सुबह अभी पूरी तरह जागी भी न थी,
कि लोहे के दाँतों वाली पीली भूख
गलियों में उतर आई।
धूप ने काँपते हुए
अपनी पहली किरण
एक ठेले पर रखे अमरूदों पर डाली ही थी,
कि अचानक
आकाश में आदेशों की कठोर ध्वनि भर गई।
फिर देखा गया
एक बूढ़ा अपने मिट्टी के घड़ों को
वैसे समेट रहा था
जैसे कोई पिता
युद्ध में अपने बच्चों को बचाता है।
एक स्त्री
टोकरी में रखे नींबुओं को छाती से चिपकाए
बार-बार कह रही थी
साहब, यह दुकान नहीं,
चूल्हे की साँस है…
पर सत्ता के जूतों को
रुदन सुनाई नहीं देता।
वे केवल नक्शे देखते हैं,
जहाँ मनुष्य नहीं,
सिर्फ़ अतिक्रमण लिखा होता है।
और फिर
बुलडोज़र बढ़ता है
मानो किसी राजा का मदांध हाथी,
जिसे कुचलने में
अपनी विराटता का प्रमाण मिलता हो।
मिट्टी के बर्तन
एक-एक कर टूटते हैं,
जैसे सदियों पुरानी सभ्यताओं की खोपड़ियाँ।
फल सड़क पर बिखर जाते हैं,
मानो भूख का रक्त बह निकला हो।
गन्ने का रस
धूल में मिलकर
ऐसा लगता है
जैसे किसी गरीब की नसों से
निचोड़ा गया अंतिम विश्वास।
और वे लोग
जो कल तक
इन्हीं हाथों से शहर को स्वाद,
रंग और जीवन देते थे,
आज राख के किनारे खड़े
अपनी ही पराजय की गंध सूँघते हैं।
पर सबसे भयावह दृश्य
टूटती दुकानों का नहीं था
बल्कि वे चेहरे थे
जिन पर विध्वंस के बीच
एक अजीब-सा संतोष चमक रहा था।
मानो निर्माण कभी सुख देता ही न हो,
मानो सृजन बहुत धीमा, बहुत मानवीय कर्म हो,
और विनाश
विनाश ही असली उत्सव हो सत्ता का।
क्योंकि....
क्योंकि
एक बीज को वृक्ष बनने में वर्षों लगते हैं,
पर कुल्हाड़ी को
सिर्फ़ एक क्षण चाहिए।
और इतिहास गवाह है
सिंहासन अक्सर
उन हाथों की तालियों से गूँजते रहे हैं
जो रोटियाँ नहीं बना सके,
पर घर गिराने में दक्ष थे।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment