Monday, March 30, 2026

शिखर पर बैठे लोग

वे शिखर पर बैठे लोग हैं
जहाँ ऑक्सीजन कम है शायद 
इसीलिए संवेदनाएं भी कम हैं।
उनकी मेज पर रखी 
विदेशी केस स्टडीज
भारत की धूल भरी गलियों का 
रास्ता नहीं जानतीं
मगर वे ड्राफ्ट तैयार करते हैं
सफेद चमकीला और कागजी।

जब तक योजना का फीता कटता है
वे विजनरी हैं
जब तक कैमरा फ्लैश होता है
वे परफेक्शन हैं।
मगर जैसे ही हकीकत की ऊबड़-खाबड़ जमीन पर 
नीतियों और योजनाओं का पैर फिसलता है
साहब का हाथ बड़ी सफाई से 
अपने कॉलर से हटकर
नीचे वाले की गर्दन तक पहुँच जाता है।
कितना अद्भुत है 
उनका यह मैनेजमेंट
जहां श्रेय लिफ्ट लेकर ऊपर चढ़ता है
और दोष 
नीचे की ओर गिरता है
गुरुत्वाकर्षण के आदिम नियम से।

साहब के व्हाइट कॉलर पर खरोंच भी नहीं आती
वे तो सिस्टम के शिकार बताए जाते हैं
और सिस्टम का सबसे छोटा पुर्जा
जो पसीने की गंध में 
पूरी व्यवस्था को ढोता है
उसे अक्षम बताकर 
चौराहे पर टांग दिया जाता है।

एक आदेश आता है—कड़क,
अनुशासनात्मक और अंतिम।
साहब की कलम की स्याही नहीं सूखती
कि नीचे वाले के चूल्हे की आग 
बुझ जाती है।

वे पॉलिसी मेकर हैं, 
वे अचूक हैं, ईश्वरीय हैं
वे गलत कैसे हो सकते हैं?
गलत तो वह है, 
जिसने उस कागजी महल को
हकीकत की ईंटों से जोड़ना चाहा था।
प्रबंधन की किताब में इसे 
डेलीगेशन कहते हैं
पर हमारे देश में इसे 
बलिदान की परंपरा कहते हैं।
जहाँ शेर 
कभी भूखा नहीं रहता
क्योंकि घास काटने वाला 
हमेशा मेमना बना दिया जाता है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...