Monday, January 26, 2026

पथ के दो सहचर हम राही

पथ के दो सहचर हम राही, पावन ज्योति जगाएँ,
इस पावक में तपकर प्रियतम, स्वर्णिम आभा पाएं।
अनल बनेगा शीतल चंदन,संयम जो अपनाएँ 
शुचिता के इस महामंत्र से जीवन-मर्म सजाएँ॥

मौन सघन यह रैन प्रिये, क्यों मन यह विचलित होता?
तेरे दृग-झरोखों में क्यों, धैर्य निरंतर खोता?
अंतस में झंझा उठती है, तृष्णा की अकुलाहट,
क्या यह पाप? जिसे कहते सब, वासना की आहट।
इस असीम कोलाहल में हम,कैसे राह बनाएँ?

ओ विकल! यह पाप नहीं, यह महा-प्रेम की साधना,
तप्त शिखा पर चलने की, यह विमल-कठिन आराधना।
तज दे देह-आकर्षण को, कर आत्मा की अभ्यर्थना,
पीड़ा ही तो बनती है, शाश्वत सुख की संवर्धना।
हृदय-शांति के ध्रुव-तारे से, पथ की बाधाएँ मिटाएँ॥

एक-दूजे का कर गहे हम, मर्यादा-पथ जाएँ,
विकारों के इस पारावार में, नौका शुचित चलाएँ।
अमिट रहेगा प्रेम हमारा, काल न इसे मिटाएगा,
यह विराग का राग हमारा, जग को राह दिखाएगा।
दीप बनेंगे हम ऐसे, जो बुझकर भी जल जाएँ॥

उखाड़ फेंको

उखाड़ फेंको
अपने माथे से
दलित, पिछड़ा और
अबला होने का कलंक
शिक्षित, संगठित, सामर्थ्यवान और
सशस्त्र रहो
याद रहे कि जो ताकतवर है
दुनिया उसी के कदमों में झुकती है
निर्बलता की बेड़ियां काट फेंको!
इतिहास गवाह है—
कि मसीहा आसमान से नहीं टपकते
और न ही हक़ खैरात में मिलते हैं,
तुम्हारी पीठ पर लदी सदियों की गुलामी
तुम्हारी कमज़ोरी नहीं, उनकी साजिश है,
जो तुम्हें मंदिर की सीढ़ियों और
शास्त्रों के पन्नों में उलझाए रखते हैं।
और सुनो तुम! जिन्हें 'अबला' कहकर
चहारदीवारी की पवित्रता में कैद किया गया,
तुम कोई मिट्टी की मूरत नहीं
जिसे मर्जी आए तो पूजा जाए, मर्जी आए तो तोड़ दिया जाए।
उखाड़ फेंको अपने पैरों से
उन 'मर्यादाओं' की पायलों को
जो तुम्हें तरक्की की राह पर चलने से रोकती हैं।
याद करो—
खेतों में धान की रोपाई करती उन उंगलियों को
जो भूख के खिलाफ सबसे बड़ा युद्ध लड़ती हैं,
वे उंगलियाँ कमज़ोर कैसे हो सकती हैं?
तुम्हे 'देवी' बनाया गया ताकि तुम 'इंसान' न बन सको,
तुम्हें 'पूजनीय' कहा गया ताकि तुम 'अधिकार' न मांग सको।
अब वक्त है—
कि तुम सावित्रीबाई की किताब बनो
और झलकारी बाई की तलवार बनो,
उठो! कि अब तुम्हें बुद्ध की करुणा भी चाहिए
और बिरसा का तीर भी,
एक हाथ में कलम थामो जो अंधेरा चीर दे
और दूसरे में वह मुक्का, जो जुल्म का जबड़ा तोड़ दे।
मत भूलना—
कि नदियों ने अपना रास्ता खुद बनाया है,
पहाड़ों को काटकर पगडंडियाँ तुमने बनाई हैं,
तो फिर यह याचक सा मौन क्यों?
यह सहमी हुई निगाहें क्यों?
जब तक तुम डरे रहोगे,
वे तुम्हें 'अछूत' और 'बेचारा' कहते रहेंगे,
जिस दिन तुम अपनी मुट्ठियाँ भींचकर खड़े हो गए
उसी दिन ये सिंहासन ढह जाएँगे,
क्योंकि दुनिया दया का पात्र बनने वालों की नहीं
लड़कर अपना वजूद छीनने वालों की दासी है।
अबला होने का ढोंग जला दो
अपनी चेतना की आग में,
तुम जननी हो संघर्ष की,
तुम विद्रोही हो इस सड़े हुए निज़ाम की!
अंतिम बेड़ी टूटने तक—
अजेय रहो, दुर्जेय रहो!

चांद टूट रहा है

चाँद टूट रहा है
और उसके विखंडन से उठी धूल
आकाश की नहीं,
पूरी पृथ्वी की साँसों में भर रही है।
धरती अब ग्रह नहीं,
एक थकी हुई देह है—
जहाँ नदियाँ बहना भूल चुकी हैं
और सागर
कीचड़ में बदलकर
अपने ही जल से शर्मिंदा हैं।
उधर एक विमान
निर्लज्ज गति से
मंगल की ओर बढ़ चला है।
उसमें बैठे हैं
सत्ता की कुर्सियों से चिपके राजनेता,
धर्म को ठेके पर उठाए सौदागर,
पूँजी के कवच में छिपे
मानवता के शिकारी,
मंत्रों और कथाओं को
ढाल बनाए
आस्था के दलाल।
वे पलायन नहीं कर रहे
वे अपने विस्तार की
नई भूमि खोज रहे हैं।
और उधर मंगल
लाल नहीं,
भय से निर्वर्ण
सूर्य की ओर देखता है।
वह पुकारता है
“हे सूर्य,
इससे पहले कि यह विमान
मेरी मिट्टी को छुए,
मुझे जला दे।
मेरी चट्टानों को भस्म कर,
मेरे आकाश को राख कर दे,
मेरे अस्तित्व को
अग्नि में विलीन कर दे
मुझे
दूसरी पृथ्वी मत बनाना।”

क्या कहा

क्या कहा ! मेरे लिए फूल लाए हो
शजर से पूछा कि ऐसे ही तोड़ लाए हो।

क्या कहा ! मेरे लिए नग़में सजाए हो
रूह से मिले कि बस जिस्म ही गाए हो।

क्या कहा ! मेरे लिए घर छोड़ आये हो
माँ से पूछा कि बस ख़ुद ही भरमाये हो।

क्या कहा ! मेरे लिए खामोशी लाये हो
सुकून को चुना कि बस चीखें दबाये हो।

क्या कहा ! मेरे लिए दीपक जलाए हो
अंधेरा मिटा है कि बस पतंगे मिटाए हो।

क्या कहा ! हमको अपना बनाये हो
मेरा हक़ दिया है कि बस जंजीरे लाये हो।

क्या कहा ! सज़दे में सर झुकाए हो
इबादत है कि बस भय से घबराए हो।

क्या कहा ! हमसे मिलने आये हो
ख़ुद से मिले कि बस हमें आजमाए हो।

क्या कहा ! मेरे लिए आईना लाये हो
गज़ब किया आईने को आइना दिखाए हो।

खुशियों पर प्रतिबंध लगा है

ख़ुशियों पर प्रतिबंध लगा है
दुख सारे अनुबंधित हैं।
दूर रहो मुझसे ए साथी
स्वप्न-लोक भी खंडित हैं।

हँसी यहाँ अपराध बनी है
आँसू ही प्रमाणित हैं।
जोखिम भरा है सच कहना
झूठ ही सबमें दीक्षित हैं।

नींदों पर पहरे बैठे हैं
ख़्वाब सभी अतिनिंदित हैं।
मन के आँगन घोर अंधेरे 
बुझते दीप कलंकित हैं।

रिश्तों की इस भीड़ में देखो
सब अपने में सीमित हैं।
साथ चलें तो कैसे चलें हम 
पाँव भी सशंकित हैं।

फिर भी मन यह हार न माने
कुछ तो अटल अविचलित है।
टूटे स्वप्नों के मलबे में
उजास कई सुरक्षित हैं।

जागृति

मन का है खेल सारा, 
चंचल है इसकी गति,
कहीं द्वेष है, कहीं मोह है, 
कहीं क्षणिक ही प्रीति।
मगर इस शोर के सागर में, 
स्थिरता की नाव चाहिए,
हर तूफ़ान को सहने को, 
एक अटल ठहराव चाहिए।

क्यों भागे इस दौड़ में, 
जब मंज़िल भीतर है?
हर प्रश्न का उत्तर तो, 
इसी क्षण का अम्बर है।
सीखो वृक्ष से, जो धीर बन, 
फल का मौसम लाता है,
या पर्वत से, जो अचल रह, 
हर ऋतु को अपनाता है।
धैर्य ही वो अग्नि है, 
जो कच्चे को कुंदन करती है,
जल्दी में खोने से बेहतर, 
विलंब में पूर्णता भरती है।

जब बाहर के द्वार बंद हों, 
और अंतस हो जाए एकांत,
तब ध्यान की गहरी साँस से, 
मिलता विश्राम अनंत।
ये आँख मूंदना नहीं है, 
ये है जागने की क्रिया,
जहाँ विचार की नदी रुके, 
खुले बोध की खिड़कियाँ।
वहाँ द्वैत नहीं, अद्वैत है, 
न कोई कर्ता न कर्म,
बस देखने का सुख है, 
यही योग का मर्म।

जिसने धैर्य से ध्यान साधा, 
उसे शांति मिली गहरी,
अब सुख या दुःख आए, 
न आँख में चिंता ठहरी।
मन की स्थिरता ही 
परम सत्य का द्वार है,
जहाँ न चाह है किसी की, 
न किसी का अस्वीकार है।
ये शांति कोई इनाम नहीं, 
ये प्रकृति का मूल स्वरूप है,
जब जान लिया स्वयं को, 
तब हर परिणाम अनुरूप है।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

बताओ देव

देव!

बताओ

इस महा-शून्य के किस अतल में

अकिंचन की पुकार

एक 'अनसुनी प्रतिध्वनि' होकर बिखरती है?

​क्या वह

मंदिर की देहरी पर

पुजारी की बुहारन में बुहार दी जाती है,

या फिर

तुम्हारे वैभव के इस विराट शोर में

सिर्फ एक 'मौन विसंगति' बनकर रह जाती है?

​शायद सच यही है

कि स्वर्ग का द्वार

हृदय की लय पर नहीं,

स्वर्ण की थाप पर खुलता है।

झूठ का सच

भैया! रिसर्च का विषय है 
कि ये 'झूठ' पहली बार 
कब बोला गया?
किस तराजू में, 
किस नीयत से, 
कितना तोला गया?
सत्यवादी हरिश्चंद्र के ज़माने से हम 
सच का ढोल पीट रहे हैं,
पर हकीकत ये है कि 
हम सब 'सच्चाई' के नाम पर ही पिट रहे हैं।
हुआ ये होगा कि किसी 'मुन्ने' ने 
सच बोल दिया होगा,
कि— "हाँ मम्मी, 
वो कीमती गुलदस्ता मैंने ही तोड़ा है!"
फिर मम्मी ने प्यार से नहीं, 
बल्कि बेलन से उसका मुंह मोड़ा है!
बस, वहीं उस मासूम की रूह 
ज़रा सी कांप गई होगी,
उसकी अक्ल ने 
'सच' और 'सज़ा' की दूरी नाप ली होगी।
उसने सोचा—
"सच बोला तो गाल लाल हुए, 
और पिछवाड़ा भी सूजा है,
ये सच बोलना तो साला, 
सज़ा का ही नाम दूजा है!"
अगली बार जब कप टूटा, 
तो मुन्ने ने गजब की कला दिखाई,
बड़ी मासूमियत से अपनी उंगली 
'बिल्ली' की तरफ घुमाई।
वो बिल्ली तो म्याऊं बोलकर खिसक ली,
पर बच्चों ने झूठ की 'घुट्टी' पी 
और सच्चाई गटक ली।
पहली बार झूठ ने 
तब अंगड़ाई ली होगी,
जब सच्चाई ने 
ईमानदारी की 'बद-दुआ' पाई होगी।
आज भी देखिए, 
दफ्तर हो या घर का आंगन,
सच बोलने वाले को मिलता है 
'स्पष्टीकरण' का दामन।
बॉस पूछे— "देर क्यों हुई?"
सच कहो— "नींद नहीं खुली थी,
" तो नौकरी पर आफत है,
झूठ कहो— "ट्रैफिक जाम था," 
तो बड़ी राहत है!
तो साहिब! 
झूठ कोई शौक से नहीं अपनाता,
ये तो 'सज़ा के डर' का अवैध बच्चा है 
जो सबको भाता।
जिस दिन सच को 'इनाम' 
और 'मुस्कान' मिलने लगेगी,
यकीन मानिए, 
झूठ की ये दुकानें 
अपने आप जलने लगेंगी!

       - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Sunday, January 25, 2026

कलम आज बलिदानों की अमर कथा दोहराएगी।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एक गीत प्रस्तुत है -

कलम आज बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी
सोई हुई रगों में फिर से
नया जोश भर जाएगी।
उन बेटों को नमन करो जो
सीमा पर सो जाते हैं
माँ की आन बचाने खातिर
खुद माटी हो जाते हैं।
माटी के गौरव की आभा
जन जन तक पहुंचाएगी।
कलम आज बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी।

भगत सिंह के इंकलाब ने
सोए प्राण जगाए थे,
मौत खड़ी थी घुटने टेके
ऐसे शौर्य दिखाए थे।
लक्ष्मीबाई के रक्त से
लिखी गई जो गाथा है,
उसी वीरता के आगे
झुकता अंबर का माथा है॥
लाल लहू के छीटों की
चादर नभ में लहराएगी
कलम आज बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी।

यह आज़ादी मिली नहीं है
किसी दया की झोली में
लिखा गया इतिहास हमारा
शोणित वाली होली में।
अनगिन खाक हुए माटी में
पावन हुई इबारत है,
शीश चढ़े बलि वेदी पर
तब मिली हमें विरासत है॥
वीरों की थाती वीरों की
महिमा प्रतिपल गाएगी
कलम आज बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी।

​ये गणतंत्र का पर्व हमारा
स्वाभिमान की भाषा है
यही विश्व के मानचित्र पर
भारत की परिभाषा है।
बिस्मिल की सरफ़रोशियाँ
रग-रग में अब बहती हैं
आज़ाद की अमर गोलियाँ
दुश्मन से ये कहती हैं-
पराधीनता की जंजीर
नहीं कभी छू पाएगी
कलम आज बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी।

​जब तक इस पावन धरती पर
जीवित हिंदुस्तानी है
तब तक दुश्मन की हर कोशिश
केवल एक कहानी है।
आज शपथ लो इस मिट्टी की
मान न घटने पाएँगे,
लिए तिरंगा अम्बर तक हम
बढ़ते ही अब जाएँगे।
शब्द रहेंगे जब तक
शब्दों में विरदावली गाएगी
कलम हमेशा बलिदानों की
अमर कथा दोहराएगी।

     -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Monday, January 19, 2026

काम न आए कोई राम

व्यर्थ हुए हैं चारों धाम
काम न आए कोई राम।

​जब वहशत ने घेरा उसको
औंधे मुँह वह गिरी धड़ाम।

​पहले लूटा-पीटा उसको
फिर कर डाला काम तमाम।

​तुम न आए लेकिन उसके
होंठों पर था तेरा नाम।

​ज़िंदा अब भी क़ातिल उसके
राख हुई वह एक गुमनाम।

​कैसे समझाऊँ खुद को मैं
कैसे तुमको करूँ प्रणाम।

​अब वह धाम तुम्हारे है तो
संभव हो, दे दो आराम।

गीत नहीं लिख पाता हूँ

सूर्य सरीखे राजाओं की, प्रीत नहीं लिख पाता हूँ,
पौराणिक घटनाओं पर भी, गीत नहीं लिख पाता हूँ।

​बंसीधर की सब लीलाएं, मुझको याद जुबानी हैं,
धर्म-अधर्म के महासमर की, सबने सुनी कहानी है।

​नीलकंठ ने जीव जगत की, रक्षा को विषपान किया,
एक महर्षि ने सत्पथ पर, अस्थियों का भी दान किया।

​बीते युग की गाथाओं पर, छंदों का सावन बरसा है,
अंतर्मन का मरुथल फिर भी, बूंद-बूंद को तरसा है।

​मैं अतीत के उजले पन्नों में, फिर से ना खो पाऊंगा,
सत्ता की लोरी सुनकर, चैन की नींद ना सो पाऊंगा।

​राजा का गुणगान करें, वो चारण और रहे होंगे,
झूठे गौरव की गाथा, जो आँखें मूंद कहे होंगे।

छोड़ पुराने राग-द्वेष, अब नया तराना लाता हूँ,
वर्तमान की परिस्थितियों की, बांसुरी बजाता हूँ।

​उस माँ की ममता का कर्ज, बताओ आखिर कौन चुकाएगा,
जिसका बेटा सरहद पर या, सड़कों पर मिट जाएगा।

​जिनके तन पर फटे वसन हैं, मैं उनका स्वर बनता हूँ,
राजभवन के गलियारों में, प्रश्नों के सुर भरता हूँ।

​महलों के दरबारी सुर में, मैं न कभी मिल पाऊंगा।
ना ही किसी प्रलोभन में, होंठ मेरे सिल पाऊंगा।

​अस्पताल की चौखट पर, जो दम तोड़ती साँसें हैं,
सत्ता के गलियारों में, जो बिखरी पड़ी लाशें हैं।

​मैं उन बेबस चीखों का, सीधा सा सवाल बनता हूँ,
ठहरी हुई व्यवस्था का, मैं ही अब उबाल बनता हूँ।

​उम्मीदों की गर्दन में, फाँसी का फंदा लटक रहा है,
डिग्रियों की गठरी लादे, दर-दर पर जो भटक रहा है।

​उसके संघर्षों के स्वर में, अपना स्वर मिलाता हूँ,
सहमे, टूटे, बिखरे लोगों की, पीड़ाएं गाता हूँ।

​जब तक सड़कों के सन्नाटे, संसद तक न पहुँचेंगे,
जब तक भूखे पेट न्याय की, चौखट तक न पहुँचेंगे;

​तब तक मेरी हर कविता में, केवल हाहाकार रहेगा,
और कलम के हर अक्षर पर, पीड़ा का अधिकार रहेगा।

दिल का सच्चा लिखा है

 है बहुत नेक दिल का सच्चा लिखा है
जो भी लिखा है अच्छा लिखा है।

सितमगर को ज़ुल्मी अदावत को दहशत
फूलों के बच्चे को बच्चा लिखा है।

अभी ग़म में रोता है हंसता नही है
अभी इश्क़ कच्चा है कच्चा लिखा है।

बहुत तेज थी उसकी रफ़्तार साहब
हादसे में उड़ गया परखच्चा लिखा है।

मेहनत इबादत है, दरिया के लायक
ख़ैरात में उसे बस चहबच्चा लिखा है।

जो जज़्बात हैं मखमली प्यार के
रेशमी सूत का एक लच्छा लिखा है।

ज़ाहिर वही है जो दिल में छुपा था
'विनीत' ने सच का ही ढांचा लिखा है।

Sunday, January 18, 2026

वह तोड़ रही थी पत्थर

वह तोड़ रही थी पत्थर
अब भी तोड़ रही है पत्थर
कल इलाहाबाद में थी
अब है प्रयागराज के पथ पर।
​राजभवन देवालय बने
राजमार्ग गतिमान हुए
श्रम साकार हुआ लेकिन
उसकी हालत है बदतर।

​अट्टालिकाएं अंबर चूमतीं, 
नवल कांति से दीप्त हुईं,
किंतु स्वेद-कणों की गाथा, 
जन-कोलाहल में सुप्त हुई।
परिवर्तित संज्ञाओं के रथ, 
वेगवती धारा में बहते,
पर निष्ठुर हथौड़े के प्रहार, 
अब भी वही व्यथा कहते।

​तप्त धरा, लू के थपेड़े, 
रक्तिम नयन मौन विवशता,
विकास की चकाचौंध में, 
लुप्त हुई उसकी सहजता।
शिला-खंड पर अंकित है, 
उसके पुरुषार्थ का मूक साक्ष्य,
किंतु उसकी करुण वेदना
संवर्धित है चिर असाध्य।
व्यवस्थाओं की परिभाषा में, 
वह है उपेक्षित,हाशिये पर।
​वह तोड़ रही थी पत्थर
अब भी तोड़ रही है पत्थर।

Tuesday, January 13, 2026

वो जिसने पानी लिखा था

प्यास के मारे हजारों चिल चिलाती धूप में
तज रहे हैं श्वांस अपनी बेबसी के रूप में 
साजिशों के गीत में गूंथे व्यथा के छंद हैं
वो जिसने पानी लिखा था,जेल में अब बंद है।

कंठ सूखे, पथरीली धरती, आस की खेती ढही,
चीखती इंसानियत बस, मौन होकर रह गई।
न्याय की चौखट पे पहरे, झूठ का मकरंद है,
वो जिसने पानी लिखा था, जेल में अब बंद है।

​खोल दो बेड़ियाँ उसकी, जो सृजन का सार है,
कलम जिसकी चीखती, शोषितों की पुकार है।
सत्य के सूरज पे अब क्यों, कालिखों के बंध हैं,
वो जिसने पानी लिखा था, जेल में अब बंद है।

​तप रही है देह सबकी, दोष किसका है यहाँ?
प्यास जब बन जाए कैदी, तब बचेगा क्या कहाँ?
स्वार्थ के गलियारे देखो, हो रहे अति कंद हैं,
वो जिसने पानी लिखा था, जेल में अब बंद है।

Monday, January 12, 2026

नफ़रत के मंजर

​खूब लिखो गीत अब, नग़मे सुनाओ प्यार के,
शोर नफ़रत का इधर बेखौफ़ होता जा रहा है।

​कुर्सियों के लोभ में बदली हैं सब परिभाषाएं,
आदमी मजहब की कालिख में ही खोता जा रहा है।

​भीड़ ने घोषित किया 'काफिर' उसे और मार दिया,
चीखता बच्चा अकेले मां को रोता जा रहा है।

तख़्त-ओ- ताज और पुरोहित झूठ की गोदी में बैठे
न्याय अपनी कब्र में बेसुध ही सोता जा रहा है।

निराश न हो ऐ हवा, तेरा कोई कुसूर नही,
ये मंजर देख कर मेरा दम ही घुटता जा रहा है।

           -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Friday, January 2, 2026

अदृश्य तट

सुबह थी।
घर की देहरी पर खड़ा मैं
कुछ क्षण ठिठक गया।
माँ ने पूछा—
इतनी दूर क्यों जाना है?

मैंने कहा—
कुछ ढूँढ़ने।कुछ पाने।

माँ मुस्कराई,
उस मुस्कान में अनुभव था—
बोली,
जो ढूँढ़ने निकले हो,
उसे रास्ते में
छोड़ना भी पड़ेगा।

मैं समझ नहीं पाया,
पर कदम चल पड़े।
पीठ पर गठरी थी—
रोटियाँ कम थीं,
उम्मीदें ज़्यादा,
और ‘मैं’
सबसे भारी।
हां 
मेरे साथ सबसे भारी 
"मैं" ही था।

रास्ता कच्चा था।
कहीं धूल उड़ती थी,
कहीं गड्ढे मुँह चिढ़ाते थे।
मैं बड़बड़ाया—
रास्ता ठीक नहीं
बहुत खराब है।

तभी लगा
जैसे रास्ता ही
मेरी ओर देख रहा हो—
कह रहा हो,
मैं जैसा हूँ,
वैसा ही रहूँगा।
चलने वाले बदलते हैं
मैं नहीं
अगर चलना है,
तो अपने क़दम साधो।

उस क्षण
पहली सीख मिली—
रास्ते कम ही बदलते हैं,
यात्री को
खुद बदलना पड़ता है।

थोड़ी दूर पर
बाज़ार फैला था—
रंग, आवाज़ें, चमक।
हर चीज़ पुकार रही थी—
मुझे ले लो,
तुम पूरे हो जाओगे।
तुम्हारा जीवन सरल हो जाएगा।

मैंने उठाया,
फिर और उठाया।
झोली भर गई,
कंधा झुक गया।

एक बूढ़ा दुकानदार
चुपचाप देख रहा था।
बोला—
बेटा,
जितना उठा सको,
बस उतना ही चाहिए।

मैंने पहली बार
कुछ छोड़ दिया।
और अजीब यह था
कि छोड़ते ही
शरीर से अधिक
मन कुछ हल्का हो गया।

रास्ते में
एक सहयात्री मिली।
हम कम बोले,
साथ साथ ज़्यादा चले।
कदमों की चाल
अपने आप
एक-सी हो गई।

मैंने कहा—
साथ चलो।
वह बोली—
जब तक दिशा
एक है।

फिर मोड़ आया।
वह रुक गई।
मैंने हाथ बढ़ाया।
वह मुस्कराई—
याद रखना,
साथ चलना और
पकड़ना
एक बात नहीं।

उस दिन जाना—
प्रेम
रोकने में नहीं,
सम्मान से
मुक्त कर देने में
ज़्यादा सच्चा होता है।

आगे खेत मिले,
धूप तेज़ थी,
पर मज़दूर
चुपचाप काम में लगे थे।
पसीना बह रहा था,
शिकायत नहीं।

मैंने पूछा—
इतनी मेहनत क्यों?

एक ने कहा—
भूख डराती है।
दूसरा बोला—
काम नहीं।

मुझे समझ आया—
मेहनत
शोर नहीं करती,
शोर
अक्सर आलस्य करता है।

आगे
एक किसान मिला।
खेत जोत रहा था।
बोला—
“बीज तो डाल दिया है,
अब आसमान जाने।”
उसकी बात में
अहंकार नहीं था,
बस भरोसा था।
काम उसने किया,
फल का शोर
उसने नहीं मचाया।

थोड़ा आगे बढ़ा
तो देखा—
दो बैल रस्सी से बँधे थे।
एक ज़्यादा खींच रहा था,
दूसरा हाँफ रहा था।
रस्सी
दोनों की गर्दन में
एक-सी चुभ रही थी।
तभी समझ में आया—
खींचने वाला
खुद भी
बँधा होता है।

दोपहर होते-होते
थकान आ गई।
पेड़ की छांव में
बैठ गया।
मन बोला—
“मैंने बहुत किया।”
लेकिन छांव चुप थी,
हवा भी।
उनकी चुप्पी में
एक बात साफ़ थी—
जो होता है,
सबके मिलने से होता है।

फिर शहर आया।
ऊँचे भवन,
बड़े वादे,
लंबे भाषण।
एक नेता बोला—
मैं सबके लिए हूँ।
मैंने पूछा—
सब कौन?
वह हँसा,
पर उत्तर नहीं था।

मंच पर पहुँचकर
एक कुर्सी पड़ी दिखी—
ऊँची, सजी हुई।
उस पर कोई नहीं बैठा था।
थोड़ी देर बाद
वह नेता आया,
बैठा,
और अकड़ गया।
कुर्सी वही रही,
आदमी बदल गया।
तब समझ आया—
कुर्सी बड़ी नहीं होती,
बैठने वाला
छोटा हो जाता है।

एक चौराहे पर
भीड़ थी।
अफवाहें हवा में थीं।
हर चेहरा
डरा हुआ।
मैंने पूछा—
डर किस बात का है?
उत्तर आया—
सबसे।
मैं भीड़ से हट गया।
डर
पीछे रह गया।
तब समझ में आया—
डर
अकेले में नहीं,
भीड़ में
ज़्यादा पलता है।

आगे नदी आई।
गहरी, शांत।
नाव किनारे बँधी थी।
मैं रुका।
नाविक बोला—
डर किससे है?
मैंने कहा—
डूबने से।
वह मुस्कराया—
डूबता वही है
जो पानी से
लड़ता है।

मैं बैठ गया।
नाव चली।
नदी बहती रही।
मैं
देखता रहा।

रात हुई।
आकाश में तारे थे।
चारों ओर मौन।
मैंने खुद से पूछा—
मैं कौन हूँ?
उत्तर नहीं आया।
और उसी
न आने में
कुछ उतर गया
भीतर तक कहीं गहरे में।

उस रात
पहली बार
मैंने खुद को
कम जाना—
और वही
सबसे गहरी समझ थी।

मैंने कुछ छोड़ा नहीं।
पर पकड़
अपने आप ढीली हो गई।
अब चीज़ें
साथ थीं,
पर बोझ नहीं।

तभी जाना- 
वैराग्य
भागना नहीं,
हल्का हो जाना है।

वर्षों बाद
फिर वही देहरी।
माँ वही।
घर वही।
माँ ने पूछा—
क्या मिला?
मैंने कहा—
जो पहले था,
अब समझ में आया।
माँ मुस्कराई—
तो यात्रा
सफल रही।

अदृश्य तट
कहीं बाहर नहीं मिला।
जहाँ मन
डर से मुक्त हुआ,
भीड़ से अलग हुआ,
और जीवन
अपना लगा—
वही तट था।

यात्रा अब भी चल रही है,
पर अब
मैं रास्ता नहीं ढोता।
रास्ता
मुझे
धीरे-धीरे
अपने भीतर
ले जाता है।

Thursday, January 1, 2026

एक गोली सुबह एक गोली शाम

एक गोली सुबह एक गोली शाम
खाओ प्यारे जब तक मिले ना आराम।
मजबूर किसानों का 
हल खा चुके हो
बेबस,दुर्बलों का 
बल खा चुके हो
फरियादियों के आस की 
चिट्ठी फांक बैठे हो
मदद को उठ रहे 
दो हाथ काट ऐंठे हो
अब मिला है जाके तुम्हारी गति को विराम
एक गोली सुबह एक गोली शाम।


क्या कहा अभी 
सांस लेने में तकलीफ है
तुमने क्या दी किसी को 
सांसो की भीख है
हवा है भरी पेट 
बहुत अधिक फूला है
अपकर्म याद है कि 
सब कुछ जहन से भूला है
तुम्हारे बोये कांटे हैं ये चुभती सुईंया तमाम
एक गोली सुबह एक गोली शाम।

मुँह में हैं छाले 
आहार नाल में है घाव
क्या किया कभी किसी का 
भूख से बचाव
ज्वर से तपे है तन 
जोड़ों में दर्द है
लगता है चुकाने को 
अभी काफी कर्ज है
धीरज धरो सब ठीक रखेंगे राम
एक गोली सुबह एक गोली शाम।

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...