Tuesday, May 19, 2026

मेरी चुप्पी

//मेरी चुप्पी//

सभ्यता के चौक पर
वे एक-एक कर
पत्थरों की आँखें फोड़ते रहे।
किसी की उँगली में
अब भी भविष्य की ओर उठा हुआ संकेत था,
किसी के होंठों पर
मनुष्य होने का अधूरा स्वप्न काँप रहा था,
किसी की दृष्टि में
धूप से झुलसे खेतों और भूखे घरों की आग थी
वे सब गिरा दिए गए।
मैं हर बार
अपनी खिड़की भीतर से बंद कर लेता था
सोचता था
मेरी नींद पर इसका क्या असर।

धीरे-धीरे
नगर की हवा में चूने और धूल की गंध भर गई,
पुस्तकों के पृष्ठ
राख की तरह उड़ने लगे,
और शब्दों के कंधों पर बैठे पक्षी
एक-एक कर
निर्वासन में चले गए।
फिर उन्होंने
स्मृतियों की नसों में लोहे की कीलें ठोक दीं।
इतिहास के चेहरे पर
कालिख पोती,
और बच्चों की आँखों में
एक लंबा अँधेरा बो दिया।
मैं तब भी चुप रहा।
मेरी चुप्पी
मेरे भीतर पलते भय का
सबसे आज्ञाकारी सेवक थी।

अब रात
मेरे दरवाज़े पर हथौड़े की तरह बजती है।
आँगन में
टूटते हुए पत्थरों की आवाज़ नहीं,
मेरी ही आत्मा के चटकने की ध्वनि गूँजती है।
मैं सहायता के लिए पुकारता हूँ
पर चारों ओर
सिर्फ धूल उड़ती है।
प्रतिवाद करने वाले सारे स्वर
बहुत पहले
मेरी सुविधा की चुप्पी में
दफ़्न हो चुके हैं।

और तब
मुझे समझ में आया
मूर्तियाँ कभी पत्थर नहीं थीं,
वे मनुष्य की स्मृति में बची हुई
अंतिम करुणाएँ थीं।
उन्हें तोड़ने वाले हाथ
दरअसल बाहर नहीं,
हमारे भीतर उगते हैं
जहाँ भय
धीरे-धीरे विवेक का गला घोंट देता है,
और सुविधा
सत्य से बड़ी हो जाती है।
सभ्यताएँ
तलवारों से कम,
मौन से अधिक नष्ट होती हैं।
एक दिन
जब पृथ्वी पर
सिर्फ विजेताओं की धूल बचेगी
और पराजितों की कोई कथा नहीं,
तब मनुष्य
अपने ही बनाए अँधेरे में
एक अनाम खंडहर की तरह खड़ा होगा।
उस समय
कोई मूर्ति नहीं टूटेगी
क्योंकि मनुष्य के भीतर
प्रतिमा बनने योग्य
कुछ भी शेष नहीं रहेगा।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...