तपते मरुथल की बाहों में,
मैंने चमन खिलाया है,
तम की काली छाती पर,
इक नन्हा दीप जलाया है।
वक्त खड़ा था राहों में,
पतझड़ की चादर ताने,
कड़वे घूँट पिए विष के,
और सुख को गले लगाया है।
माना पैर बँधे थे मेरे,
चौखट की सीमाओं में,
पर उड़ान की गूँज रही,
अम्बर की शीतल छाँवों में।
सत्य-शुद्धता की चादर पर,
धूल कभी न जम पाई,
तजकर स्वर्ण-पाश के पिंजरे,
मस्त रहा अपनी राहों में।
दुनियाभर का शोर बहुत था,
मैंने अपना गीत सुना,
भ्रम के सौ-सौ जालों में,
मन का ही संगीत बुना।
जग ने जितनी ठोकर दी,
वह मेरी एक पतवार बनी,
बिना आह के इस मस्तक ने,
काँटों को मनमीत चुना।
अधरों पर मुस्कान सजाकर,
विष-वचनों को पार किया,
धराशायी होते रिश्तों को,
मौन रहकर उबार लिया।
विचलित करने को जग ने जब,
मिथ्या की दीवार चुनी,
मैंने चक्षु मूँद कर अपना
अंतस ही स्वीकार किया।
No comments:
Post a Comment