रात बहुत शांत थी
दीपक
धीरे-धीरे छोटा हो रहा था
तेल
लगभग समाप्त था
पर लौ
अभी जीवित थी
उसने काँपकर
एक बार
पूरे कमरे को देखा।
दीवारें थीं
एक पुराना आईना था
कोने में
एक संदूक रखा था
और उस संदूक में
कितने बरस
चुपचाप सो रहे थे।
लौ ने
सबसे पहले
एक छोटी लड़की को देखा
वह मिट्टी में
उँगली से आकाश बना रही थी
उसके आकाश में
कोई सीमा नहीं थी।
फिर किसी ने
उसके हाथ में
गुड़िया रख दी
उसने आकाश
मिट्टी में ही छोड़ दिया
लौ थोड़ी काँपी।
अब उसे
एक दुल्हन दिखाई दी
लाल कपड़ों में
एक अपरिचित घर के बीच
वह मुस्करा रही थी
उस मुस्कान के पीछे
एक दरवाज़ा था
दरवाज़ा बंद था।
वह वर्षों
उस दरवाज़े के सामने
खड़ी रही
पर किसी ने
कभी पूछा नहीं
अंदर कौन है?
लौ ने
उस स्त्री को देखा
वह माँ बन चुकी थी।
उसकी गोद में
बच्चा सो रहा था
बच्चे के माथे पर
उसने अपना बचपन रख दिया था
और अपने हिस्से की
नींद
धीरे से
तकिए के नीचे छिपा दी थी।
लौ फिर काँपी
आईने में
अब एक और चेहरा था
झुर्रियों से भरा
पर आँखों में
वही छोटी लड़की
अब भी बैठी थी
उसने आईने से पूछा
तुम मुझे
कब से जानती हो?
आईना चुप रहा
कुछ प्रश्न
आईने भी नहीं लौटाते।
अचानक
कमरे में
एक पुराना गीत बजा
बहुत धीमा
उसे याद आया
कभी उसने भी
गाना चाहा था
कभी उसे भी
दूर किसी नदी के किनारे
अकेले बैठना था।
कभी वह
बिना किसी रिश्ते के
सिर्फ़ अपने नाम से
जीना चाहती थी
उसने वे सब इच्छाएँ
एक-एक करके
किसी अदृश्य संदूक में रख दी थीं
चाबी
किसी और को दे दी थी।
अब
लौ छोटी हो रही थी
कमरे की दीवारें
पीछे हटने लगीं
चेहरे धुँधले पड़े
नाम मिट गए
रिश्ते
धुएँ की तरह
ऊपर उठने लगे
और तभी
उसने देखा
संदूक खुला पड़ा है
उसमें
न कोई गहना था
न कोई चिट्ठी
न कोई स्मृति
सिर्फ़
एक स्त्री थी
अधूरी
पर जीवित
लौ ने
उसे अपनी ओर बुलाया
वह स्त्री
संदूक से बाहर आई
बहुत धीरे
जैसे पहली बार
अपने ही भीतर से
निकल रही हो।
अब
तेल की आख़िरी बूँद थी
लौ ने
एक बार फिर
पूरा कमरा रोशन किया
उस उजाले में
न बेटी थी
न पत्नी
न माँ
न किसी घर की
मर्यादा
सिर्फ़
एक चेहरा था
और उस चेहरे पर
अजीब-सी शांति।
लौ बुझ गई
कमरा अँधेरे में था
पर शायद
पहली बार
उस स्त्री के भीतर
कोई उजाला
बुझा नहीं था।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment