Monday, September 21, 2026

अभाव

! अभाव !

सबसे पहले
उनसे
उनका समय छीन लिया गया
फिर
धीरे-धीरे
भविष्य भी।

जब वे छोटे थे,
किसी ने
उनकी आँखों में झाँककर नहीं पूछा
तुम क्या बनना चाहते हो?
उनके हिस्से
कुछ अधूरे स्कूल आए,
कुछ बंद दरवाज़े,
कुछ ऐसे शब्द
जो हमेशा दूसरों के लिए लिखे गए थे।

उन्होंने
पुस्तकों से अधिक
इंतज़ार पढ़ा
और इंतज़ार के बाद
लंबी चुप्पियाँ।

फिर एक दिन
उन्होंने पाया
कि अकेला आदमी
किसी की नज़र में नहीं आता
भीड़ आती है
और उसे
एक चेहरा दे देती है।

भीड़
उन लोगों का सबसे बड़ा घर है
जिनके पास
अपना कोई कमरा नहीं होता
वे
शोर नहीं करते,
पहले
वे अपने भीतर की
अनसुनी आवाज़ खोजते हैं।
लेकिन
जब आवाज़
देर तक नहीं सुनी जाती,
वह धीरे-धीरे
धक्का बन जाती है।
और धक्का
एक दिन
स्वभाव समझ लिया जाता है।

मैंने सोचा,
क्रोध करूँ
फिर लगा
क्रोध तो वहाँ किया जाता है
जहाँ चुनाव बचे हों।
यहाँ तो
बहुत पहले
चुनाव की जगह
अभाव ने ले ली थी।

जिसे कभी
सम्मान का एक क्षण नहीं मिला,
वह अक्सर
सम्मान का अर्थ भी
भूल जाता है।
जिसने
सिर्फ़ बंद रास्ते देखे हों,
वह खुली सड़क को भी
अपनी उपलब्धि समझ बैठता है।

दुनिया
उसे अपराधी कहती है।
मैं
उसके पीछे खड़ी
लंबी अनुपस्थितियों को देखता हूँ
वहाँ
एक शिक्षक नहीं है।
एक पुस्तकालय नहीं है।
एक काम नहीं है।
एक भरोसा नहीं है।

सिर्फ़ समय है,
जो धीरे-धीरे
मनुष्य के भीतर
खाली जगहें बनाता रहता है।
और खाली जगहें
कभी खाली नहीं रहतीं।
उन्हें
या तो विचार भरते हैं,
या उन्माद।

समाज
जब विचार नहीं देता,
तो उन्माद
खुद रास्ता खोज लेता है।
मुझे अब
उनसे उतना भय नहीं लगता।

मुझे भय
उन हाथों से लगता है
जो वर्षों तक
कुछ नहीं बोते,
और फिर
फसल के बारे में
भाषण देते हैं।

किसी भी देश का भविष्य
उस दिन नहीं टूटता
जब कोई भीड़
सड़क पर उतरती है।
वह बहुत पहले टूट चुका होता है
जब एक बच्चा
अपनी पहली हार के बाद
यह मान लेता है
कि उसके लिए
कोई जगह बनाई ही नहीं गई है।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...