Saturday, April 25, 2026

धुंआ

//धुंआ//

चूल्हे की आँच पर
अब रोटियाँ कम, संशय ज़्यादा सिकता है,
नमक वैसा ही है
पर स्वाद कहीं खो गया है।
आँगन का नीम
अब छाया नहीं देता,
बस टूटे सायों की गिनती रखता है
कौन कब अलग हुआ।
कुएँ की जगत पर रखी बाल्टी
हर बार लौटकर पूछती है
“प्यास किसकी है?”
और पानी चुप हो जाता है।
दीवार की घड़ी
टिक-टिक नहीं करती,
एक ही क्षण पर अटकी है
जब हाथों ने हाथ छोड़ा था।
हवा चलती तो है,
पर उसमें कोई गंध नहीं
सिर्फ़ एक अदृश्य परत है
जो आँखों से नहीं,
बातों के बीच उतरती है।
अब घर वही है,
दरवाज़े भी, चौखट भी
बस भीतर आते ही
रिश्ते अपना नाम पूछते हैं।

- देवेंद्र प्रताप वर्मा ' विनीत '

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...