Tuesday, October 20, 2026

अपराधी का चेहरा

 शहर के बीचोंबीच

एक बहुत पुराना तराजू था

उसकी एक पलड़े में

खून रखा था,

दूसरे में

एक झंडा

अजीब था वह तराजू

खून का वजन

झंडे के रंग से बदल जाता था

कभी

एक बूंद

पूरा समुद्र हो जाती,

कभी

समुद्र

पूजा की थाली में

चरणामृत।


न्याय की आंखों पर

पट्टी थी

लोग कहते थे

वह निष्पक्ष है

मैंने देखा,

पट्टी के नीचे

दो आंखें थीं

एक आंख

अपराध देखती थी,

दूसरी

अपराधी का पता

और पता

अक्सर

अपराध से बड़ा होता था।

शहर में

कई शिकारी थे

कुछ जंगल में रहते थे,

कुछ संसद में

कुछ के हाथ में

बंदूक थी,

कुछ के हाथ में

संविधान की जिल्द

फर्क इतना था

पहले वाले

शिकार के बाद

हाथ धोते थे,

दूसरे

हाथ धोकर

शिकार करते थे

एक दिन

सत्ता ने आईना बनाया

उसमें

हर चेहरा दिखता था,

मगर अजीब बात थी

आईना चेहरे नहीं,

झंडे पहचानता था

लाल चेहरा

अपराधी था

केसरिया चेहरा

योद्धा

हरा चेहरा

संदिग्ध

और सफेद चेहरा

निर्दोष

आईना

झूठ नहीं बोलता था,

बस

उसे बोलना सिखाया गया था

मैंने पूछा

अपराध का रंग क्या है?

किसी ने कहा

काला

मैंने रक्त देखा

वह लाल था

किसी ने कहा

अपराधी की कोई जाति होती है

मैंने लाश देखी

उसकी कोई जाति नहीं थी

किसी ने कहा

अपराधी का कोई धर्म होता है

मैंने कब्र देखी

वह चुप थी

श्मशान भी

सत्ता के गलियारों में

कुछ अपराध

बहुत बूढ़े हो चुके थे

उनके बाल सफेद थे,

उनकी आवाज में

धर्म था,

उनके कंधों पर

सम्मान के फूल।

उनकी उंगलियों पर

पुराने खून के निशान थे

मगर इतिहास ने

उन उंगलियों पर

चंदन लगा दिया था

और कुछ अपराध

अभी जवान थे

उनके माथे पर

एक नाम लिखा था

एक मजहब,

एक मोहल्ला,

एक डर

इसलिए

उनका हर अतीत

उनके विरुद्ध

गवाही देता था

कभी-कभी

अपराधी को

सजा नहीं मिलती

उसे

सिंहासन मिलता है

और कभी

सिंहासन को

अपराधी चाहिए होता है

तब कानून

एक तलवार बनता है

जिसकी मूठ

सत्ता के हाथ में होती है

तलवार

न्याय की लगती है,

पर उसकी धार

सिर्फ उसी तरफ जाती है

जहाँ इशारा होता है

मैंने इतिहास से पूछा

तुमने किसे महान बनाया?


इतिहास मुस्कराया

बोला

जिसके हाथ में

कलम थी,

उसने अपने अपराध

महापुरुषों की जीवनी में छिपा दिए

और जिसके पास

कलम नहीं थी,

उसकी पूरी जिंदगी

अपराध की कथा बन गई

मुझे डर

अपराधियों से कम है

मुझे डर

उन हाथों से है

जो अपराधी चुनते हैं

मुझे डर

उस भीड़ से है

जो अपने अपराधी के लिए

फूल लेकर निकलती है,

और दूसरे के लिए

पत्थर

मुझे डर

उस समाज से है

जो न्याय नहीं मांगता,

सिर्फ

अपने पक्ष का न्याय मांगता है

क्योंकि उस दिन

न्याय मरता नहीं

उसका

विभाजन हो जाता है।

फिर एक बच्चा आया।

उसने पूछा

बाबा,


अपराधी कौन होता है?

बहुत देर तक

कोई उत्तर नहीं आया

फिर

शहर की सबसे पुरानी दीवार

धीरे से बोली

जिस दिन

तुम किसी अपराध को

अपने पक्ष में देखकर

अपराध कहना छोड़ दोगे,

उसी दिन

तुम्हारे भीतर

अपराधी जन्म ले चुका होगा।

बच्चा चुप रहा

हवा भी

और दूर

किसी चौक पर

एक नया झंडा

फहरा रहा था

उसकी छाया में

दो आदमी खड़े थे

एक के हाथ में

खून था,

दूसरे के हाथ में

उसे सही सिद्ध करने वाला

तर्क

मुझे समझ आया

सभ्यता का सबसे खतरनाक अपराध

हत्या नहीं है

हत्या को

अपने पक्ष में

पवित्र मान लेना है

और शायद

मनुष्य की सबसे बड़ी त्रासदी यही है

वह न्याय चाहता है,

पर पहले

यह तय करना चाहता है

कि कटघरे में

खड़ा आदमी

उसका है

या हमारा।


No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...