Monday, September 21, 2026

पानी

! पानी !

गाँव के बीचोंबीच
एक बहुत पुराना कुआँ था
उसके पानी पर
आकाश सबके लिए एक था
लेकिन घड़े
अलग-अलग रखे थे
कुछ घड़ों पर
चाँदी की गर्द थी
कुछ पर पीतल की चमक
और कुछ
मिट्टी में ही पड़े रहते थे
जैसे धरती ने
उन्हें अभी तक
अपना नाम न दिया हो।

कुएँ की जगत पर
एक बूढ़ी लकीर थी
किसी ने बताया
इसे पार मत करना
किसने खींची थी 
कोई नहीं जानता था
कितनी पुरानी थी
इतनी
कि उसके भीतर
लोगों की याद से ज्यादा
उनका डर जमा था।

एक दिन
एक आदमी आया
उसने
न कोई शंख बजाया
न कोई मंत्र पढ़ा
उसने बस
सारे घड़ों को
कुएँ में उलट दिया
पानी में
पहले हलचल हुई
फिर मिट्टी घुली
फिर पीतल
फिर चाँदी
और अंत में
केवल पानी बचा।

लोग चौंके
किसी ने कहा
पानी अपवित्र हो गया
वह हँसा
उसने हथेली में
वही पानी लिया
और पूछा
अगर पानी को
छूने से आदमी बदल जाता है
तो बारिश
किसके घर उतरती है 
आकाश चुप रहा
पेड़ चुप रहे
कुएँ की सीढ़ियों पर
बैठी काई तक
कुछ देर के लिए
अपना हरा रंग भूल गई
फिर उसने
मंदिर की ओर देखा
वहाँ पत्थर का एक देवता था
जिसके सामने
सैकड़ों वर्षों से
दीप जलते थे
दीप के पीछे
एक अँधेरा था
इतना स्थायी
कि लोग उसे
ईश्वर की छाया समझने लगे थे
वह आदमी
दीप के सामने नहीं गया
वह अँधेरे के पास बैठा
और देर तक
उसे देखता रहा
फिर बोला
जिस प्रकाश को
एक मनुष्य से दूसरे मनुष्य तक
जाने के लिए
दरवाज़े की अनुमति चाहिए
वह प्रकाश नहीं
किसी महल की चौकीदारी है।

उसने
दीवार पर उँगली रखी
वहाँ
सैकड़ों छोटे-छोटे खाने थे
हर खाने में
एक नाम बंद था
कुछ नामों पर
सिंदूर था
कुछ पर राख,
कुछ पर चंदन
और कुछ नाम
बिना किसी निशान के
अँधेरे में पड़े थे
उसने दीवार नहीं तोड़ी
उसने केवल
एक-एक करके
उन खानों के दरवाज़े खोल दिए।
अंदर से
नाम नहीं निकले
मनुष्य निकले।

उस दिन
गाँव में कोई उत्सव नहीं हुआ
बस
एक लड़की ने
पहली बार
अपने पैरों से
वह रास्ता चुना
जिस पर चलने की
उसे कभी अनुमति नहीं दी गई थी।

एक लड़के ने
पहली बार
किसी के सामने
अपना सिर नहीं
अपनी आँखें झुकाईं
और एक बूढ़े ने
अपने संदूक से
वह पुरानी मुहर निकाली
जिसे वह
पीढ़ियों से विरासत समझकर
संभालता आया था।

उसने उसे देखा
फिर कुएँ में फेंक दिया
मुहर पानी में डूबी नहीं
वह कुछ देर
सतह पर तैरती रही
जैसे सदियों का झूठ
डूबने से पहले
आखिरी बार
अपना चेहरा देख रहा हो।

अगली सुबह
बारिश हुई
कुएँ में
आकाश उतर आया
किसी ने पूछा
अब यह पानी किसका है ?
बूढ़ा आदमी मुस्कराया।
उसने कुएँ में देखा
और कहा
जिसे प्यास लगी है
उसका
और शायद
उस दिन
कुएँ ने पहली बार जाना
पानी को
पवित्र होने के लिए
किसी मनुष्य से
अनुमति नहीं चाहिए।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...