रिश्तों के सौदागरों से
सुनो!
तुम्हारे सीरियल
कहानी नहीं,
उल्टी-सीधी पहेलियाँ हैं—
जिन्हें सुलझाते-सुलझाते
समाज की समझ
टूट जाती है।
तुमने रिश्तों को
इतना मोड़ दिया है
कि अब
माँ शक है,
बहन साज़िश,
बहू हथियार
और स्त्री—
स्त्री की दुश्मन!
हर शाम
तुम स्क्रीन पर
एक नया षड्यंत्र टाँग देते हो—
जहाँ स्त्री
स्त्री के ख़िलाफ़
जहर घोलती दिखती है,
जैसे प्रेम
उसके स्वभाव में
कभी था ही नहीं।
बताओ कथाकारो—
यह कौन-सी समाजशास्त्र है
जहाँ
औरत की सबसे बड़ी दुश्मन
औरत ही बनाई जाती है?
क्या पुरुष
तुम्हारी कहानियों में
इतने निर्दोष हैं
या इतने ताक़तवर
कि दिखाने की ज़रूरत ही नहीं?
तुम्हारे धारावाहिकों में
घर नहीं होता,
शतरंज की बिसात होती है—
जहाँ हर रिश्ता
एक चाल है,
हर मुस्कान
पीठ में छुपा खंजर।
तुमने
साज़िश को संस्कार,
चुप्पी को शील,
और पीड़ा को
नारीत्व घोषित कर दिया—
और इसे कहते हो
पारिवारिक मनोरंजन!
अरे!
जिस समाज में
रिश्ते भरोसे से चलते हैं,
तुम वहाँ
अविश्वास का बीज
प्राइम टाइम में बोते हो—
फिर कहते हो
समाज बिगड़ क्यों रहा है?
तुम्हारी कहानियों में
स्त्री अगर साथ दे
तो कमज़ोर,
अगर सवाल करे
तो चरित्रहीन,
अगर चुप रहे
तो महान—
और अगर लड़े
तो पटकथा से बाहर!
सुनो!
स्त्रियाँ
एक-दूसरे की दुश्मन नहीं,
वे तो
सदीयों से
एक-दूसरे की ढाल रही हैं—
यह ज़हर
तुम घोल रहे हो,
और इसे
कहानी कह रहे हो।
मैं कविता नहीं लिख रहा,
मैं तुम्हारी
कथात्मक साज़िशों का
पोस्टमार्टम कर रहा हूँ—
ताकि समाज देख सके
कि रिश्ते मर नहीं रहे,
उन्हें मारा जा रहा है।
याद रखो—
जब आने वाली पीढ़ी
रिश्तों पर विश्वास करना भूल जाएगी,
तो इतिहास
तुमसे यह नहीं पूछेगा
कितनी टीआरपी थी,
वह सिर्फ़ पूछेगा—
तुमने
समाज को
क्या सिखाया?
No comments:
Post a Comment