माँ मरी थी।
घर में शोक होना था,
स्मृतियों का दीप जलना था।
पर आँगन में रिश्तों की नाप-जोख थी।
कौन अलग?
कौन साथ?
किसका खर्च?
किसकी थाली?
माँ की चिता की राख
अभी ठंडी भी न हुई थी
कि बेटों के भीतर अहंकार जल उठा।
कहा गया
यह सब आत्मा की शांति के लिए है।
पर आत्मा यदि कहीं थी,
तो शायद रो रही होगी।
जिस माँ ने चार बेटों को एक कोख में रखा,
उसके जाने के बाद
चार बेटे एक चूल्हे पर भी साथ न बैठ सके।
फिर एक गोली चली।
और शोकसभा में एक और मृत्यु जुड़ गई।
माँ की अर्थी के पीछे चलने वाला बेटा
माँ के पास पहुँच गया।
पीछे रह गए एक बूढ़े पिता।
दस दिन पहले पत्नी गई थी।
आज बेटा चला गया।
कल जब वे मरेंगे,
शायद मृत्यु से नहीं,
अपने पीछे छूट जाने वाले लोगों से डरेंगे।
कैसा समय है यह?
जहाँ भोज बचा है,
पर करुणा नहीं।
रीति बची है,
पर रिश्ते नहीं।
लोग आत्मा की शांति खोजते हैं,
और जीवित मनुष्यों को अशांति दे जाते हैं।
मुझे लगता है,
उस दिन माँ नहीं मरी थी।
मरी थी वह सीख,
जो माँ ने पहला निवाला तोड़ते समय सिखाई थी
मिल बाँटकर खाना।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment