Saturday, June 13, 2026

गिलहरियां

! गिलहरियां !

हम गिलहरियाँ हैं
मत हँसो हम पर कि
हमारे कणों से पुल नहीं बनते।
हम जानती हैं
समुद्र हमारी मुट्ठी से बड़ा है,
लहरें हमारी देह से ऊँची हैं,
और वे शिलाएँ
जिन्हें वानर उठाते हैं,
हमारे स्वप्नों से भी भारी हैं।
फिर भी
जब युग कोई सेतु रचता है,
हम तट पर बैठकर
तमाशा नहीं देखतीं।
हम अपनी पीठ पर
थोड़ी-सी रेत उठाती हैं,
और चल पड़ती हैं
उस दिशा में
जहाँ श्रम
प्रार्थना बन रहा होता है।

हमें मालूम है
हमारे कणों से
समुद्र नहीं पटेगा,
पर इतना भी मालूम है कि
निष्क्रिय खड़े रहने से
आत्मा छोटी हो जाती है।
हम पुल बनाने नहीं,
अपने हिस्से का धर्म निभाने आती हैं।

हम इतिहास में
शिलाओं की तरह नहीं लिखी जाएँगी,
न कोई हमारे पराक्रम के गीत गाएगा।
पर जब आने वाली पीढ़ियाँ पूछेंगी
जब समय तुम्हें पुकार रहा था, 
तब तुम कहाँ थीं?
तो हम कह सकेंगी
हम वहाँ थीं, 
जहाँ मनुष्य और वानर 
असंभव को संभव बना रहे थे।
हम छोटी थीं, 
पर अनुपस्थित नहीं थीं।
यही हमारे कणों का अर्थ है।

पुल चाहे हमसे न बना हो,
पर उस पुल में हमारी निष्ठा भी गुँथी है,
जैसे विशाल दीप में 
एक सूक्ष्म लौ का भी अपना प्रकाश होता है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...