Monday, September 21, 2026

भेदी

! भेदी !

दीवारें तो सिर्फ़ देखती हैं,
वे कभी गवाही नहीं देतीं।
पर घर की पुरानी दरारें,
अक्सर सारा रास्ता बता देती हैं।

नक्शे कभी खुद लीक नहीं होते,
वे अलमारियों में ही महफूज़ रहते हैं।
पर जिन्हें हम चाबियाँ सौंपते हैं,
वही ज़मीन का ढलान जानते हैं।

कोई जहाज़ इसलिए नहीं डूबता
कि समंदर बहुत बड़ा था।
वह इसलिए डूबता है
कि उसकी पतवार के पास एक छोटा-सा छेद था।

दरख्त को आरी से उतना डर नहीं लगता,
जितना उस दीमक से,
जो उसकी जड़ों के भीतर
चुपचाप एक नया घर बनाता है।

हम अपने चारों तरफ़ बुनते हैं
सावधानियों की एक ऊँची बाड़।
लोहे के कवच पहनकर घूमते हैं,
और सोचते हैं कि हम सुरक्षित हैं।
पर सुरक्षा की आख़िरी कड़ी वहीं टूटती है,
जहाँ हम थककर मुस्कुराते हैं,
और किसी बहुत आत्मीय को
अपने कमज़ोर कोनों का पता बताते हैं।

समय के पास एक अदृश्य डायरी है,
वह हर ऊँची आवाज़ को दर्ज करता है।
आज जो किसी के फिसलने पर हँसे,
कल वह खुद ढलान पर खड़ा मिलता है।

क़िले कभी सामने के हमलों से नहीं ढहे,
वे हमेशा पीछे के छोटे रास्तों से हारे हैं।
तुम्हें जिसने भी गिराया,
वह कोई अजनबी नहीं, 
तुम्हारा अपना ही आईना था।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

बयान

वह एक चमकती हुई सभ्यता थी
हम उसे दूर से देखते थे
सोचते थे, 
हमारा भी हिस्सा होगा
वहाँ बड़े रचनाकार थे
ऊँची किताबें थीं
एक सुंदर भाषा थी
प्रेम और बदलाव से भरी हुई
पास जाकर देखा
तो फटी कमीज़ खड़ी थी
महानता के पीछे
एक चालाक मन छिपा था।

वे न्याय की बात करते थे
पर पुरखों का वैभव बचाते थे
उनका दुख
एक ख़ास वर्ग की बेचैनी था
वे हमें टोकते रहे
चुप रहने की सलाह देते रहे
कहते रहे
सहृदय बनो
ताकि उनका संगीत न बिगड़े।

पर अब हम बोलेंगे
अपनी साधारण आवाज़ में
छोड़ देंगे वह भाषा
जो हमें अदृश्य रखती है
जब व्यवस्था दोबारा देखी जाएगी
कोई बड़ा आख्यान काम नहीं आएगा
सिर्फ देखा जाएगा
किसके हिस्से कितनी ज़मीन आई।

कोई बहुत ऊँची आवाज़ नहीं है
न कोई बड़ा दावा है
बस, इस चुप करा दिए गए समय में,
बराबरी की उम्मीद के साथ
एक निडरता है मन में,
और अपनी ही तरह का एक प्यार।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

एंबुलेंस

! एम्बुलेंस!

बारिश की पतली सलाखों के पीछे
अस्पताल चमक रहा था।
पार्किंग में
एक आदमी बैठा था
गोद में नहीं,
एक स्ट्रेचर पर
अपनी पूरी गृहस्थी लिए।

स्ट्रेचर पर
उसकी पत्नी थी
देह इतनी स्थिर
कि उसके आसपास की दुनिया
और तेज़ भागती हुई लगती थी।

आठ बरस की बच्ची
माँ के पैरों के पास बैठी थी
उसकी उँगलियाँ
माँ की एड़ी पर ठहरी थीं
मानो थोड़ी-सी गर्मी
वहाँ अभी बची हो।

पास एक पिल्ला
बारिश से सिकुड़ा हुआ
उसी देह के पास बैठा था
मनुष्य दूर खड़े थे
पिल्ला पास।

आदमी की जेब में
कुछ मुड़े हुए काग़ज़ थे,
पर घर तक जाने के लिए
एक वाहन नहीं था।
अस्पताल के भीतर
मृत्यु का प्रमाणपत्र
शायद तैयार हो रहा था।
बाहर
मृत्यु स्वयं
स्ट्रेचर पर इंतज़ार कर रही थी।

ऊपर टँगी रोशनियाँ
बारिश में काँप रही थीं
जैसे शहर की आँखों में
अचानक कोई अँधेरा उतर आया हो।
किसी ने पूछा नहीं
कि घर कितनी दूर है।
किसी ने नहीं पूछा
कि बच्ची की रात कहाँ कटेगी।
बस पानी था
जो लगातार गिर रहा था
और धीरे-धीरे
स्ट्रेचर के पहियों को धो रहा था।

शायद व्यवस्था को
सबसे अधिक यही आता है
दुख को छूना नहीं,
उसके चारों ओर
पानी बहा देना।

और वह आदमी
एक मृत स्त्री के साथ
एक अदृश्य वाहन की प्रतीक्षा में था।
उसकी बेटी
माँ को देख रही थी।
पिल्ला
माँ को देख रहा था।
और अस्पताल की दीवारें
दोनों को देखकर
चुप थीं।

उस दिन
बारिश में भीगता हुआ
एक स्ट्रेचर नहीं था
एक पूरा समाज था
जिसे घर पहुँचने के लिए
अब भी किराया चाहिए था।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

कबीले की राख

कबीले की राख
एक बच्चे की देह
सड़क पर पटकते हुए
एक आदमी ने
सिर्फ एक जीवन नहीं तोड़ा था—
उसने मनुष्य के भीतर बची
एक छोटी-सी रोशनी
पत्थर पर दे मारी थी।
कैमरा चुप था,
पर उसने सब देख लिया।
कानून आया—
उसने रक्त से सना दृश्य उठाया,
उसे साक्ष्य की तरह तह किया,
और अपराधी को
लोहे की एक ठंडी सलाख
के पीछे रख दिया।
फिर
वर्दी पीछे हट गई।
तराजू आगे आया।
क्योंकि सभ्यता
यही तो है—
कि तलवार हाथ में होने पर भी
वह न्यायालय की चौखट पर
उसे म्यान में रख दे।
लेकिन कहीं दूसरी सड़क पर
वही दृश्य फिर जन्मा।
इस बार
कैमरा अकेला नहीं था—
भीड़ की आँखों में
पुरखों की गुफाएँ चमक रही थीं।
वर्दी ने
कानून की किताब उतारकर
लाठी उठा ली।
और भीड़ ने
लाठी को
न्याय का दूसरा नाम दे दिया।
बस इतना-सा अंतर था—
एक तरफ अपराध था,
दूसरी तरफ अपराधी का नाम।
नाम के आगे
धर्म का एक रंग लगा,
और अचानक
लहू का रंग बदल गया।
कितनी विचित्र सभ्यता है—
जहाँ हत्या
मृतक की देह से नहीं,
हत्यारे की पहचान से
मापी जाती है।
अपने कबीले का हत्यारा
मंदिर की सीढ़ियों पर
फूल पा सकता है,
पर दूसरे कबीले का अपराधी
भीड़ की आँखों में
मनुष्य होने का अधिकार भी खो देता है।
फिर धीरे-धीरे
कानून की दीवार में
एक महीन दरार पड़ती है।
पहले
किसी और के लिए।
फिर
किसी अजनबी के लिए।
फिर
किसी विरोधी के लिए।
और अंततः
वही दरार
हमारे अपने दरवाज़े तक पहुँचती है।
तब थाने की घंटी
न्याय नहीं बुलाती—
डर जगाती है।
और वर्दी
रक्षक से बदलकर
उस आदिम आग की रखवाली करने लगती है
जिसे सभ्यता ने
हजारों वर्षों में
बुझाया था।
याद रखो—
कानून की सबसे बड़ी परीक्षा
अपने अपराधी को दंड देना नहीं है;
सबसे कठिन क्षण वह है
जब सामने वाला
तुम्हारा शत्रु हो,
तुम्हें उससे घृणा हो,
और फिर भी
तुम उसके लिए
वही तराजू बचाकर रखो
जिस पर
एक दिन तुम्हें भी तौला जाना है।
क्योंकि जिस दिन
न्याय की आँख
अपराध से पहले
चेहरा देखने लगेगी,
उस दिन
अदालतें खड़ी रहेंगी,
किताबें भी रहेंगी,
वर्दियाँ भी रहेंगी—
लेकिन उनके भीतर से
सभ्यता धीरे-धीरे
कबीले की राख में बदल चुकी होगी।

चरित्रहनन

! चरित्रहनन !

पहले
वे दीवारों पर लिखते थे
अब
वे चेहरों पर लिखते हैं।

किसी के माथे पर
एक शब्द रख देते हैं
देशद्रोही
अराजक
विदेशी।

फिर
लोग
उस आदमी का चेहरा नहीं देखते
वे
वह शब्द पढ़ते हैं।

सवाल
धीरे-धीरे
भीड़ से बाहर चला जाता है।
और
वह आदमी
भीड़ के बीच
अकेला रह जाता है।

उसकी आवाज़
उतनी ही होती है
जितनी पहले थी
लेकिन
उसके चारों ओर
शोर बढ़ जाता है।
इतना
कि आवाज़
सुनाई नहीं देती।

मैंने देखा है,
सच
अक्सर
बहुत साधारण कपड़े पहनता है।

वह
किसी मंच पर नहीं चढ़ता
वह
बस
एक प्रश्न पूछता है
और
उसी क्षण
कई लोग
उस प्रश्न का उत्तर नहीं,
उस आदमी का इतिहास
खोजने लगते हैं।

शायद
यही सबसे आसान तरीका है
प्रश्न से बचने का।

जब उत्तर न हो,
तो
प्रश्न पूछने वाले का
चरित्र लिख दो।

फिर
सच
कुछ देर के लिए
अकेला पड़ जाता है।
लेकिन
वह
मरता नहीं।

वह
किसी साधारण आदमी की जेब में
मुड़ी हुई पर्ची की तरह
बचा रहता है।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दरार

दरार
पहले दीवार में नहीं पड़ती।
वह विश्वास में पड़ती है।

नदी
पहले किनारा नहीं तोड़ती।
वह नींद तोड़ती है।

दीमक
पहले लकड़ी नहीं खाती।
वह लापरवाही खाती है।

एक चिड़िया गिरती है।
तब पता चलता है
आकाश कब से बीमार था।

एक दीप बुझता है।
तब दिखाई देता है
हवा का पक्ष।

कुएँ में
अँधेरा बहुत पहले उतर चुका था।
खबर
बाद में आती है।

यहाँ
घंटी पहले नहीं सुनी जाती।
उसकी गूँज
किसी अनुपस्थिति के बाद सुनी जाती है।

यहाँ
संकेत पर्याप्त नहीं होते।
एक शोक चाहिए।
एक नाम चाहिए।
एक चेहरा चाहिए।
मानो
हर मरम्मत से पहले
एक टूटन।
हर जागरण से पहले
एक स्वप्नभंग।
हर सुधार से पहले
एक चिता।

और तब
कहा जाता है
देखो,
अब समय आ गया है कुछ करने का।

— देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मरीचिका

! मरीचिका!

प्रकाश ने कहा
उधर देखो।

प्यास ने देखा।
रेत चमक रही थी।

वह चल पड़ी।
बहुत दूर तक।

साँझ हुई।
पता चला
अंधेरा नहीं,
प्रकाश ही
भटका रहा था।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

उधार की आँखें

! उधार की आँखें !

किसी ने
एक जीवित चेहरे पर
एक शब्द लिख दिया
फिर उस शब्द को
इतनी बार दोहराया
कि चेहरा ही मिट गया।

आवाज़ से
एक वाक्य काटकर
पूरे मनुष्य का अर्थ बना दिया गया।

भीड़ हँसती रही,
और दूर कहीं
एक नदी सूखती रही
फिर वह चेहरा
लंबी धूप में निकला
पसीने ने
दूसरों की लिखी स्याही धो दी
तब पहली बार
भीड़ ने आदमी को देखा,
उस पर लिखा हुआ शब्द नहीं।

और आईना चुपचाप पूछता रहा
हमने उसे देखा था
या किसी और की आँखों से
देखना सीख लिया था?

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

पानी

! पानी !

गाँव के बीचोंबीच
एक बहुत पुराना कुआँ था
उसके पानी पर
आकाश सबके लिए एक था
लेकिन घड़े
अलग-अलग रखे थे
कुछ घड़ों पर
चाँदी की गर्द थी
कुछ पर पीतल की चमक
और कुछ
मिट्टी में ही पड़े रहते थे
जैसे धरती ने
उन्हें अभी तक
अपना नाम न दिया हो।

कुएँ की जगत पर
एक बूढ़ी लकीर थी
किसी ने बताया
इसे पार मत करना
किसने खींची थी 
कोई नहीं जानता था
कितनी पुरानी थी
इतनी
कि उसके भीतर
लोगों की याद से ज्यादा
उनका डर जमा था।

एक दिन
एक आदमी आया
उसने
न कोई शंख बजाया
न कोई मंत्र पढ़ा
उसने बस
सारे घड़ों को
कुएँ में उलट दिया
पानी में
पहले हलचल हुई
फिर मिट्टी घुली
फिर पीतल
फिर चाँदी
और अंत में
केवल पानी बचा।

लोग चौंके
किसी ने कहा
पानी अपवित्र हो गया
वह हँसा
उसने हथेली में
वही पानी लिया
और पूछा
अगर पानी को
छूने से आदमी बदल जाता है
तो बारिश
किसके घर उतरती है 
आकाश चुप रहा
पेड़ चुप रहे
कुएँ की सीढ़ियों पर
बैठी काई तक
कुछ देर के लिए
अपना हरा रंग भूल गई
फिर उसने
मंदिर की ओर देखा
वहाँ पत्थर का एक देवता था
जिसके सामने
सैकड़ों वर्षों से
दीप जलते थे
दीप के पीछे
एक अँधेरा था
इतना स्थायी
कि लोग उसे
ईश्वर की छाया समझने लगे थे
वह आदमी
दीप के सामने नहीं गया
वह अँधेरे के पास बैठा
और देर तक
उसे देखता रहा
फिर बोला
जिस प्रकाश को
एक मनुष्य से दूसरे मनुष्य तक
जाने के लिए
दरवाज़े की अनुमति चाहिए
वह प्रकाश नहीं
किसी महल की चौकीदारी है।

उसने
दीवार पर उँगली रखी
वहाँ
सैकड़ों छोटे-छोटे खाने थे
हर खाने में
एक नाम बंद था
कुछ नामों पर
सिंदूर था
कुछ पर राख,
कुछ पर चंदन
और कुछ नाम
बिना किसी निशान के
अँधेरे में पड़े थे
उसने दीवार नहीं तोड़ी
उसने केवल
एक-एक करके
उन खानों के दरवाज़े खोल दिए।
अंदर से
नाम नहीं निकले
मनुष्य निकले।

उस दिन
गाँव में कोई उत्सव नहीं हुआ
बस
एक लड़की ने
पहली बार
अपने पैरों से
वह रास्ता चुना
जिस पर चलने की
उसे कभी अनुमति नहीं दी गई थी।

एक लड़के ने
पहली बार
किसी के सामने
अपना सिर नहीं
अपनी आँखें झुकाईं
और एक बूढ़े ने
अपने संदूक से
वह पुरानी मुहर निकाली
जिसे वह
पीढ़ियों से विरासत समझकर
संभालता आया था।

उसने उसे देखा
फिर कुएँ में फेंक दिया
मुहर पानी में डूबी नहीं
वह कुछ देर
सतह पर तैरती रही
जैसे सदियों का झूठ
डूबने से पहले
आखिरी बार
अपना चेहरा देख रहा हो।

अगली सुबह
बारिश हुई
कुएँ में
आकाश उतर आया
किसी ने पूछा
अब यह पानी किसका है ?
बूढ़ा आदमी मुस्कराया।
उसने कुएँ में देखा
और कहा
जिसे प्यास लगी है
उसका
और शायद
उस दिन
कुएँ ने पहली बार जाना
पानी को
पवित्र होने के लिए
किसी मनुष्य से
अनुमति नहीं चाहिए।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

पुरुष और प्रकृति

! पुरुष और प्रकृति !

पुरुष
जब अपने भीतर थक जाता है
तो प्रकृति की छाया में
चुपचाप बैठ जाता है
वह वृक्ष से नीचे नहीं होता,
वह अपनी छाया के पास होता है।

नदी के किनारे बैठना
नदी से हारना नहीं
अपने भीतर के शोर को
बह जाने देना है
पर्वत के सामने झुकना
पर्वत को छोटा करना नहीं
अपनी ऊँचाई का भ्रम
उतार देना है।

बीज
मिट्टी के भीतर जाता है
अंधकार में उतरता है
वहीं उसका अहं गलता है
वहीं अंकुर जन्म लेता है
पुरुष भी
जब प्रकृति के पास झुकता है,
तो पराजित नहीं होता
वह अपने भीतर के
विजेता को छोड़ता है।

वह जानता है
जो नदी को बाँधना चाहता है,
वह नदी को नहीं,
अपने भय को बाँधता है
जो आकाश को मुट्ठी में भरना चाहता है,
वह आकाश नहीं,
अपनी सीमा से लड़ता है
प्रकृति के चरण
मिट्टी हैं
और मिट्टी के पास
हर ऊँचाई बराबर है
वहाँ पर्वत भी है,
वहाँ कण भी।

वहाँ पुरुष
अपना नाम उतार देता है
और केवल
एक मनुष्य बचता है
शायद आध्यात्मिक यात्रा यही है
पुरुष का प्रकृति से मिलना नहीं,
अपने भीतर के कठोर पुरुष को
प्रकृति में विलीन करना
जहाँ झुकना
हार नहीं रहता
जहाँ समर्पण
बंधन नहीं रहता
जहाँ प्रकृति
स्त्री नहीं,
सृष्टि की मौन धड़कन होती है
और पुरुष
उस धड़कन के पास बैठकर
पहली बार
स्वयं को सुनता है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

चरित्र

! चरित्र !

जनता का चरित्र
नेता की आँखों में
दिखता है
नेता का चरित्र
सरकार की भाषा बनता है
सरकार की भाषा
दफ्तरों की दीवारों पर
लिखी जाती है
फिर वही भाषा
फाइलों में उतरती है
और फाइलों से
फैसले निकलते हैं
एक मुहर लगती है
एक जिंदगी बदलती है
कहीं उम्मीद टूटती है
कहीं घर उजड़ता है
कहीं न्याय
एक और तारीख बन जाता है।

हम कहते हैं
अफसर दोषी है।
अफसर कहता है
आदेश था
सरकार कहती है
व्यवस्था ऐसी है
नेता कहता है
जनता यही चाहती है।

और जनता ?
जनता चुप रहती है
क्योंकि
मामला अपना नहीं है
यहीं से
अन्याय जन्म लेता है
किसी अदालत में नहीं
किसी संसद में नहीं
हमारे छोटे-छोटे
समझौतों में
जब गलत आदमी
अपना हो जाता है
जब सही आदमी
अजनबी हो जाता है
जब कानून
दूसरों के लिए होता है
और रास्ता
अपने लिए।
तब सच
अकेला पड़ जाता है
न्याय
धीरे बोलता है
झूठ
लाउडस्पीकर लेकर
निकलता है
सच के पास
सबूत होते हैं
झूठ के पास
भीड़
सच के पास
प्रश्न होते हैं
झूठ के पास
नारे।

फिर हम पूछते हैं
देश क्यों बदल नहीं रहा?
व्यवस्था क्यों नहीं बदल रही?
शायद व्यवस्था
हमसे अलग नहीं है
वह हमारा ही
बड़ा रूप है
हम जैसा सोचते हैं,
वैसा नेता चुनते हैं
नेता जैसा चलता है,
वैसी सरकार बनती है
सरकार जैसा करती है,
वैसा तंत्र सीखता है
और तंत्र जैसा करता है,
वैसा समाज
सहन करना सीखता है।

फिर एक दिन
हम आईने के सामने
खड़े होते हैं
चेहरा वही होता है
बस पद बदल जाते हैं
कुर्सियाँ बदल जाती हैं
नाम बदल जाते हैं
और आईने के पीछे
एक सवाल बचा रहता है
दोषी कौन है?

शायद
वह भीड़,
जो गलत के साथ
खड़ी रही
शायद
वह सत्ता,
जो सच से
डरती रही
शायद
वह कलम,
जो आदेश से
भारी हो गई
या शायद
वह हम,
जिन्होंने अन्याय को
देखा भी,
पहचाना भी,
और फिर
चुप रह गए
क्योंकि
सच बोलने की कीमत थी
और चुप रहने की
सिर्फ सुविधा।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

विधर्मी की आवाज

! विधर्मी की आवाज !

सड़क पर एक गड्ढा था,
गहरा, गंदा और बदबूदार
उसमें जमा था बारिश का पानी,
और फड़क रहे थे कुछ मच्छर।

एक राहगीर ने उंगली उठाई,
कहा
मालिक, 
यह पहिया तोड़ता है।
राजमहल के पहरेदार चौंके
उन्होंने गड्ढे को नहीं देखा,
उंगली उठाने वाले का नाम पढ़ा
नाम में अलिफ़ और बे की बू थी
दरबारियों ने फौरन शास्त्र खोले
गड्ढा अब महज़ गड्ढा नहीं था,
वह एक अंतरराष्ट्रीय साज़िश था,
शाही पहिए को गिराने का कुचक्र था।

इंजीनियर बुलाए नहीं गए,
तारकोल मंगाया नहीं गया
आदेश हुआ
इस गड्ढे को धर्मग्रंथ से ढको!
शोर मचा,
मंजीरे बजे,
नगाड़ों ने घोषणा की
सवाल पूछना अधर्म है,
सवाल पूछने वाला विधर्मी है।

सलाखों ने झपटकर
उस राहगीर को लील लिया,
जिसकी आँखों में गड्ढे का अक्स था।
वीरता का तमगा चमका,
छाती दो इंच और फूली
मुस्कुराए नगर-श्रेष्ठ,
क्योंकि सवाल अब जेल में था
सड़क पर गड्ढा अब भी वहीं है,
पानी अब भी सड़ांध मार रहा है
फर्क बस इतना है,
अब उसमें कीचड़ नहीं,
सियासत की कालिख भरी है,
और सामने..
एक नई दुर्घटना मुँह बाए खड़ी है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

रिश्वत और भ्रष्टाचार

! रिश्वत और भ्रष्टाचार !

एक नेता
अरबों की योजना निगल गया
राजकोष की नसों में
सन्नाटा उतर आया,
नदी
काग़ज़ पर बाँध बन गई,
और बाँध
काग़ज़ पर ही
सिंचाई करने लगा।

उसी सुबह
अख़बार के प्रथम पृष्ठ पर
एक चमकती हुई सुर्ख़ी थी
सरकारी कर्मचारी
पाँच सौ रुपये रिश्वत लेते
रंगे हाथ पकड़ा गया।

पाँच सौ रुपये
एक छोटी-सी रकम,
पर अपराध पूरा था
किसी नागरिक के अधिकार पर
रखी गई वह हथेली
निर्दोष नहीं थी।

लेकिन प्रश्न यह नहीं
कि उसे क्यों पकड़ा गया।
प्रश्न यह है
पाँच सौ की रिश्वत
पूरे पृष्ठ की खबर कैसे बनी,
और अरबों की लूट
समाचार बनने से पहले ही
मौन में क्यों विलीन हो गई?

एक अधिकारी ने
मिट्टी का सौदा किया।
खेत
नक्शों में छोटे होते गए,
मेड़ें
काग़ज़ों से मिटती गईं,
और जहाँ कभी
फसल हवा से बातें करती थी,
वहाँ बहुमंज़िल इमारतें
आकाश को बाँटने लगीं।
करोड़ों की दलाली
शहर की शक्ल बदल गई।

अगले दिन खबर थी
सरकारी अधिकारी
पाँच हज़ार रुपये लेते गिरफ्तार।
पाँच हज़ार की हथेली
तस्वीर में साफ़ थी।
करोड़ों की उँगलियाँ
नक्शे के बाहर थीं।

एक नियुक्ति-अधिकारी ने
युवाओं के स्वप्नों की
बोली लगा दी।
वर्षों की पढ़ाई
एक लिफ़ाफ़े के सामने
अपना मूल्य खो बैठी।
योग्यता
द्वार पर खड़ी रही,
और मुद्रा
निर्णय-कक्ष में प्रवेश कर गई।
फिर भी
चौराहे पर सबसे अधिक
जिस वाक्य की पुनरावृत्ति हुई
सरकारी कर्मचारी
बिना पैसे के काम नहीं करता।

हो सकता है
यह शिकायत सत्य हो।
और यदि सत्य है,
तो उसका अपराध
पूरी कठोरता से देखा जाना चाहिए।
पर उसी समाज में
जब किसी की पूरी उम्र की कमाई
एक निर्णय की कीमत बन जाए,
तब अपराध का पैमाना
कहाँ रखा जाता है?

राजमार्ग का ठेका
करोड़ों का था।
सड़क बनी भी
पर ऐसी
कि मंज़िल तक पहुँचने का रास्ता
एक कठिन परीक्षा बन गया
पहली बरसात में
डामर उतर गया,
गड्ढों ने
सड़क की जगह ले ली,
और पुल
अपनी उम्र से पहले
बूढ़े हो गए।
यात्री
मंज़िल से पहले
अपनी गाड़ी नहीं,
अपनी प्रार्थना सँभालने लगे।

फिर खबर आई
सरकारी लिपिक
सौ रुपये लेते पकड़ा गया।
सौ रुपये
कानून की दृष्टि में अपराध थे
लेकिन वह राजमार्ग
जो करोड़ों लेकर भी
रास्ता न बन सका
उसकी दरारों में
किसका नाम लिखा था?

एक कर्मचारी ने
हथकड़ी को देखते हुए कहा
मेरी भूल
छोटी थी,
पर भूल थी
दंड उचित है
बस इतना जानना चाहता हूँ
क्या बड़े अपराधों के लिए
अख़बारों के पन्ने
छोटे पड़ जाते हैं?

दूसरा बोला
भ्रष्टाचार की सीढ़ी
बहुत लंबी है
कैमरा
अक्सर पहले पायदान पर
रुक जाता है।

तीसरे ने कहा
हमारी रिश्वत
गलत है
लेकिन पद बड़ा हो जाए
तो क्या अपराध
अपना अर्थ बदल देता है?

समाचार-पत्र चुप रहा
उसकी स्याही
छोटी हथकड़ी पर
बहुत चमकी
बड़ी फाइलों पर
कुछ फीकी पड़ गई
टेलीविज़न ने
कर्मचारी की गिरफ्तारी को
बार-बार दिखाया
हथकड़ी,
कैमरा,
भीड़,
सुर्ख़ी
अरबों की कहानी
फाइलों की तह में
एक संख्या बनकर रह गई।

दृश्य जितना सरल था,
तमाशा उतना बड़ा
सत्य जितना जटिल था,
मौन उतना गहरा।
विडंबना यह नहीं
कि छोटा कर्मचारी पकड़ा गया।
विडंबना यह है—
जिसने पाँच सौ लिए,
उसके हाथ में हथकड़ी है;
जिसने पाँच सौ करोड़ बनाए,
उसके हाथ में
उद्घाटन की कैंची।

एक का अपराध
हथेली पर दिखाई देता है,
दूसरे का
व्यवस्था की तहों में
भ्रष्टाचार
रकम का नाम नहीं
वह विश्वास के क्षरण का नाम है
सौ रुपये में
एक नागरिक का अधिकार बिके,
या अरबों में एक पूरी योजना
दोनों में
व्यवस्था का कोई हिस्सा
अपना धर्म खोता है।
अंतर केवल इतना है
छोटी रिश्वत
एक दरवाज़ा बंद करती है,
बड़ी रिश्वत
पूरे रास्ते की दिशा बदल देती है।

इसलिए
छोटी रिश्वत पर भी
हथकड़ी होनी चाहिए,
और बड़ी लूट पर भी
वही कानून उतरना चाहिए।
न्याय की आँख
राशि नहीं देखे,
पद नहीं देखे,
प्रभाव नहीं देखे
केवल अपराध देखे
क्योंकि
यदि न्याय की रोशनी
केवल नीचे तक पहुँचेगी,
तो ऊपर खड़े लोग
अपनी ही छाया में
निर्दोष दिखाई देते रहेंगे।
और तब
समाचार-पत्र में
हर सुबह एक नई सुर्ख़ी होगी
छोटी मछली पकड़ी गई।
जबकि
तालाब के तल में
अब भी
बहुत बड़े जबड़े
चुपचाप पानी हिला रहे होंगे।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

चढ़ावा

! चढ़ावा !

एक तरफ़
दीपों का समुद्र था
दूसरी तरफ़
एक बुझा हुआ चूल्हा
सोने की सीढ़ियों पर
फूल चढ़ते रहे,
मिट्टी की देहरी पर
एक मुट्ठी राख
जिस हाथ में
कलश था
उसी आकाश के नीचे
एक हाथ
कटोरा बना रहा।
वह अपनी आख़िरी रोटी लेकर
देहरी तक गया
किसी ने कहा,
यह तेरी श्रद्धा है
उसने रोटी रख दी
रात भर
घंटी बजती रही,
सुबह
रोटी वहाँ नहीं थी
चूल्हा भी नहीं जला।

आकाश में
एक तारा देर तक काँपता रहा
जैसे कोई
अदृश्य आँख
उत्तर खोज रही हो
और मिट्टी की देहरी पर
वह प्रश्न अब भी पड़ा था
जिस देवता को
भूखे की आख़िरी रोटी भी चाहिए,
क्या वह सचमुच देवता है
या सिर्फ़
किसी ताक़तवर आदमी की
बनाई हुई भूख?

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

रंग का धर्म

!रंग का धर्म!

रंग
पहले
सिर्फ़ कपड़ों पर था
फिर
वह शब्दों में उतर आया
उसके बाद
अर्थों में।

और एक दिन
मैंने देखा
भाषा ने
अपना चेहरा बदल लिया था
गालियाँ
मंत्रों की लय में बोली जा रही थीं
अपमान
धूप की तरह
आरती में जल रहा था
कीचड़
किसी उत्सव का
पवित्र जल घोषित हो चुका था।

उस दिन
दर्पणों ने
चेहरे नहीं देखे,
केवल रंग देखे
और रंगों ने
मनुष्यों को नहीं,
अपने-अपने प्रतिबिंब चुने
धीरे-धीरे
नदियाँ
अपने जल से नहीं,
किनारों से पहचानी जाने लगीं।
वृक्ष
अपनी छाया से नहीं,
उन पर बँधे कपड़ों से।
आकाश भी
टुकड़ों में बाँट दिया गया,
जैसे हवा का भी
कोई कुलनाम होता हो।

मैंने तब जाना
सबसे पहले
शब्द नहीं मरते
मरती है
उन्हें सुनने की निष्पक्षता
और जब वह मर जाती है,
सत्य
किसी पराजित ऋषि की तरह
अपना कमंडल उठाकर
चुपचाप
जंगल की ओर चला जाता है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

जाति

! जाति!

शहर के सबसे ऊँचे भवन पर
एक आदमी ने लिख दिया
यहाँ सब बराबर हैं।
फिर उसने सीढ़ियों पर
पानी छिड़का
और नीचे खड़े लोगों से कहा
तुम ऊपर आ सकते हो
सीढ़ियाँ चुप रहीं
उन्हें मालूम था
किसके पैरों की धूल
किस मंज़िल तक पहुँचती है।

किसी गाँव के पुराने कुएँ में
आज भी एक रस्सी लटकी है,
जिसकी गाँठों पर
किसी जाति का नाम नहीं
पानी खींचने वाले हाथ
फिर भी एक-दूसरे को पहचान लेते हैं
कुएँ के भीतर
आकाश सबका है
ऊपर लौटते ही
घड़ों की गर्दनें अलग हो जाती हैं।

स्कूल की दीवार पर
बच्चों ने इंद्रधनुष बनाया था
सात रंगों के बीच
एक बच्चा देर तक
अपना रंग खोजता रहा
मास्टर ने कहा
रंगों की कोई जाति नहीं होती
बच्चे ने खिड़की के बाहर देखा
धूप सचमुच
सबकी किताबों पर बराबर थी,
लेकिन उसकी छाया
अलग जगह बैठी थी।

शहर की गलियों में
अब नाम बहुत चमकदार हो गए हैं।
दरवाज़ों पर लगी पट्टिकाएँ
पीतल की तरह चमकती हैं,
पर उनके पीछे
पुरानी आवाज़ें अब भी पूछती हैं
तुम किस मिट्टी से आए हो?
आदमी अपना परिचय देता है,
फिर अपना घर बताता है,
फिर अपने लोगों का नाम
इतना सब कह चुकने के बाद भी
उसके भीतर का मनुष्य
चुप खड़ा रहता है।

इतिहास की किताब में
हमने दासता पर
काली स्याही से एक अध्याय पढ़ा।
घर लौटकर
पुरानी अलमारी खोली तो
उसमें कई पुश्तों की चाबियाँ मिलीं
कुछ दरवाज़े खोलने की,
कुछ दरवाज़े बंद रखने की
हमने चाबियाँ नहीं फेंकीं,
बस उनकी चमक पर
नया वार्निश चढ़ा दिया।

अब जाति दिखाई नहीं देती
वह
नाम के पीछे बैठी है,
रिश्तों की तह में सोती है,
किसी बंद कमरे में
कुर्सी धीरे से खिसकाती है,
और कभी-कभी
बहुत सभ्य होकर
सिर्फ़ इतना पूछती है
आपके लोग कौन हैं?

मैंने एक दिन
आईने से अपना परिचय पूछा
आईना चुप रहा
उसकी पीठ पर
किसी पुराने घर की तरह
दरारें थीं
तब समझ आया
मनुष्य होने का दावा
सबसे कठिन परिचय है
क्योंकि इसमें
न कोई वंशावली काम आती है,
न कोई कुलनाम,
न कोई पुराना देवता
सिर्फ़ एक चेहरा बचता है
और उसके सामने
दूसरे मनुष्य का चेहरा
और शायद
सभ्यता की शुरुआत भी
यहीं से होती है
जब हमारे बीच से
सारे परिचय हट जाते हैं
और एक मनुष्य
दूसरे मनुष्य के सामने
सिर्फ़ मनुष्य बनकर खड़ा होता है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

अंधेरे का नागरिक

! अँधेरे का नागरिक !

शहर के आख़िरी सिरे पर
एक पुराना कुआँ था
इतना गहरा
कि उसमें झाँकने पर
अपना चेहरा नहीं
अपने पूर्वजों की आँखें दिखाई देती थीं।

हर शाम
एक आदमी वहाँ जाता
और भीतर झाँककर पूछता
कहाँ है वह उजाला
जिसका वादा मुझसे किया गया था?
कुआँ चुप रहता
कुएँ के ऊपर
पीपल की एक टेढ़ी डाल थी,
जिस पर हर मौसम में
कुछ सूखे हुए पत्ते
नये पत्तों का अभिनय करते थे।

घर में भी
एक ऐसी ही डाल थी
उस पर टँगी थी
एक पुरानी घड़ी
घड़ी चलती थी
मगर समय
कहीं नहीं जाता था
उस घर में
एक लड़का रहता था
जिसकी उम्र तीस के आसपास थी,
पर उसके भीतर
कई सर्दियाँ पहले ही पड़ चुकी थीं।
उसने आकाश को
कैलेंडर में देखना सीख लिया था।
सूरज
एक लाल निशान था
जिसका अर्थ था
फिर एक दिन बीत गया
चाँद
खिड़की पर पड़ती
एक ऐसी सफेदी
जिससे कमरे की गरीबी
और साफ दिखाई देती थी
रात को
वह अपनी हथेली खोलता
उसमें
कुछ टेढ़ी-मेढ़ी सड़कें थीं
वह उन पर उँगली फिराता
जैसे कोई भूगोल का विद्यार्थी
अपना खोया हुआ देश खोज रहा हो
कभी-कभी
उसे लगता
ये रेखाएँ मेरी नहीं हैं
किसी ने
मेरे जन्म से पहले
मेरे लिए रास्ते तय कर दिए हैं
फिर वह
अपनी मुट्ठी बाँध लेता
लेकिन मुट्ठी के भीतर भी
रास्ते बने रहते।

घर के बाहर
एक बहुत बड़ा फाटक था
फाटक पर
एक अदृश्य चौकीदार बैठा था
वह हर आने-जाने वाले से पूछता
तुमने क्या हासिल किया?
कोई कहता
मकान
कोई
पद
कोई
कार
कोई
बैंक बैलेंस

लड़का जब वहाँ से गुजरता
तो उसकी जेब से
सिर्फ कुछ सिक्कों की आवाज आती
चौकीदार
हँसता नहीं था
वह केवल
अपनी किताब में
एक और निशान लगा देता
धीरे-धीरे
लड़के ने महसूस किया
कि वह शहर में नहीं,
एक बहुत बड़ी
अदृश्य परीक्षा में रह रहा है।

हर चेहरा
प्रश्नपत्र था
हर संबंध
मूल्यांकन
हर सुबह
परिणाम
और प्रेम
प्रेम उस परीक्षा का
एक ऐसा प्रश्न था
जिसका उत्तर
उसे आता था,
लेकिन वह लिख नहीं पाता था।

एक दिन
उसने उस स्त्री से कहा
मेरे पास तुम्हें देने के लिए
कुछ भी नहीं।
स्त्री ने कहा
तुम हो।

वह चौंका
जैसे किसी ने
अँधेरे कमरे में
अचानक आईना रख दिया हो
उसे पहली बार
अपना चेहरा दिखाई दिया।

वह चेहरा
न असफल था,
न सफल
बस
एक मनुष्य का चेहरा था।

लेकिन बाहर
भीड़ जमा थी
भीड़ को
मनुष्य दिखाई नहीं देते
उसे पद दिखाई देते हैं,
मूल्य दिखाई देते हैं,
मुहरें दिखाई देती हैं,
ऊँचाई दिखाई देती है।
और जो आदमी
भीड़ की भाषा में
अपना परिचय नहीं दे पाता
उसका नाम
धीरे-धीरे मिटने लगता है
लड़के ने
अपने भीतर एक कमरा पाया
बहुत संकरा
उसमें
एक बल्ब लटका था
बल्ब के चारों ओर
काले कीड़े घूम रहे थे
हर कीड़ा
एक वाक्य था
तू कम है
तू पीछे है
तू योग्य नहीं
तू हार गया
वह उन कीड़ों को
हाथ से हटाता
तो वे लौट आते
और एक रात
बल्ब बुझ गया।

सुबह
कुएँ के पास
पीपल की डाल
कुछ अधिक झुकी हुई थी
पुरानी घड़ी
चल रही थी
फाटक पर बैठा चौकीदार
अब भी पूछ रहा था
क्या हासिल किया?
किसी ने
उत्तर नहीं दिया
केवल हवा आई
और उस अदृश्य रजिस्टर के
कई पन्ने उड़ा ले गई।

घर का बूढ़ा आदमी
बहुत देर तक बोलता रहा
फिर अचानक
उसे लगा
कि उसकी आवाज
किसी और की है
बहुत पुरानी
बहुत दूर से आती हुई
शायद उसके पिता की
शायद उनके पिता की।
शायद उस पूरी सभ्यता की
जो अपने बच्चों से
जीवन नहीं,
प्रमाण माँगती रही है।

वह चुप होना चाहता था
पर चुप्पी भी
उसकी अपनी नहीं थी
वह पीढ़ियों से चली आती थी
अब उसके सामने
एक प्रश्न नहीं था।
एक पूरा अँधेरा था
जिसमें
हर पीड़ित
अनजाने में
किसी दूसरे का
अँधेरा बन जाता है
और आदमी
अपने ही बनाए हुए
उस अँधेरे में
एक दिन
अपना चेहरा खोजता है
मगर वहाँ
चेहरा नहीं मिलता
सिर्फ
एक कुआँ।
एक टेढ़ी डाल।
एक बुझा हुआ बल्ब।
और भीतर से आती हुई
एक बहुत धीमी आवाज
मनुष्य को
मनुष्य रहने देने की
किसी ने कोशिश की थी क्या?

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

बुझती हुई लौ

! बुझती हुई लौ !

रात बहुत शांत थी
दीपक
धीरे-धीरे छोटा हो रहा था
तेल
लगभग समाप्त था
पर लौ
अभी जीवित थी
उसने काँपकर
एक बार
पूरे कमरे को देखा।

दीवारें थीं
एक पुराना आईना था
कोने में
एक संदूक रखा था
और उस संदूक में
कितने बरस
चुपचाप सो रहे थे।

लौ ने
सबसे पहले
एक छोटी लड़की को देखा
वह मिट्टी में
उँगली से आकाश बना रही थी
उसके आकाश में
कोई सीमा नहीं थी।

फिर किसी ने
उसके हाथ में
गुड़िया रख दी
उसने आकाश
मिट्टी में ही छोड़ दिया
लौ थोड़ी काँपी।

अब उसे
एक दुल्हन दिखाई दी
लाल कपड़ों में
एक अपरिचित घर के बीच
वह मुस्करा रही थी
उस मुस्कान के पीछे
एक दरवाज़ा था
दरवाज़ा बंद था।

वह वर्षों
उस दरवाज़े के सामने
खड़ी रही
पर किसी ने
कभी पूछा नहीं
अंदर कौन है?
लौ ने
उस स्त्री को देखा
वह माँ बन चुकी थी।

उसकी गोद में
बच्चा सो रहा था
बच्चे के माथे पर
उसने अपना बचपन रख दिया था
और अपने हिस्से की
नींद
धीरे से
तकिए के नीचे छिपा दी थी।

लौ फिर काँपी
आईने में
अब एक और चेहरा था
झुर्रियों से भरा
पर आँखों में
वही छोटी लड़की
अब भी बैठी थी
उसने आईने से पूछा
तुम मुझे
कब से जानती हो?
आईना चुप रहा
कुछ प्रश्न
आईने भी नहीं लौटाते।

अचानक
कमरे में
एक पुराना गीत बजा
बहुत धीमा
उसे याद आया
कभी उसने भी
गाना चाहा था
कभी उसे भी
दूर किसी नदी के किनारे
अकेले बैठना था।

कभी वह
बिना किसी रिश्ते के
सिर्फ़ अपने नाम से
जीना चाहती थी
उसने वे सब इच्छाएँ
एक-एक करके
किसी अदृश्य संदूक में रख दी थीं
चाबी
किसी और को दे दी थी।

अब
लौ छोटी हो रही थी
कमरे की दीवारें
पीछे हटने लगीं
चेहरे धुँधले पड़े
नाम मिट गए
रिश्ते
धुएँ की तरह
ऊपर उठने लगे

और तभी
उसने देखा
संदूक खुला पड़ा है
उसमें
न कोई गहना था
न कोई चिट्ठी
न कोई स्मृति

सिर्फ़
एक स्त्री थी
अधूरी
पर जीवित
लौ ने
उसे अपनी ओर बुलाया
वह स्त्री
संदूक से बाहर आई
बहुत धीरे
जैसे पहली बार
अपने ही भीतर से
निकल रही हो।

अब
तेल की आख़िरी बूँद थी
लौ ने
एक बार फिर
पूरा कमरा रोशन किया
उस उजाले में
न बेटी थी
न पत्नी
न माँ
न किसी घर की
मर्यादा
सिर्फ़
एक चेहरा था
और उस चेहरे पर
अजीब-सी शांति।

लौ बुझ गई
कमरा अँधेरे में था
पर शायद
पहली बार
उस स्त्री के भीतर
कोई उजाला
बुझा नहीं था।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

अवशेष

! अवशेष !

वे निकले थे
जैसे कोई
बसंत की ओर जाता है।

उनकी जेबों में
कुछ नारे थे,
कुछ अधूरे सपने,
और घर लौट आने का
एक सीधा-सा भरोसा।

शहर ने
पहले उन्हें रास्ता दिया,
फिर
एक लंबी ख़ामोशी।
धूल बैठी
तो पाया गया
एक जोड़ी चप्पल
अब भी
सड़क का इंतज़ार कर रही है।

कुछ दिनों तक
हवा में
एक नाम तैरता रहा
फिर
उसी हवा ने
नए नाम उठा लिए
एक चौक पर
पत्थर की देह
कपड़े की नींद में है
उसे जगाने की फुर्सत
किसी को नहीं।

माँ अब भी
रोटी गोल बेलती है
बस
एक थाली का आकार
धीरे-धीरे
स्मृति बन गया है
बहन ने
दरवाज़े पर टँगी उम्मीद
कई बार झाड़ी
उस पर
हर मौसम
थोड़ी और धूल छोड़ गया।

जो सबसे ऊँची आवाज़ में
शोक बोलते थे,
वे अब
दूसरे शहरों में
नई आवाज़ें गढ़ रहे हैं
धर्म
इन सबके बीच
वैसा ही खड़ा है
जैसा सदियों पहले था
न उसे
किसी की मुट्ठी चाहिए,
न किसी का लहू।
लेकिन
हर बार
एक साधारण घर
अपना सबसे उजला कमरा
बंद कर देता है।
और इतिहास
उसे
विजय का दिन लिख देता है।

मैंने देखा है
आग
कभी उन हाथों तक नहीं पहुँचती
जो उसे
दूर से हवा देते हैं
वह हमेशा
उसी आँगन में उतरती है
जहाँ शाम को
बच्चे अभी खेलना सीख रहे होते हैं
इसलिए
जब भी कोई
तुम्हें अमर होने को कहे,
पहले
अपने घर की ओर देखना
वहाँ
तुम्हारा नाम
किसी नारे से नहीं,
तुम्हारी साँस से
रोशन होता है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

हत्या

! हत्या !

एक स्त्री ने
अपना घर बदला।
फिर
अपनी गली।
फिर
अपने दिनों का रंग।
उसे लगा
दुनिया में
इतनी जगह तो होगी
जहाँ भय का
कोई पता न हो।
लेकिन भय
डाकिए की तरह नहीं आता।
वह
पेड़ों की छाल पर
नाम नहीं पढ़ता।
वह
सिर्फ़ पीछा करना जानता है।
एक सुबह
उजाले ने
दरवाज़ा खोला।
अँधेरा
पहले से भीतर खड़ा था।
उसके बाद
हवा में
एक ऐसी ख़ामोशी घुली
जिसे बच्चे
बरसों तक
अपनी कॉपियों के हाशियों में
बनाते रहेंगे।
एक कुर्सी
बहुत दिनों तक
खाली नहीं रहती।
लेकिन
कुछ अनुपस्थितियाँ
हर नए बैठे हुए आदमी के पीछे
खड़ी रहती हैं।
कानून
फिर आया।
उसने
ज़मीन नापी।
हवा नापी।
दीवारें देखीं।
और लौट गया।
किसी ने
उस रास्ते से नहीं पूछा
कि वह हर बार
हिंसा के पैरों के निशान
इतनी देर तक
क्यों सँभाले रखता है।
धीरे-धीरे
लोग फिर
अपने-अपने कामों में लग जाएँगे।
बच्चे
फिर अक्षर लिखेंगे।
पेड़
फिर पत्तियाँ उगाएँगे।
सिर्फ़ एक बात
दुनिया की सबसे कठिन किताब में
बिना लिखे रह जाएगी—
सभ्यता की उम्र
उस दिन से नहीं गिनी जाती
जब उसने स्कूल बनाए थे,
बल्कि उस दिन से
जब उसने
उनके दरवाज़े सुरक्षित किए थे।

उम्मीद

! उम्मीद !

कहीं
एक दीपक नहीं जलता,
सिर्फ़ उसकी गरमी बची रहती है
कहीं
एक राख है
जो अपने भीतर
अब भी लकड़ी की स्मृति रखती है।

जो लोग
हवा की जेबों में
अँधेरा भरते हैं,
वे भूल जाते हैं
सुबह किसी जेब से नहीं निकलती।

एक पुरानी नदी
हर बार
नक्शे से नहीं,
प्यास से जन्म लेती है।
और हर बार
कोई पत्थर
उसका रास्ता रोककर
समझता है
कि उसने पानी को हरा दिया।
लेकिन पानी
हारता नहीं,
बस अपना नाम बदल लेता है।

किसी चौक पर
एक छाया
दूसरी छाया पर झपटती है
दूर
एक बच्चा
धूल में
एक वृत्त बनाता है।

दोनों को लगता है
वे भविष्य लिख रहे हैं।
एक हाथ
मिटाने में विश्वास करता है
दूसरा
बार-बार
रेखा खींचता है।

समय देखता है
मिटाने वाले हाथ
थक जाते हैं।
रेखाएँ नहीं।
इस देश में
कहीं कोई
अब भी
एक बीज को बचा रहा है।
और कहीं कोई
उसी मिट्टी में
नमक बो रहा है।
फसलें
दोनों की उगती हैं।
लेकिन
रोटी हमेशा
बीज वाले खेत से आती है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

अभाव

! अभाव !

सबसे पहले
उनसे
उनका समय छीन लिया गया
फिर
धीरे-धीरे
भविष्य भी।

जब वे छोटे थे,
किसी ने
उनकी आँखों में झाँककर नहीं पूछा
तुम क्या बनना चाहते हो?
उनके हिस्से
कुछ अधूरे स्कूल आए,
कुछ बंद दरवाज़े,
कुछ ऐसे शब्द
जो हमेशा दूसरों के लिए लिखे गए थे।

उन्होंने
पुस्तकों से अधिक
इंतज़ार पढ़ा
और इंतज़ार के बाद
लंबी चुप्पियाँ।

फिर एक दिन
उन्होंने पाया
कि अकेला आदमी
किसी की नज़र में नहीं आता
भीड़ आती है
और उसे
एक चेहरा दे देती है।

भीड़
उन लोगों का सबसे बड़ा घर है
जिनके पास
अपना कोई कमरा नहीं होता
वे
शोर नहीं करते,
पहले
वे अपने भीतर की
अनसुनी आवाज़ खोजते हैं।
लेकिन
जब आवाज़
देर तक नहीं सुनी जाती,
वह धीरे-धीरे
धक्का बन जाती है।
और धक्का
एक दिन
स्वभाव समझ लिया जाता है।

मैंने सोचा,
क्रोध करूँ
फिर लगा
क्रोध तो वहाँ किया जाता है
जहाँ चुनाव बचे हों।
यहाँ तो
बहुत पहले
चुनाव की जगह
अभाव ने ले ली थी।

जिसे कभी
सम्मान का एक क्षण नहीं मिला,
वह अक्सर
सम्मान का अर्थ भी
भूल जाता है।
जिसने
सिर्फ़ बंद रास्ते देखे हों,
वह खुली सड़क को भी
अपनी उपलब्धि समझ बैठता है।

दुनिया
उसे अपराधी कहती है।
मैं
उसके पीछे खड़ी
लंबी अनुपस्थितियों को देखता हूँ
वहाँ
एक शिक्षक नहीं है।
एक पुस्तकालय नहीं है।
एक काम नहीं है।
एक भरोसा नहीं है।

सिर्फ़ समय है,
जो धीरे-धीरे
मनुष्य के भीतर
खाली जगहें बनाता रहता है।
और खाली जगहें
कभी खाली नहीं रहतीं।
उन्हें
या तो विचार भरते हैं,
या उन्माद।

समाज
जब विचार नहीं देता,
तो उन्माद
खुद रास्ता खोज लेता है।
मुझे अब
उनसे उतना भय नहीं लगता।

मुझे भय
उन हाथों से लगता है
जो वर्षों तक
कुछ नहीं बोते,
और फिर
फसल के बारे में
भाषण देते हैं।

किसी भी देश का भविष्य
उस दिन नहीं टूटता
जब कोई भीड़
सड़क पर उतरती है।
वह बहुत पहले टूट चुका होता है
जब एक बच्चा
अपनी पहली हार के बाद
यह मान लेता है
कि उसके लिए
कोई जगह बनाई ही नहीं गई है।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मेरे भीतर दो आदमी

! मेरे भीतर दो आदमी !

मैं एक हूँ
इतना तो निश्चित है
लेकिन
जब भी अपने भीतर उतरता हूँ,
एक नहीं मिलता
हां..वहाँ
दो आदमी बैठे हैं।
एक
धूल भरे पैरों के साथ
खेतों की मेड़ों पर चलता है
वह
फटी हथेलियों को पढ़ता है
जैसे वे
संविधान से भी पुरानी कोई किताब हों।
उसे
भूख दिखाई देती है।
उसे
अन्याय दिखाई देता है।
जब कोई किसान
अपनी आवाज़ ऊँची करता है,
वह उसके साथ
अपनी आवाज़ मिला देता है
उसे लगता है,
चुप रहना
सबसे बड़ा अपराध है
फिर
मैं वही नहीं रहता।
मेरे कंधों पर
एक पद आ बैठता है।

मेरी जेब में
एक पहचान-पत्र रख दिया जाता है
मेरे सामने
फाइलें खुलती हैं
कानून की धाराएँ
धीरे-धीरे
मेरी भाषा बन जाती हैं।
अब
वही भीड़
मुझे भीड़ लगती है।
वही नारे
शोर लगते हैं।
वही विरोध
अनुशासन के विरुद्ध दिखाई देता है।
मैं चाहता हूँ,
सब अपने-अपने घर लौट जाएँ।
जैसे
शांति
सिर्फ़ सन्नाटे का दूसरा नाम हो।

शाम को
जब वर्दी उतरती है,
पद नहीं रहता 
तब
एक प्रश्न बचा रह जाता है
यदि
मैं उनकी जगह होता
क्या तब भी
चुप रहता?

नहीं।
शायद
मैं भी
उसी सड़क पर खड़ा होता।
उसी नारे में
अपनी साँस मिलाता।
उसी अधिकार को
अपना अधिकार कहता।
तब
मैं देर तक
अपने ही निर्णयों के सामने
खड़ा रहता हूँ।

धीरे-धीरे
मैंने जाना,
मनुष्य
सत्य का पक्षधर कम,
अपनी स्थिति का पक्षधर
ज़्यादा होता है।

कुर्सी बदलती है,
तो तर्क बदल जाते हैं।
स्थान बदलता है,
तो न्याय की परिभाषा बदल जाती है।

भूमिकाएँ
हमारे विचारों पर
वैसे ही चढ़ जाती हैं
जैसे बारिश में
कपड़ों पर गीलापन।
और हमें लगता है,
यही हमारा स्वभाव है।

मेरे भीतर का पहला आदमी
कहता है
मनुष्य
रोटी से पहले
सम्मान चाहता है।
उसकी आवाज़
उसका अंतिम अधिकार है
यदि वह भी छीन ली जाए,
तो बचता क्या है?

दूसरा आदमी
धीरे से कहता है
यदि
हर आवाज़
एक साथ उठे,
तो व्यवस्था कैसे बचेगी?
यदि
हर असहमति
सड़क पर उतर आए,
तो शासन किस तरह चलेगा?

दोनों
अपने-अपने तर्क रखते हैं
दोनों
झूठे नहीं हैं
दोनों
अधूरे हैं।

तभी
मेरे भीतर
एक तीसरा मौन जन्म लेता है
वह
न किसान है,
न अधिकारी
न शोषित,
न शासक।
वह
सिर्फ़ देखता है।

वह देखता है कि
कैसे
एक ही मन
परिस्थिति बदलते ही
अपनी भाषा बदल लेता है
कैसे
न्याय
कभी अधिकार बन जाता है,
कभी नियम।
कैसे
कर्तव्य
कभी सेवा होता है,
कभी शक्ति।

शायद
मनुष्य का सबसे बड़ा भ्रम
यह नहीं कि वह झूठ बोलता है
बल्कि यह है कि
वह हर भूमिका में
अपने सत्य को
अंतिम सत्य मान लेता है।

मैं अब भी
एक ही हूँ
लेकिन
मेरे भीतर
दो आदमी रहते हैं।

एक
दर्द से जन्मा है
दूसरा
दायित्व से।

मैं
अब किसी को
मारना नहीं चाहता।
न किसी को
चुप कराना चाहता हूँ।

मैं बस इतना चाहता हूँ
जब भी
मेरे भीतर का कोई आदमी बोले,
दूसरा
उसे सुनता रहे।
शायद
यही सुनना
मनुष्य होने की
सबसे कठिन साधना है।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मशाल

! मशाल !

जो सबसे आगे है
ज़रूरी नहीं
उसके हाथ में बंदूक हो।
हो सकता है
उसके हाथ में
एक किताब हो।
या
हल की मूठ।
या
कॉपी के किनारे
लिखा कोई सवाल।

मैंने देखा है
सत्ता
बंदूकों से कम,
सवालों से ज़्यादा डरती है।
वे जानते हैं,
जब एक शिक्षक
बच्चों को
डर के बजाय
सोचना सिखा देता है,
जब एक विद्यार्थी
उत्तर रटने से इंकार कर
प्रश्न पूछने लगता है,
और जब
एक किसान
अपनी मिट्टी का हिसाब
मांगने लगता है,
तब
सिंहासनों की नींव में
धीरे-धीरे
दरार पड़ती है।

क्रांति
नारों से नहीं,
आदमी के भीतर
जागे हुए विवेक से चलती है।
इसलिए
जो अन्याय
और अव्यवस्था के सामने
सबसे पहले खड़ा मिलेगा,
वह अक्सर
कोई शिक्षक होगा,
कोई विद्यार्थी,
या कोई किसान।
बाक़ी लोग
तब तक
भीड़ बने रहेंगे।
जब तक
उन्हें
अपने ही कंधों पर
रखी हुई
व्यवस्था की लाश
दिखाई नहीं देती।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

एंट्रोपी के विरुद्ध

! एंट्रोपी के विरुद्ध !

भौतिकी कहती है
सब कुछ
धीरे-धीरे
बिखरता है।

लोहे में जंग,
दीवारों में दरार,
सितारों में थकान।

समय
हर वस्तु की जेब में
थोड़ी-सी धूल रख देता है।

लेकिन
मैंने देखा है,
एक बूढ़ी औरत
हर सुबह
आँगन बुहारती है।
उसे मालूम है
धूल फिर आएगी।
फिर भी
वह झाड़ू रखती नहीं।
शायद
नैतिकता का पहला नाम
यही है।

एक आदमी
सच बोलता है
जबकि उसे मालूम है
झूठ
ज़्यादा दूर तक जाएगा।
एक बच्चा
गिरती हुई चिड़िया को
हथेली में उठाता है।
उसे नहीं मालूम
वह दुनिया नहीं बदल रहा।
वह सिर्फ़
अपने भीतर
एक जगह बचा रहा है।

शायद
न्याय
किसी अदालत से पहले
मनुष्य की इसी जगह में जन्म लेता है।

ब्रह्मांड
अपनी विशाल चुप्पी में
फैलता रहता है।
तारे बुझते हैं।
आकाशगंगाएँ
दूर चली जाती हैं।
और इसी बीच
कोई
एक अजनबी के लिए
दरवाज़ा खोल देता है।

कोई
अपनी रोटी का
आख़िरी टुकड़ा बाँट देता है।
कोई
भीड़ के विरुद्ध
एक वाक्य बोल देता है।

एंट्रोपी
वस्तुओं का नियम है।
मनुष्य का नहीं।

मनुष्य का नियम
शायद यह है
कि वह
बिखरती हुई दुनिया में भी
थोड़ी-सी व्यवस्था नहीं,
थोड़ा-सा न्याय बचाए।
और जब
कुछ भी स्थिर न रहे,
तब भी
सत्य को
एक दीपक की तरह नहीं,
एक आदत की तरह
जलाए रखे।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

प्राण प्रतिष्ठा

! प्राण प्रतिष्ठा !

प्राण-प्रतिष्ठा के बाद
पत्थर नहीं बदलते।
वे वहीं रहते हैं
अपने उसी मौन में,
उसी आकार में।

बदलता है
उनके सामने खड़ा मनुष्य।
वह पहले की तरह
हाथ जोड़ता है।
पहले की तरह
सिर झुकाता है।
पहले की तरह
लौट भी आता है।
लेकिन लौटते हुए
कुछ पीछे नहीं छूटता,
कुछ साथ चला आता है।

धीरे-धीरे
उसके स्पर्श से
गरमाहट कम होने लगती है।
उसकी आँखों में
दृश्य बचे रहते हैं,
दृष्टि नहीं।

उसके शब्द
अपनी ध्वनि बचाए रखते हैं,
अर्थ नहीं।
एक दिन
वह फिर किसी पत्थर के सामने 
खड़ा होता है।
और उसे लगता है
कि प्राण प्रतिष्ठित हो रहे हैं।
शायद
पत्थर में नहीं।
शायद
धीरे-धीरे
प्राणों में
पत्थर प्रतिष्ठित हो रहा है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

जो लौटकर नहीं आते

! जो लौटकर नहीं आते !

कुछ घर
अचानक
अपने दरवाज़े खो देते हैं।

वे खुले रहते हैं
पर
कोई भीतर नहीं आता।
एक माँ
रसोई में
पहले की तरह
एक रोटी अधिक सेंक देती है।
फिर
याद आता है
अब उसकी ज़रूरत नहीं।

पिता
शाम को
चौखट पर बैठते हैं।
उनकी आँखें
रास्ते से ज़्यादा
अपने भीतर देखती हैं।

मुझे
उन बच्चों से पहले
उनकी अधूरी उम्र दिखाई देती है।
उम्र
जो अभी
गलतियाँ करने की थी।
और
गलतियों से लौट आने की भी।

लेकिन
कुछ लोग
बच्चों से पहले
उनकी वापसी का रास्ता छीन लेते हैं।

वे
कभी सामने नहीं आते।
उनके चेहरे
हमेशा धुँध में रहते हैं।

दिखाई देते हैं
सिर्फ़
वे घर
जहाँ
सन्नाटा
धीरे-धीरे
एक सदस्य बन जाता है।

हम
अक्सर
घटना के बाद पहुँचते हैं।
जबकि
दुख
बहुत पहले
चलना शुरू कर चुका होता है।

वह
स्कूल की किसी खाली बेंच से गुजरता है।
किसी खेत की पगडंडी से।
किसी बेरोज़गार दोपहर से।
किसी अकेले कमरे से।
और
किसी ऐसे वादे से
जो सच नहीं होता।

समाज
यदि केवल
अंतिम दृश्य देखेगा
तो
शुरुआत कभी नहीं समझ पाएगा।

मनुष्य
सिर्फ़
अपने सबसे बुरे क्षण का नाम नहीं है।
उसके भीतर
एक और जीवन
लगातार
बचा रहता है।

उसे
पहचानने वाली आँखें चाहिए।
जल्दी सुनाने वाले फ़ैसले नहीं।
एक देश
तब बड़ा होता है
जब वह
अपने भटके हुए बच्चों के लिए भी

एक रास्ता बचाकर रखता है।
क्योंकि
हर उजड़ा हुआ घर
हम सबकी हार है।
और
हर बचा लिया गया बच्चा
भविष्य की
एक धीमी
लेकिन सच्ची
रोशनी।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

बेटियां

! बेटियां !

जब तुम इस दुनिया में आईं 
एक कुआँ 
थोड़ा और गहरा हो गया
पानी वैसा ही रहा
प्यास बदल गई।

पेड़ों ने अपनी छाँह समेट ली
मनुष्य उसे बचा नहीं सके
नदियाँ बहती रहीं
किनारे पहली बार एक-दूसरे से डरने लगे
हमने पत्थरों को इतना तराशा
कि आईने अपना चेहरा भूल गए
धूप रोज़ उतरी
उजाला रास्ता भटक गया
एक पक्षी बहुत देर तक आकाश में रहा
उसे ऊँचाई से नहीं,
धरती से डर था।

विश्वास 
अब किसी इमारत में नहीं,
एक काँपते हुए हाथ में थोड़ी देर ठहरता है,
फिर चला जाता है।

यदि कभी तुम्हें एक फूल मिले,
उसे तोड़ना मत।
हो सकता है,
पृथ्वी ने अपनी बची हुई निर्दोषता
उसी में छिपा रखी हो।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दो जिस्म एक जान

! दो जिस्म एक जान !

दो जिस्म
एक जान होने की बातें
अक्सर वे लोग करते हैं
जो किसी नदी को
नक़्शे की एक नीली रेखा समझते हैं।

मैंने देखा है
दो पेड़
बरसों साथ खड़े रहते हैं,
उनकी जड़ें
एक-दूसरे की मिट्टी में उतरती हैं,
पर एक-दूसरे का रास्ता नहीं रोकतीं।

दो पक्षी
एक ही आकाश में उड़ते हैं,
लेकिन
एक-दूसरे के पंख नहीं पहनते।

प्रेम शायद
इतना-सा ही है
तुम्हारे भीतर
तुम्हारे लिए जगह बनी रहे,
मेरे भीतर
मेरे लिए।
और इन दोनों जगहों के बीच
एक पगडंडी हो,
जिस पर
जब चाहें
हम एक-दूसरे तक पहुँच सकें,
बिना किसी का घर
उजाड़े।

इसलिए
जब तुम कहते हो
हम दो जिस्म, एक जान हैं।
मैं प्रेम से नहीं,
एक पुराने भय से भर जाता हूँ।

मुझे लगता है
अब किसी एक को
अपने हिस्से की साँस छोड़नी होगी,
अपनी आवाज़ धीमी करनी होगी,
अपने सपनों का आकार बदलना होगा।
और प्रेम की जगह
धीरे-धीरे
किसी एक का
दूसरे में गुम हो जाना
उत्सव की तरह मनाया जाएगा।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मुक्ति और मोक्ष

! मुक्ति और मोक्ष न ढूंढ़ो !

मुक्ति और ये मोक्ष न ढूंढ़ो 
ये तो मन का भ्रम है,
हँसकर जीवन जीना सीखो
यही धर्म का मर्म है।
बाहर बातें, भीतर डर है
ये तो बस छलावा है,
बिना प्रेम के हर इक योगी
जग में एक दिखावा है।

तजकर माँ की ममता बंदे
स्वर्ग कहाँ तू पाएगा?
बाबा का आशीष न होगा
जीवन भर पछताएगा।
रिश्तों की यह धूप-छाँव ही
जीवन की सच्चाई है,
बिना प्रेम के इस दुनिया में
बस केवल तन्हाई है।

मंदिर-मस्जिद के चक्कर में
जग ने खेल रचाया है,
सच्चे रब के नाम पे केवल
बंदे को भटकाया है।
केवल शीश झुकाने से क्या
कोई सफल यहाँ हुआ?
सच्ची पूजा वो है जिसने
औरों का दुख-दर्द छुआ।

खोज न बाहर, देख तू भीतर
मन ही तीर्थ-धाम है,
दुखियारे के काम जो आए
वही राम का नाम है।
लिखे जो प्रेम की पाती जग में
वही सफल ज़िंदगानी है,
बाकी सब तो मिट्टी बंदे
सच्ची बस ये कहानी है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

उसकी बातें

! उसकी बातें !

उसकी बातें
मेरे मन को छूती हैं
कहीं गहरे में उतरती हैं
क्योंकि उसकी बातें
मेरी बातें होती हैं।

जैसे सावन से
बारिश की बातें
हवा से
बादल की बातें
मिट्टी से
अंकुर की बातें
पंछी से
पेड़ों की बातें
जैसे नदी
अपने ही किनारों से
धीरे-धीरे बात करती है
जैसे धूप
पुराने आँगन में
बिना किसी आहट के उतरती है।

उसकी आवाज़ में
कोई नया विचार नहीं,
बस वही पुराना मन है
जिसे मैं
बरसों से
अपने भीतर सुनता आया हूँ।

उससे मिलना
किसी और से मिलना नहीं,
अपने ही एक भूले हुए हिस्से का
अचानक याद आ जाना है।
और तब लगता है
दुनिया में सबसे दुर्लभ है
कोई ऐसा मन,
जो तुम्हें सुनते-सुनते
तुम्हारी ही आवाज़ बन जाए।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

अयोध्या सूनी है

! अयोध्या सूनी है !

अयोध्या सूनी है
तुम्हारे जाने के बाद।

युग बीते,
सदियाँ बीतीं।
जब बना तुम्हारा मंदिर,
जब प्रतिष्ठित हुई तुम्हारी प्रतिमा,
एक क्षण को लगा
शायद लौट आए हो तुम,
फिर से धनुष उठाए,
अन्याय की छाती पर
धर्म का सूर्य उगाने।

पर नहीं...
तुम नहीं लौटे।
जो लौटा,
वह केवल एक पाषाण था,
श्रद्धा से भीगा,
पर फिर भी पाषाण।

राम
पत्थरों में नहीं लौटते।
राम लौटते हैं
जब कोई निर्बल के पक्ष में खड़ा होता है,
जब किसी अदालत से पहले
एक मनुष्य का विवेक 
न्याय करता है,
जब सत्ता के भय से बड़ी हो जाती है
सत्य की आवाज़।

इसीलिए
मैं नहीं गया उस नगर में
जिसे लोग अयोध्या कहते हैं।

मैं भटकता हूँ
उन हृदयों की तलाश में
जहाँ अभी भी
सत्य निर्वासित नहीं हुआ,
जहाँ न्याय अभी भी
वनवास में नहीं भेजा गया।

मेरे राम,
मैं जानता हूँ
तुम वहीं मिलोगे,
जहाँ किसी मनुष्य का हृदय
अपने स्वार्थ से बड़ा हो जाता है,
और करुणा,
धर्म का दूसरा नाम बन जाती है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

शिष्टाचार

! शिष्टाचार!

सुना है
यह लोकतंत्र है
यहाँ आपको सब कुछ कहने की स्वतंत्रता है।
बस
कहने से पहले यह देख लीजिए कि किसके बारे में कह रहे हैं
बाकी स्वतंत्रता पूरी है।

यदि भूख पर बोलेंगे
तो आपको अर्थशास्त्र समझाया जाएगा।
यदि बेरोज़गारी पर बोलेंगे
तो आपको परिश्रम का महत्व बताया जाएगा।
यदि अन्याय पर बोलेंगे
तो आपकी जन्मपत्री खोली जाएगी।

और यदि फिर भी आप न माने
तो आपको राष्ट्रप्रेम का 
क्रैश-कोर्स कराया जाएगा।

अद्भुत व्यवस्था है !
चोर से कोई नहीं पूछता
तुमने चोरी क्यों की?
पूछा यह जाता है
तुमने उसे चोर क्यों कहा?

यहाँ घाव पर बहस नहीं होती
मरहम लगाने वाले की 
वंशावली पर होती है।

आपने अधिकार माँगा?
बहुत अच्छी बात है।
लोकतंत्र में माँगना आपका अधिकार है।
बस...
मिलना हमारा अधिकार है।

मैंने एक दिन 
बहुत विनम्र होकर कहा
महोदय, यह तो अन्याय है।
उन्होंने मुस्कुराकर कहा
आपकी भाषा कुछ अधिक स्वतंत्र हो रही है।

मैंने पूछा
तो क्या करूँ?
बोले
सत्य बोलिए... 
पर ऐसा, 
कि किसी को सत्य जैसा न लगे।

मैंने फिर पूछा
यदि फिर भी बोल दूँ?
बोले
फिर आप अकेले नहीं रहेंगे।

मैं खुश हो गया।
सोचा, वाह! इतना अपनापन!
उन्होंने बात पूरी की
फिर आपके साथ जाँच होगी, 
पूछताछ होगी, 
कुछ धाराएँ होंगी, 
और समय मिला तो जेल की सैर भी होगी।

मैंने कहा
इतनी-सी बात पर?
बोले
नहीं... सत्य पर नहीं।
सत्य बोलने की आदत पर।

उधर समाचारों में 
मेरा परिचय चल रहा था।
मैं स्वयं को पहचान नहीं पा रहा था।
जिस जीवन को मैंने बरसों जिया था, 
उससे कहीं अधिक रोचक जीवन 
मैं टीवी पर जी रहा था।

मुझे पता चला
मैं विदेशी भी हूँ, 
विधर्मी भी, 
राष्ट्रद्रोही भी, 
षड्यंत्रकारी भी...
मैंने आईने में देखकर अपने आप से कहा
भाई, 
तू तो बड़ा व्यस्त आदमी निकला 
तुझे ख़ुद ही नहीं मालूम था।

अब मैंने भी थोड़ी समझदारी सीख ली है।
किसी से यह नहीं कहता
यह अन्याय है।
मैं केवल पूछता हूँ
क्या न्याय आज छुट्टी पर है?
लोग हँस देते हैं।
कुछ लोग हँसते-हँसते 
मेरा नाम नोट कर लेते हैं।
अब तो हाल यह है कि 
सच बोलने से पहले मैं पानी नहीं पीता...
पहले यह देखता हूँ कि 
वकील महँगा है या डॉक्टर।

फिर भी एक मूर्खता 
आज तक नहीं गई।
जब भी अन्याय दिखाई देता है,
मेरे भीतर का बच्चा धीरे से पूछ बैठता है
ऐसा क्यों?
और मेरे भीतर का बूढ़ा 
उसके मुँह पर हाथ रख देता है
चुप!
इतनी मासूमियत 
इस समय में स्वास्थ्य के लिए 
हानिकारक है।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दो कविताएं

! दो कविताएँ !

मैंने दो तरह की कविताएँ पढ़ी हैं
एक, उन हाथों की 
जिनकी खिड़कियों से 
मौसम दिखाई देते हैं।
दूसरी, 
उन हाथों की जिनके सिर पर 
मौसम गिरते हैं।

अमीरों की कविता में
बारिश रिमझिम संगीत है,
धूप सोने का उजास,
और चाँद 
प्रेमिका की आँखों में ठहरा हुआ स्वप्न।

गरीबों की कविता में
बारिश बहता हुआ बिस्तर है,
धूप 
पसीने में जलता हुआ एक और दिन,
और चाँद 
खाली बर्तन में गूँजती हुई भूख।

एक ही बादल दो अर्थ लिखता है।
एक ही सूरज दो चेहरे गढ़ता है।
एक ही चाँद किसी के लिए गीत है, 
किसी के लिए रात भर जागने की वजह।
प्रकृति तो निष्पक्ष रहती है,
पर कविता वहाँ जन्म लेती है 
जहाँ जीवन अपने घाव छुपाता है।
इसलिए
जिसे तुम सौंदर्य कहते हो, 
वह किसी और की विपत्ति भी हो सकती है।

— देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

लुटेरे

! लुटेरे !

महमूद गजनवी 
इकलौता लुटेरा नहीं था,
वह तो घोड़े पर आया था,
तलवार की चमक के साथ।

आज के लुटेरे
घोड़े पर नहीं आते,
न उनके हाथों में तलवार होती है।
वे मुस्कुराते हैं,
भाषण देते हैं,
नारे गढ़ते हैं,
और कभी-कभी
आईने में हमारा ही चेहरा पहन लेते हैं।

वे मंदिर नहीं तोड़ते,
विश्वास तोड़ते हैं।
वे सोना नहीं लूटते,
भविष्य लूटते हैं।
उनके कदमों की आहट नहीं होती,
इसलिए इतिहास
उनका नाम भी नहीं लिखता।
देश हर बार
किसी आक्रमण से नहीं हारता,
कभी-कभी
अपनों की चुप्पियों से भी
खोखला हो जाता है।
और सबसे बड़ा लुटेरा 
शायद वह है
जो लूट को देखता है,
पहचानता है,
फिर भी चुप रहता है।

— देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

न जाने क्यों

! न जाने क्यों !

न जाने क्यों
हर सदी में
किसी न किसी नाम से
लौट आती है गुलामी।

कभी घोड़ों पर बैठकर,
कभी जहाज़ों में भरकर,
कभी नारों में छिपकर,
कभी सपनों का वेश धर।

हर बार कहा जाता है
अबकी बार नहीं
और हर बार
इतिहास मुस्कुरा देता है।
तलवारें बदल जाती हैं
जंजीरें नहीं।
चेहरे बदल जाते हैं
आज्ञाकारिता नहीं।

अचरज होता है
इतनी लंबी यात्रा के बाद भी
रास्ते क्यों पहचान में नहीं आते?
इतनी हारों के बाद भी
भ्रम क्यों जीवित रहता है?
कहीं ऐसा तो नहीं
कि बेड़ियाँ बाहर से कम,
भीतर से अधिक गढ़ी जाती हों।
और हर सदी में
विजेता बदलता हो,
पर पराजय का शिल्पकार
वही रहता हो।

— देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...