Monday, May 25, 2026

सच अब भी मरा नहीं है

! सच अब भी मरा नहीं है !

वे आए थे
जैसे पहाड़ों से उतरती है
कोई स्वच्छ धारा,
और हम ने
अपने सूखे घड़ों को
उनकी ओर बढ़ा दिया था।

फिर एक दिन
धारा के किनारे
लोहे के फाटक उग आए,
और पानी
कुछ ऊँचे घरों की ओर मुड़ गया।
जो आदमी
भीड़ में सबसे साधारण दिखता था,
धीरे-धीरे
उसके पीछे चलने लगीं
काली शीशों वाली गाड़ियाँ,
और उसके शब्दों से
रोटी की गंध चली गई।

बाजार में
अब भी बिक रही है
थोड़ी-सी नमक मिली आटा-धूल,
थोड़ा-सा ज़हर मिला दूध,
और अख़बार के पहले पन्ने पर
एक मुस्कराहट
पूरा देश ढँक लेती है।
लोग पूछते हैं प्रश्न
तो उनके सिर पर
एक अदृश्य मुहर लगा दी जाती है,
जैसे वे नागरिक नहीं,
किसी पराजित ऋतु के अवशेष हों।
फिर भी
कहीं किसी अँधेरे घर में
एक बूढ़ा आदमी
धीरे से कहता है
सच अब भी
इतना मरा नहीं है
कि उसका नाम लेना छोड़ दिया जाए।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...