Monday, February 23, 2026

ऐ रूह-ए-सबा, उजड़े चमन, कैसे बुलाएं

ऐ रूह-ए-सबा, उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?
दरगाह है ख़ामोश, कहाँ शमा जलाएं?
जब ज़र्फ़ ही टूटा हो, तो क्या जाम उठाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

सजदे की तैयारी थी, इबादत के नगर में,
इश्क़-ए-फ़ना का रंग था, रूहानी सफ़र में।
पर खेल कज़ा ने, अजब मोड़ पे खेला,
जिस दर पे बँधी आस, वहीं दुखों का मेला।
अब राख के ढेरों पे, क्या महफ़िल सजाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

उन बे-पर परिंदों के, ठिकाने नहीं मिलते,
मिट्टी हो जो बंज़र, तो वहाँ गुल नहीं खिलते।
तू कहता है साक़ी, कि फिज़ाओं में नशा है,
पर यहाँ तो टूटे हुए, वादों की जफ़ा है।
दुनिया की रस्म मानें, या हस्ती को मिटाएं?
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?

वो टीस जो मरहम के, लिबासों में मिली है,
वो आग कि जिससे ही, ये तन्हाई जली है।
गुज़रे हुए लम्हों की, अब आस नहीं है,
ख़्वाबों के परिंदों को, यकीं-ओ-ऐतबार नहीं है।
आए हो तो बैठो, कुछ ज़ख्म दिखाएं,
ऐ रूह-ए-सबा! उजड़े चमन, कैसे बुलाएं?
दरगाह है ख़ामोश, कहाँ शमा जलाएं?

            -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...