सुना है
यह लोकतंत्र है
यहाँ आपको सब कुछ कहने की स्वतंत्रता है।
बस
कहने से पहले यह देख लीजिए कि किसके बारे में कह रहे हैं
बाकी स्वतंत्रता पूरी है।
यदि भूख पर बोलेंगे
तो आपको अर्थशास्त्र समझाया जाएगा।
यदि बेरोज़गारी पर बोलेंगे
तो आपको परिश्रम का महत्व बताया जाएगा।
यदि अन्याय पर बोलेंगे
तो आपकी जन्मपत्री खोली जाएगी।
और यदि फिर भी आप न माने
तो आपको राष्ट्रप्रेम का
क्रैश-कोर्स कराया जाएगा।
अद्भुत व्यवस्था है !
चोर से कोई नहीं पूछता
तुमने चोरी क्यों की?
पूछा यह जाता है
तुमने उसे चोर क्यों कहा?
यहाँ घाव पर बहस नहीं होती
मरहम लगाने वाले की
वंशावली पर होती है।
आपने अधिकार माँगा?
बहुत अच्छी बात है।
लोकतंत्र में माँगना आपका अधिकार है।
बस...
मिलना हमारा अधिकार है।
मैंने एक दिन
बहुत विनम्र होकर कहा
महोदय, यह तो अन्याय है।
उन्होंने मुस्कुराकर कहा
आपकी भाषा कुछ अधिक स्वतंत्र हो रही है।
मैंने पूछा
तो क्या करूँ?
बोले
सत्य बोलिए...
पर ऐसा,
कि किसी को सत्य जैसा न लगे।
मैंने फिर पूछा
यदि फिर भी बोल दूँ?
बोले
फिर आप अकेले नहीं रहेंगे।
मैं खुश हो गया।
सोचा, वाह! इतना अपनापन!
उन्होंने बात पूरी की
फिर आपके साथ जाँच होगी,
पूछताछ होगी,
कुछ धाराएँ होंगी,
और समय मिला तो जेल की सैर भी होगी।
मैंने कहा
इतनी-सी बात पर?
बोले
नहीं... सत्य पर नहीं।
सत्य बोलने की आदत पर।
उधर समाचारों में
मेरा परिचय चल रहा था।
मैं स्वयं को पहचान नहीं पा रहा था।
जिस जीवन को मैंने बरसों जिया था,
उससे कहीं अधिक रोचक जीवन
मैं टीवी पर जी रहा था।
मुझे पता चला
मैं विदेशी भी हूँ,
विधर्मी भी,
राष्ट्रद्रोही भी,
षड्यंत्रकारी भी...
मैंने आईने में देखकर अपने आप से कहा
भाई,
तू तो बड़ा व्यस्त आदमी निकला
तुझे ख़ुद ही नहीं मालूम था।
अब मैंने भी थोड़ी समझदारी सीख ली है।
किसी से यह नहीं कहता
यह अन्याय है।
मैं केवल पूछता हूँ
क्या न्याय आज छुट्टी पर है?
लोग हँस देते हैं।
कुछ लोग हँसते-हँसते
मेरा नाम नोट कर लेते हैं।
अब तो हाल यह है कि
सच बोलने से पहले मैं पानी नहीं पीता...
पहले यह देखता हूँ कि
वकील महँगा है या डॉक्टर।
फिर भी एक मूर्खता
आज तक नहीं गई।
जब भी अन्याय दिखाई देता है,
मेरे भीतर का बच्चा धीरे से पूछ बैठता है
ऐसा क्यों?
और मेरे भीतर का बूढ़ा
उसके मुँह पर हाथ रख देता है
चुप!
इतनी मासूमियत
इस समय में स्वास्थ्य के लिए
हानिकारक है।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment