और न ही तुम्हारा संघर्ष थमा है कहीं
समय के इस अंधकारमय मोड़ पर भी
तुम्हारी पदचाप सुनाई देती है
धूल भरे खेतों में,
पसीने से भीगे कारखानों में,
उन आँखों में
जो उम्मीद और अभाव के बीच झूलती रहती हैं।
तुम आज भी खड़े हो
किसानों के बीच,
मजदूरों के साथ,
अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते
हर उस इंसान के पास
जो सच के लिए अकेला खड़ा है।
तुम्हारा धनुष अब अदृश्य है,
पर संघर्ष उतना ही तीखा,
दैत्यों के नाम बदल गए हैं
अब वे रावण नहीं कहलाते,
वे गरीबी हैं,
भूख हैं,
अशिक्षा हैं,
अन्याय और शोषण की अदृश्य दीवारें हैं,
जो हर दिन किसी सीता को कैद कर लेती हैं।
यहाँ कोई विभीषण नहीं
जो भीतर से सच का साथ दे,
कोई सुग्रीव नहीं
जो मित्रता निभाए,
कोई हनुमान नहीं
जो विश्वास की उड़ान भरकर संजीवनी लाए।
तुम नितांत अकेले खड़े हो,
अपने ही नाम के बोझ तले दबे हुए
क्योंकि अब
तुम्हारा नाम ही
हथियार बन गया है
तुम्हारे विरुद्ध।
तुम्हारे आदर्शों को
नारे बनाकर बेच दिया गया है,
तुम्हारी मर्यादा को
सीमाओं में बाँट दिया गया है,
और तुम्हारी करुणा
राजनीति की भीड़ में खो गई है।
पर फिर भी
तुम खड़े हो।
हर उस व्यक्ति में
जो अन्याय के आगे झुकता नहीं,
हर उस स्त्री में
जो अपने सम्मान के लिए लड़ती है,
हर उस बच्चे में
जो अँधेरे में भी रोशनी का सपना देखता है।
तुम्हारा वनवास अब जंगलों में नहीं,
यह समाज की गलियों में फैला है,
जहाँ हर दिन
एक नई लंका है
और हर रात
एक नया संघर्ष जन्म लेता है।
राम,
तुम्हारा वनवास तब तक समाप्त नहीं होगा
जब तक
सत्य को सहारा नहीं मिलेगा,
न्याय को आवाज़ नहीं मिलेगी,
और मानवता
फिर से तुम्हारे पथ पर चलना नहीं सीख जाएगी।
तुम्हारा संघर्ष अभी शेष है
और शायद
हम सबको
अपने भीतर के राम को जगाकर
इस वनवास को समाप्त करना होगा।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा ' विनीत '
No comments:
Post a Comment