Saturday, April 18, 2026

हवा में जहर घोला है

हवा में ज़हर घोला है कि अब साँसें भी भारी हैं,
सियासत की दुकानों पर दिलों की ख़रीदारी है।
जो आँगन कल तलक साझा था उसमें तार खींचे हैं,
लहू से नफ़रतों के बीज अपनों ने ही सींचे है।

हवा में ज़हर घोला है कि अब साँसें भी भारी हैं,
सियासत की दुकानों पर दिलों की ख़रीदारी है।

कहाँ वो साझ़ी तहज़ीबें, कहाँ वो प्रेम की बातें,
सुलगती आग की लपटें, बिलखती रोती सी रातें।
दुआएँ सिसकियाँ बनकर, फ़ज़ा में रेंगती देखी
मजहब के नाम पर हमने, इबादत जलती भी देखी।
शजर जो धूप सहते थे, सभी को छाँव देने को,
उन्ही को काटते हैं अब, ज़मीं का नाम लेने को।

हवा में ज़हर घोला है कि अब साँसें भी भारी हैं,
सियासत की दुकानों पर दिलों की ही ख़रीदारी है।

न कोई राम का निकला, न कोई राह-ए-हक़ पर है,
यहाँ बस स्वार्थ की अंधी, वहशत हर एक दर पर है।
उठो कि राख़ होने से, अब अपना घर बचाना है,
हमें नफ़रत की बस्ती में, फिर इंसान लाना है।



No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...