेक जो
मूल भाव में एक मिलेगा।

राम नाम को जपने वाला 
हर घर में प्रत्येक मिलेगा।
राम नाम को जीने वाला 
ऐसा कोई एक मिलेगा।

 -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Sunday, May 18, 2025

प्रेम

नदियों की बहती धारा में 
सावन का इक गीत छुपा है
हरियाली के दृश्य समेटे 
वसुधा का मनमीत छुपा है।

नैनों से मोती छलकाता
करके कोई प्रीत छुपा है
हृदयों में आनंद जगाता
जीवन का संगीत छुपा है

प्रेम से बढ़कर कुछ भी नही है
जग को ये समझाय रहा है
बरसाने में राधिका के संग
मोहन रास रचाय रहा है।

कृष्ण की भक्ति में डूबा 
नित राधे राधे गाय रहा है।
सबकुछ खोकर खाली होकर
सबकुछ आखिर पाय रहा है।

मन जीता मैं हारा

निशदिन की है यही कहानी
द्वंद्व हजारों खींचा तानी
नित नई है राह बनाता
एक कदम पर चल नही पाता
जाग जाग कर सो जाता है
अंधियारों में खो जाता है।
अंतस का उजियारा, मन जीता मैं हारा।

आंखों में है सूर्य सुनहरा
पर आलस का बादल गहरा
रश्मि प्रखर को खा जाता है
आशाओं पर छा जाता है।
बल बुद्धि को छेक रहा है
साहस घुटने टेक रहा है
हंसता है अंधियारा, मन जीता मैं हारा।

जुगनू को मनमीत बना चल
उम्मीदों का दीप जला चल
ले संकल्प प्रेममय पावन
आत्मलुभावन राह पकड़ चल
तन का बंधन टूट रहा है
मन का कैदी छूट रहा है
देख दृश्य अतिप्यारा, मैं जीता मन हारा।


                     -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

रंग सारे फूल पराग गए

कुछ जाग गए
कुछ भाग गए
कुछ रुके 
लगाके आग गए
कुछ संकल्पों की
बलिवेदी पर
सब कुछ अपना
त्याग गए
कुछ मौन रहे
ना बोले कुछ
बुझते उनके भी
राग गए
कुछ बैठे
छिपकर मौसम से
हिस्से से सावन फ़ाग गए
जब पहुंचे मंजिल पर देखो
रंग सारे फूल पराग गए।

           -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

आंखे दिखाओ मत

हमेशा आंखे दिखाओ मत
ठीक लिखा है मिटाओ मत

और भी है भूखें तुम्हारे सिवा
पेट भरा हो तो खाओ मत

कुछ नही जो दुआ ही सही
खाली हाथ घर आओ मत

रूठा नही है झूठा है वो
हर बार उसको मनाओ मत

झगड़े बड़ें हों जितने चाहे
हथियार घर में लाओ मत

नफरत से प्यार मिलेगा नही
आग से आग बुझाओ मत

आये हो अपनी कहो बेझिजक
महफ़िल में नजरें चुराओ मत

जो भी होगा अच्छा ही होगा
'विनीत' इतना घबराओ मत।

                    -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...