नाव और नदी का
क्या संबंध है?
न कोई वचन,
न कोई अधिकार।
बस एक यात्रा।
नदी बहती है,
नाव बहती नहीं
बहने को
स्वीकारती है।
जाने क्यों लगता है,
तुम नदी हो
अपनी ही धुन में
अनवरत,
अपने ही रहस्य में
डूबी।
मैं नाव हूँ
तुम पर टिका,
तुमसे अलग।
तुम्हें छूता हुआ,
तुम्हें पा न सकने वाला।
मेरी हर दिशा में
तुम हो,
मेरे किसी ठिकाने में
नहीं।
और शायद प्रेम
यही है
किसी के जल पर
जीवन भर चलना,
बिना उसे
अपना कहे।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment