हर रोज,
हर बार
जानता हूँ,
तुम नहीं हो,
फिर भी मैं आऊँगा
तुम्हें पुकारता हुआ।
तुम नहीं आते
जब सरेआम नीलाम होती है
किसी की आबरू,
जब गिरती हैं गर्दनें
और टूटती हैं साँसें बेआवाज़
जब फटी धरती की दरारों में
अन्नदाता की आस दफ़्न हो जाती है,
और धूप में जले हाथों की लकीरों से
मेहनत की रोटी भी रूठ जाती है
तब भी मैं ढूँढता हूँ तुम्हें।
फिर भी मेरी उम्मीद में
कहीं तो कोई है
जो नियंत्रित कर सकता है सब कुछ,
जो आएगा इक दिन
मुरली बजाते हुए।
पर युग बीते, सदियाँ बीतीं
मुरली खामोश है,
और जारी है
अधर्म, अन्याय का तांडव।
नहीं आता कोई
शायद इसलिए कि
हमने ही पत्थरों में चेहरा गढ़ लिया,
और अपनी ही चीखों को
प्रार्थना का नाम दे दिया।
फिर भी
मेरी उम्मीद टूटती नहीं,
आस छूटती नहीं।
आँखों में आँसुओं की धार लिए
खड़ा हो जाता हूँ
उन ठंडी, खामोश चौखटों पर
जहाँ हर पुकार
लौट आती है
बिना उत्तर के।
और अब
मेरी आवाज़ भी
मुझसे थकने लगी है,
गला बैठ चुका है
तुम्हें पुकारते-पुकारते।
हाथ जुड़ते-जुड़ते काँपते हैं,
आँखों के आँसू
प्रश्न बनकर सूख गए हैं
मैं पुकारता हूँ…
पर लौटकर आती है
सिर्फ मेरी अपनी ही गूँज।
तब समझ में आता है
जिसे मैं चौखट समझता रहा,
वह शायद दीवार थी
और मैं
हर रोज,
हर बार
उसी दीवार पर
अपनी उम्मीदों का सिर पटकता रहा
शायद किसी रोज
प्रकट हो कोई नरसिंह
पर हर रोज, हर बार
टूट जाती है मेरी उम्मीद।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा ' विनीत '
No comments:
Post a Comment