यह सृष्टि ओस की बूँद महज़,
जो धूप चढ़े उड़ जाती है,
यहाँ कली खिलने से पहले
काँटों से घबराती है।
जिसे बहार कहे दुनिया,
पतझड़ का एक बहाना है,
प्यासे पंछी को धरती भी
अब मृगतृष्णा दिखाती है।
वह मुखड़ा एक चमेली था,
पर खुशबू बड़ी ज़हरीली थी,
आँखें झील-सी गहरी थीं,
पर डगर बहुत पथरीली थी।
उस कोमल पल्लव के पीछे
एक नुकीला काँटा था,
वह जीवन-रेखा लगती थी,
पर मृत्यु से उसका नाता था।
मुझ पर कुदरत ने वार किए,
कभी धूप के, कभी पाले के,
मैं सीधा-सादा बिरवा था,
पर ज़ख्म मिले थे छाले के।
जब जड़ें उखाड़ दीं दुनिया ने
और शाखों को भी तोड़ दिया,
तब पाल लिए मैंने तूफ़ाँ,
उजियारे से मुँह मोड़ लिया।
अब दोष न देना ईश्वर तुम,
मैंने तो शीश झुकाया था,
हर पत्थर को देव समझ
श्रद्धा का अर्घ्य चढ़ाया था।
तुम मौन रहे जब दुनिया ने
मेरा अस्तित्व मिटाया था,
जब धूप झुलसती थी तन को,
तब नाम तुम्हारा ध्याया था।
मत कहना मैं पथभ्रष्ट हुआ
या मैंने मर्यादा तोड़ी,
उस तूफ़ाँ से क्या पूछोगे
जिसकी तुम ही ने दिशा मोड़ी।
जब न्याय न मिला चौखट पर,
विष को मैंने अमृत माना,
फिर भी कांटो की राहों ने
मेरा जीवन भरमाया।
अब अग्नि-पुत्र हूँ, राख नहीं,
जो चरणों में बिछ जाऊँगा,
तुम गढ़ना अपनी स्वर्ग-सभा,
मैं नरक-नाद बन जाऊँगा।
अब दोष न देना ईश्वर तुम,
गर मैं भी पत्थर हो जाऊँ,
कुम्हार तुम्हीं थे इस मन के,
फिर क्यों न मैं बिखर जाऊँ।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment