Monday, September 21, 2026

अंधेरे का नागरिक

! अँधेरे का नागरिक !

शहर के आख़िरी सिरे पर
एक पुराना कुआँ था
इतना गहरा
कि उसमें झाँकने पर
अपना चेहरा नहीं
अपने पूर्वजों की आँखें दिखाई देती थीं।

हर शाम
एक आदमी वहाँ जाता
और भीतर झाँककर पूछता
कहाँ है वह उजाला
जिसका वादा मुझसे किया गया था?
कुआँ चुप रहता
कुएँ के ऊपर
पीपल की एक टेढ़ी डाल थी,
जिस पर हर मौसम में
कुछ सूखे हुए पत्ते
नये पत्तों का अभिनय करते थे।

घर में भी
एक ऐसी ही डाल थी
उस पर टँगी थी
एक पुरानी घड़ी
घड़ी चलती थी
मगर समय
कहीं नहीं जाता था
उस घर में
एक लड़का रहता था
जिसकी उम्र तीस के आसपास थी,
पर उसके भीतर
कई सर्दियाँ पहले ही पड़ चुकी थीं।
उसने आकाश को
कैलेंडर में देखना सीख लिया था।
सूरज
एक लाल निशान था
जिसका अर्थ था
फिर एक दिन बीत गया
चाँद
खिड़की पर पड़ती
एक ऐसी सफेदी
जिससे कमरे की गरीबी
और साफ दिखाई देती थी
रात को
वह अपनी हथेली खोलता
उसमें
कुछ टेढ़ी-मेढ़ी सड़कें थीं
वह उन पर उँगली फिराता
जैसे कोई भूगोल का विद्यार्थी
अपना खोया हुआ देश खोज रहा हो
कभी-कभी
उसे लगता
ये रेखाएँ मेरी नहीं हैं
किसी ने
मेरे जन्म से पहले
मेरे लिए रास्ते तय कर दिए हैं
फिर वह
अपनी मुट्ठी बाँध लेता
लेकिन मुट्ठी के भीतर भी
रास्ते बने रहते।

घर के बाहर
एक बहुत बड़ा फाटक था
फाटक पर
एक अदृश्य चौकीदार बैठा था
वह हर आने-जाने वाले से पूछता
तुमने क्या हासिल किया?
कोई कहता
मकान
कोई
पद
कोई
कार
कोई
बैंक बैलेंस

लड़का जब वहाँ से गुजरता
तो उसकी जेब से
सिर्फ कुछ सिक्कों की आवाज आती
चौकीदार
हँसता नहीं था
वह केवल
अपनी किताब में
एक और निशान लगा देता
धीरे-धीरे
लड़के ने महसूस किया
कि वह शहर में नहीं,
एक बहुत बड़ी
अदृश्य परीक्षा में रह रहा है।

हर चेहरा
प्रश्नपत्र था
हर संबंध
मूल्यांकन
हर सुबह
परिणाम
और प्रेम
प्रेम उस परीक्षा का
एक ऐसा प्रश्न था
जिसका उत्तर
उसे आता था,
लेकिन वह लिख नहीं पाता था।

एक दिन
उसने उस स्त्री से कहा
मेरे पास तुम्हें देने के लिए
कुछ भी नहीं।
स्त्री ने कहा
तुम हो।

वह चौंका
जैसे किसी ने
अँधेरे कमरे में
अचानक आईना रख दिया हो
उसे पहली बार
अपना चेहरा दिखाई दिया।

वह चेहरा
न असफल था,
न सफल
बस
एक मनुष्य का चेहरा था।

लेकिन बाहर
भीड़ जमा थी
भीड़ को
मनुष्य दिखाई नहीं देते
उसे पद दिखाई देते हैं,
मूल्य दिखाई देते हैं,
मुहरें दिखाई देती हैं,
ऊँचाई दिखाई देती है।
और जो आदमी
भीड़ की भाषा में
अपना परिचय नहीं दे पाता
उसका नाम
धीरे-धीरे मिटने लगता है
लड़के ने
अपने भीतर एक कमरा पाया
बहुत संकरा
उसमें
एक बल्ब लटका था
बल्ब के चारों ओर
काले कीड़े घूम रहे थे
हर कीड़ा
एक वाक्य था
तू कम है
तू पीछे है
तू योग्य नहीं
तू हार गया
वह उन कीड़ों को
हाथ से हटाता
तो वे लौट आते
और एक रात
बल्ब बुझ गया।

सुबह
कुएँ के पास
पीपल की डाल
कुछ अधिक झुकी हुई थी
पुरानी घड़ी
चल रही थी
फाटक पर बैठा चौकीदार
अब भी पूछ रहा था
क्या हासिल किया?
किसी ने
उत्तर नहीं दिया
केवल हवा आई
और उस अदृश्य रजिस्टर के
कई पन्ने उड़ा ले गई।

घर का बूढ़ा आदमी
बहुत देर तक बोलता रहा
फिर अचानक
उसे लगा
कि उसकी आवाज
किसी और की है
बहुत पुरानी
बहुत दूर से आती हुई
शायद उसके पिता की
शायद उनके पिता की।
शायद उस पूरी सभ्यता की
जो अपने बच्चों से
जीवन नहीं,
प्रमाण माँगती रही है।

वह चुप होना चाहता था
पर चुप्पी भी
उसकी अपनी नहीं थी
वह पीढ़ियों से चली आती थी
अब उसके सामने
एक प्रश्न नहीं था।
एक पूरा अँधेरा था
जिसमें
हर पीड़ित
अनजाने में
किसी दूसरे का
अँधेरा बन जाता है
और आदमी
अपने ही बनाए हुए
उस अँधेरे में
एक दिन
अपना चेहरा खोजता है
मगर वहाँ
चेहरा नहीं मिलता
सिर्फ
एक कुआँ।
एक टेढ़ी डाल।
एक बुझा हुआ बल्ब।
और भीतर से आती हुई
एक बहुत धीमी आवाज
मनुष्य को
मनुष्य रहने देने की
किसी ने कोशिश की थी क्या?

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...