धीमा सा उजास है
दूर नहीं वो मुझसे,
बस इतना सा अहसास है।
मैं भी टूटा, तू भी टूटा,
फिर भी कुछ बाकी रहा,
शायद उसी शेष में ही
जीवन का विश्वास है।
जो अपने थे बिछुड़ गये
जैसे धूप ढल जाती है,
आँखों की चुप झीलों में,
स्मृति लहर बन जाती है।
रोक न पाया वक़्त को,
सब रेत-सा बहता गया
खाली हाथों में फिर भी
एक धड़कन सी रह जाती है।
नाम, मान, अभिमान सभी
पत्तों जैसे झरते हैं,
पाने वाले भी अक्सर,
खोकर ही तो निखरते हैं।
जब भीतर चुप बैठा मैं,
खुद से ही मिल पाया तब
टूटे दर्पण में अब जैसे,
सच्चे चेहरे उतरते हैं।
दर्द मिला तो सीखा मैंने,
दिल को खोल जलाना क्या
प्रेम मिला तो जाना मैंने,
चुप रहकर मुस्काना क्या।
हार मिली तो झुकना सीखा,
मौन मिला तो सुनना सीखा,
खोकर ही समझ आया
खुद को फिर से पाना क्या।
अब न कोई रोष शेष,
न जीत का अभिमान रहा,
बहते-बहते मन भीतर,
शांत सा एक गान रहा।
जिसको ढूँढा जग भर में,
वो चुपचाप यहीं बैठा था,
आँखें मूँदीं तो जाना
मैं ही अपना स्थान रहा।
दिल की गहराई में कोई
धीमा सा उजास है,
दूर नहीं वो मुझसे,
बस इतना सा अहसास है।
No comments:
Post a Comment