Monday, May 25, 2026

सत्य और प्रतीक

!सत्य और प्रतीक !

सत्य को
निर्वस्त्र ही उतरना चाहिए शब्दों में,
जैसे प्रातःकाल उतरता है
नदी के निर्मल जल पर।
यदि उसे प्रतीकों के रेशमी आवरण दोगे,
तो मनुष्य
आवरणों का उपासक हो जाएगा।
फिर शंख बचेंगे,
पर समुद्र खो जाएगा;
दीप बचेंगे,
पर अग्नि का ताप नहीं;
मंदिर बचेंगे,
पर प्रार्थना की आत्मा विलीन हो जाएगी।
लोग प्रतीकों के स्वर्ण-मुकुट गढ़ेंगे,
उन पर आस्थाओं के पुष्प चढ़ाएँगे,
और सत्य
किसी अंधी गुफा में
प्रतिध्वनि की तरह कैद पड़ा रहेगा।
व्याख्याएँ
उसके चारों ओर मकड़ी-जाल बुन देंगी,
मान्यताएँ
पत्थर की दीवारों-सी कठोर हो जाएँगी,
और कल्पनाएँ
धुएँ की तरह आकाश भर देंगी।
तब शब्द जीवित रहेंगे,
नारे राजसिंहासनों पर बैठेंगे,
प्रतिमाएँ धूप और चंदन से दीप्त रहेंगी,
किन्तु सत्य—
एक भूले हुए ऋषि की भाँति
सभ्यता के कोलाहल में
अनसुना पड़ा रहेगा।
क्योंकि प्रतीक धीरे-धीरे
अपने संकेत होने का धर्म भूल जाते हैं;
वे स्वयं देवता बन बैठते हैं।
और सत्य,
उनके चरणों की धूल में दबा,
युगों तक
एक उपेक्षित प्रश्न की तरह
मनुष्य की आत्मा को पुकारता रहता है।

   - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...