Thursday, May 22, 2025

गुनाहगार

आज इस ख़बर से भरा अखबार है
सजा देने वाला ही गुनाहगार है।

कोई फूटी कौडियों के लिए मोहताज है
किसी के घर मिला नोटों का अंबार है।

बिक जाती है हर शै जो कोई ठान ले
तुम्हारा शहर है या कि कोई बाजार है।

फरेब की दुनिया है फिर परख लीजिये
जिसने हाथ बढ़ाया है वो मददगार है।

कागज बनाये जाते हैं पेड़ काटकर
सड़कों पे बिखरे कागजों में इश्तेहार है।

ये गहरी साजिश है भीतर की सेंधमारी
खतरे में घर नही घर का पहरेदार है।

'विनीत' कहाँ जाए किससे करे शिकवा
वो भी बहुत मजबूर है जो दर्द-ए-यार है।

-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...