//*अंतिम इच्छा*//
कुछ स्त्रियों की अंतिम इच्छा थी,
कि मृत्यु उपरांत उन्हें जलाया न जाए,
अपितु उन्हें दफनाया जाए
उनके बाबुल के गाँव की मिट्टी में।
उनकी बेटियों की भी यही अधीर अंतिम इच्छा थी,
कि उन्हें भी मरने के बाद,
अग्नि को समर्पित न किया जाए,
बल्कि दफनाया जाए;
ठीक उसी जगह पर,
उनकी माँ के बाबुल के गाँव,
माँ के ठीक बगल में।
वे रोना चाहती थीं;
माँ की छाती से लिपटकर,
माँ के सीने से लगकर,
मरणोपरांत भी।
ऐसा नहीं था कि जीवन भर,
उनकी आँखों ने अश्रु नहीं बहाए थे
वे रोई नहीं थीं
वे रोई थीं,
हाँ, बहुत रोई थीं;
किंतु, शेष रह गया था अभी रोना,
उस पीड़ा की घुटन के कतरे का,
आँसू बनकर आँखों से बहना;
जो पत्थर सा जम गया था उनके अंतःस्थल में-
उसका पिघलना अभी बाकी था।
इसलिए वे रोना चाहती थीं,
माँ की गोद में,
माँ के गले लगकर,
मृत्यु के पार भी।
कह देना चाहती थीं वह सब कुछ,
जो वे आजीवन किसी से न कह पाईं-
न अपनी माँ से,
न अपनी बहन से,
और न ही उस सत्ता से,
जिसे संसार
उनका परमेश्वर कहता है।
वे रोना चाहती थीं—
ताकि मुक्त हो सके उनकी पीड़ा,
जो कैद हो गई थी उनकी रूह में,
उनकी आत्मा में।
आखिर,
पीड़ा का कर्ज भी तो था उन पर;
उसी के सहारे तो वे जी पाईं जीवन भर।
किंतु... उनकी अंतिम विनती पूरी न की गई,
और उन्हें मरने के बाद दफनाया न गया
निर्ममता से जला दिया गया।
इस तरह मुक्त न हुई उनकी पीड़ा;
वह तैर रही है इन हवाओं में,
बसी हुई है इस धरा के कोने-कोने में।
जब किसी नीरवता में,
अकारण, अनायास ही,
मेरी आँखों से टपक जाती हैं आँसुओं की कुछ बूँदें,
तो मैं समझ नहीं पाता हूँ कि आखिर क्यों—
या शायद मैं समझ जाता हूँ कि आखिर क्यों।
ये आँसू उस पीड़ा के हैं,
जो मुक्त नहीं हो पाई;
ये आँसू उन स्त्रियों के हैं,
जिनकी अंतिम इच्छा थी,
कि मरने के बाद उन्हें जलाया न जाए,
बल्कि दफनाया जाए—
अपनी माँ के ठीक बगल में।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment