Tuesday, December 23, 2025

नारी सामर्थ्य

मृदुता का यह आवरण नहीं,
यह तो अजेय संकल्प-धार,
पग-चाप मात्र है गूँज रही,
पर मूक हृदय में महा-प्रहार!

​संसृति के झंझावातों में,
जो मौन दीप-सी जलती है,
उसकी करुणा की छाँह तले,
ही युग की गरिमा पलती है।

​तुम उसे अबला कहते हो?
जिसने विषपान किया सहज,
कण कण की पीड़ा आत्मसात कर ,
रचती जो नित्य नया सृजन!

​पाषाणों को मधु-घट कर दे,
वह अश्रु-बिंदु की शक्ति अचल,
हिम-गिरि सा शीतल ध्येय यहाँ,
भीतर प्रलय का अनल प्रबल।

​वह शून्य नहीं, वह पूर्ण है,
इतिहासों का जो मौन पृष्ठ,
अपनी ही करुणा के बल पर,
सृजनहार को करती श्रेष्ठ!

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...