उन्होंने कहा
ईश्वर सर्वशक्तिमान है
अंतर्यामी है
समस्त सृष्टि का पालनकर्ता है
मैं नतमस्तक हुआ
श्रद्धा से हाथ जोड़े
दीप जलाए
प्रार्थनाएँ कीं।
फिर एक दिन उन्होंने कहा
हम अपने ईश्वर की रक्षा करेंगे,
उस पर आंच नहीं आने देंगे।
और उसी क्षण
धरती पर रक्त बहा,
घर धुएँ में बदल गए,
मासूम चीखों में डूब गए।
तब मुझे समझ आया
उनका ईश्वर
आकाश जितना विराट नहीं,
मनुष्य जितना छोटा है।
वह भी डरता है,
अपमानित होता है,
क्रोधित होता है,
सत्ता चाहता है।
वह उनके भीतर बैठे
भय, अहंकार और लोभ
का ही दूसरा नाम है।
No comments:
Post a Comment