Monday, December 15, 2025

सुनों मेरे युगपुरुष

पीड़ित से सवाल मत पूछो

मत पूछो उससे
क्यों निकली थी,
क्यों हँसी थी,
क्यों चुप रही थी—
ये सवाल नहीं हैं,
ये वही डंडे हैं
जिनसे अपराधी
अपनी पीठ खुजाता है।

घर में आग लगी
तो पंचायत बोली—
बताओ बहू,
तूने दिया क्यों जलाया था?
छप्पर राख हो गया,
बच्चे रो रहे हैं,
पर पहले हिसाब दे
दरवाज़ा बंद क्यों नहीं किया?

जिस पर पहाड़ टूटा
उसी से पूछते हो
वह खड़ा क्यों नहीं रहा,
जिसकी अस्मत लुटी
उसी से माँगते हो
संयम का प्रमाण!

भेड़िया आया,
खून बहा,
और गाँव ने ठुड्डी खुजाई—
“लगता है
मेढ़ा ही कमजोर था!”

उससे पूछते हो—
घूँघट ठीक था कि नहीं,
कपड़ा पूरा था कि नहीं,
हँसी ज़्यादा थी कि नहीं,
कदम तेज़ थे कि नहीं—
और जिसकी आँख
नियत से सड़ी थी,
जिसके हाथ
हिंसा से भरे थे,
उससे
एक सवाल भी नहीं?

साँप ने काटा
तो वैद्य बोला—
“पहले ये बता
नंगे पाँव क्यों चली थी?”
डूबती नाव में
तूफान से नहीं,
मल्लाह से नहीं—
डूबते से पूछते हो
तैरना आता था कि नहीं!

यह कैसी कचहरी है
जहाँ चीख
सबूत माँगती है,
और अपराध
परंपरा बन जाता है?

अरे समाज!
तेरा तराज़ू
इतना टेढ़ा क्यों है?
एक तरफ़
ताक़तवर अपराधी
साफ़ कपड़ों में बैठा है,
दूसरी तरफ़
लहूलुहान पीड़ित—
और तू कहता है
“वज़न बराबर नहीं!”

जब वह बोलती है
तो कहते हो—
“इतनी देर क्यों लगी?”
जब चुप रहती है
तो कहते हो—
“कुछ तो छुपा रही होगी!”
बताओ!
बोले तो भी दोष,
चुप रहे तो भी दोष—
फिर बचेगा क्या?

जिस दिन वह कहती है
“मेरे साथ अन्याय हुआ”
तू कहता है—
“इज़्ज़त चली जाएगी।”
अरे अंधे समाज!
इज़्ज़त
लुटने से नहीं जाती,
इज़्ज़त
तब मरती है
जब लुटे हुए को ही
कसूरवार ठहरा दिया जाता है।

सुनो!
पीड़ित कमजोर नहीं होती,
कमज़ोर होता है
वह समाज
जो ताक़तवर से सवाल
करने से डरता है।
पीड़ित चुप नहीं होती,
उसे चुप कराया जाता है—
रीति, डर, बदनामी
और तुम्हारे सवालों से।

याद रखो—
पीड़ित पर दोष डालना
कोई भूल नहीं,
कोई राय नहीं,
ये अपराध में
सीधी साझेदारी है।

और एक दिन
इतिहास पूछेगा—
जब अन्याय हुआ
तो तुम
किस तरफ़ खड़े थे?
उस दिन यह मत कहना
कि तुम तटस्थ थे,
क्योंकि
पीड़ित से सवाल करना
और अपराधी को छोड़ देना
तटस्थता नहीं,
कायरता है—
और कायरता
हमेशा अपराधी की
सबसे बड़ी दोस्त होती है।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...