वह अतिउत्साही—
अपने साहस पर गर्व करता युवक,
स्वयं को राम का
अनन्य भक्त कहता था।
राम के नाम पर
उसकी नसों में
रक्त नहीं,
उबाल दौड़ता था।
कोई यदि राम के विरुद्ध
एक शब्द भी कह देता,
तो उसका धैर्य
क्षण भर में बिखर जाता।
प्रतिदिन की भाँति
राम–जानकी मंदिर में
पूजा के पुष्प अर्पित कर
वह अभिमान से भर उठता—
जैसे ईश्वर ने
आज फिर
उसी को चुन लिया हो।
धर्म की ध्वजा थामे
वह अपने
स्वरचित संसार में उतरता—
विजेता की तरह,
जहाँ प्रश्न अपराध थे
और आस्था
अंतिम प्रमाण।
पर मंदिर की सीढ़ियाँ
ज्यों ही पीछे छूटतीं,
चौराहे पर पहुँचते ही
उसकी शिष्टता
धूल में गिर जाती।
अकेली जाती
एक युवती पर
उसने फब्तियाँ उछालीं—
शब्द नहीं थे वे,
नुकीले पत्थर थे।
वह प्रतिकार करती
उससे पहले ही
वह भाग चुका था—
कायरता को
चपलता का नाम देकर।
घर पहुँचा तो
अपने ही भाई की भूमि पर
बलपूर्वक कब्ज़े के मामले में
न्यायालय का आदेश
उसकी प्रतीक्षा कर रहा था।
जब जाना कि
मुक़दमा हार गया है,
तो उसका क्रोध
सातवें आसमान के पार
जा पहुँचा।
फिर भी—
ईश्वर पर उसकी आस्था
अडिग थी।
वह मानता था,
ईश्वर
अवश्य उसके पक्ष में
न्याय करेगा।
खाटू श्याम मंदिर की दीवारों पर
लिखी पंक्तियाँ
उसके भीतर गूँज रही थीं—
“हर हारे का सहारा,
बाबा श्याम हमारा।”
और उसी सहारे ने
उसे इतना निर्भय कर दिया
कि माँ के सामने ही
उसने अपने भाई को
मार डाला।
माँ रोई—
हाँ, बहुत रोई।
लेकिन उसके चेहरे पर
पश्चाताप नहीं था,
एक विजयी मुस्कान थी—
जैसे उसने
कोई धर्मयुद्ध
जीत लिया हो।
वह फिर दौड़ा
राम–जानकी मंदिर—
पुष्प अर्पित करने,
क्योंकि उसका विश्वास था
यह सब कर गुजरने की शक्ति
उसे राम से ही
मिली थी।
रामचरितमानस के पाठ का आयोजन कर
उसने माता–पिता के चरणों में
शीश झुकाया—
और एक दिन
उन्हें
वृद्धाश्रम छोड़ आया।
मैं सोचता हूँ—
यदि उसने
बाहर बने मंदिर में
राम की पूजा करने के बजाय
अपने अंतर्मन में
राम को स्थान दिया होता,
तो शायद वह
रामभक्त नहीं,
राम होता।
लेकिन समाज—
हाँ, वही हमारा
तथाकथित सभ्य समाज—
उसे राम नहीं,
रामभक्त चाहिए।
इसलिए वह
हज़ारों मंदिर बनाता है,
पर राम को
हृदय में
नहीं बसाता।
मैं सोचता हूँ—
काश,
मंदिरों में यह व्यवस्था होती
कि पुष्प अर्पित करने के बाद
कोई गुरु
राम के आदर्शों का
एक छोटा-सा पाठ
पढ़ाता।
कि हर दर्शनार्थी
केवल माथा टेक कर नहीं,
थोड़ी देर ठहर कर
सुनता भी—
कि राम
स्त्री को सम्मान कहते हैं,
भाई को न्याय,
माँ को करुणा,
और शक्ति को
संयम।
काश,
हर मंदिर में
एक छोटा-सा
दार्शनिक शैक्षिक सत्र
अनिवार्य होता—
ताकि कोई
बाहर निकलते ही
राम को
पीछे न छोड़ आए।
क्योंकि
यदि राम
सचमुच हृदय में बसें,
तो शायद
मंदिरों के बाहर
इतनी हिंसा,
इतनी क्रूरता
न मिलती।
No comments:
Post a Comment