एक नेता
अरबों की योजना निगल गया
राजकोष की नसों में
सन्नाटा उतर आया,
नदी
काग़ज़ पर बाँध बन गई,
और बाँध
काग़ज़ पर ही
सिंचाई करने लगा।
उसी सुबह
अख़बार के प्रथम पृष्ठ पर
एक चमकती हुई सुर्ख़ी थी
सरकारी कर्मचारी
पाँच सौ रुपये रिश्वत लेते
रंगे हाथ पकड़ा गया।
पाँच सौ रुपये
एक छोटी-सी रकम,
पर अपराध पूरा था
किसी नागरिक के अधिकार पर
रखी गई वह हथेली
निर्दोष नहीं थी।
लेकिन प्रश्न यह नहीं
कि उसे क्यों पकड़ा गया।
प्रश्न यह है
पाँच सौ की रिश्वत
पूरे पृष्ठ की खबर कैसे बनी,
और अरबों की लूट
समाचार बनने से पहले ही
मौन में क्यों विलीन हो गई?
एक अधिकारी ने
मिट्टी का सौदा किया।
खेत
नक्शों में छोटे होते गए,
मेड़ें
काग़ज़ों से मिटती गईं,
और जहाँ कभी
फसल हवा से बातें करती थी,
वहाँ बहुमंज़िल इमारतें
आकाश को बाँटने लगीं।
करोड़ों की दलाली
शहर की शक्ल बदल गई।
अगले दिन खबर थी
सरकारी अधिकारी
पाँच हज़ार रुपये लेते गिरफ्तार।
पाँच हज़ार की हथेली
तस्वीर में साफ़ थी।
करोड़ों की उँगलियाँ
नक्शे के बाहर थीं।
एक नियुक्ति-अधिकारी ने
युवाओं के स्वप्नों की
बोली लगा दी।
वर्षों की पढ़ाई
एक लिफ़ाफ़े के सामने
अपना मूल्य खो बैठी।
योग्यता
द्वार पर खड़ी रही,
और मुद्रा
निर्णय-कक्ष में प्रवेश कर गई।
फिर भी
चौराहे पर सबसे अधिक
जिस वाक्य की पुनरावृत्ति हुई
सरकारी कर्मचारी
बिना पैसे के काम नहीं करता।
हो सकता है
यह शिकायत सत्य हो।
और यदि सत्य है,
तो उसका अपराध
पूरी कठोरता से देखा जाना चाहिए।
पर उसी समाज में
जब किसी की पूरी उम्र की कमाई
एक निर्णय की कीमत बन जाए,
तब अपराध का पैमाना
कहाँ रखा जाता है?
राजमार्ग का ठेका
करोड़ों का था।
सड़क बनी भी
पर ऐसी
कि मंज़िल तक पहुँचने का रास्ता
एक कठिन परीक्षा बन गया
पहली बरसात में
डामर उतर गया,
गड्ढों ने
सड़क की जगह ले ली,
और पुल
अपनी उम्र से पहले
बूढ़े हो गए।
यात्री
मंज़िल से पहले
अपनी गाड़ी नहीं,
अपनी प्रार्थना सँभालने लगे।
फिर खबर आई
सरकारी लिपिक
सौ रुपये लेते पकड़ा गया।
सौ रुपये
कानून की दृष्टि में अपराध थे
लेकिन वह राजमार्ग
जो करोड़ों लेकर भी
रास्ता न बन सका
उसकी दरारों में
किसका नाम लिखा था?
एक कर्मचारी ने
हथकड़ी को देखते हुए कहा
मेरी भूल
छोटी थी,
पर भूल थी
दंड उचित है
बस इतना जानना चाहता हूँ
क्या बड़े अपराधों के लिए
अख़बारों के पन्ने
छोटे पड़ जाते हैं?
दूसरा बोला
भ्रष्टाचार की सीढ़ी
बहुत लंबी है
कैमरा
अक्सर पहले पायदान पर
रुक जाता है।
तीसरे ने कहा
हमारी रिश्वत
गलत है
लेकिन पद बड़ा हो जाए
तो क्या अपराध
अपना अर्थ बदल देता है?
समाचार-पत्र चुप रहा
उसकी स्याही
छोटी हथकड़ी पर
बहुत चमकी
बड़ी फाइलों पर
कुछ फीकी पड़ गई
टेलीविज़न ने
कर्मचारी की गिरफ्तारी को
बार-बार दिखाया
हथकड़ी,
कैमरा,
भीड़,
सुर्ख़ी
अरबों की कहानी
फाइलों की तह में
एक संख्या बनकर रह गई।
दृश्य जितना सरल था,
तमाशा उतना बड़ा
सत्य जितना जटिल था,
मौन उतना गहरा।
विडंबना यह नहीं
कि छोटा कर्मचारी पकड़ा गया।
विडंबना यह है—
जिसने पाँच सौ लिए,
उसके हाथ में हथकड़ी है;
जिसने पाँच सौ करोड़ बनाए,
उसके हाथ में
उद्घाटन की कैंची।
एक का अपराध
हथेली पर दिखाई देता है,
दूसरे का
व्यवस्था की तहों में
भ्रष्टाचार
रकम का नाम नहीं
वह विश्वास के क्षरण का नाम है
सौ रुपये में
एक नागरिक का अधिकार बिके,
या अरबों में एक पूरी योजना
दोनों में
व्यवस्था का कोई हिस्सा
अपना धर्म खोता है।
अंतर केवल इतना है
छोटी रिश्वत
एक दरवाज़ा बंद करती है,
बड़ी रिश्वत
पूरे रास्ते की दिशा बदल देती है।
इसलिए
छोटी रिश्वत पर भी
हथकड़ी होनी चाहिए,
और बड़ी लूट पर भी
वही कानून उतरना चाहिए।
न्याय की आँख
राशि नहीं देखे,
पद नहीं देखे,
प्रभाव नहीं देखे
केवल अपराध देखे
क्योंकि
यदि न्याय की रोशनी
केवल नीचे तक पहुँचेगी,
तो ऊपर खड़े लोग
अपनी ही छाया में
निर्दोष दिखाई देते रहेंगे।
और तब
समाचार-पत्र में
हर सुबह एक नई सुर्ख़ी होगी
छोटी मछली पकड़ी गई।
जबकि
तालाब के तल में
अब भी
बहुत बड़े जबड़े
चुपचाप पानी हिला रहे होंगे।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment