लोहा पिघलाकर खंजर बनाये जा रहे हैं
उपजाऊ जमीन को बंजर बनाये जा रहे हैं।
आंखों में चुभ रही है झुग्गी झोपड़ी गरीब की
अमीरों के आलीशान मंजर बनाये जा रहे हैं।
बढ़ रही आबादी बेरोजगारी और गरीबी भी
रोग ये भारत को अस्थिपंजर बनाये जा रहे हैं।
झूठ में उलझा रहे न कह सके सच बात कोई
जहन में रोज सैकड़ो पिंजर बनाये जा रहे हैं।
विपत्तियों के हल नही, व्यर्थ की उछल कूद है
जंगल के महाराज जो बंदर बनाये जा रहे हैं।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment