Sunday, April 26, 2026

ऊपरवाला हूं मैं

हाँ भाई,
मैं ही हूँ
वही “ऊपर वाला”
जिसका नाम लेकर
तुम हर दूसरे काम से बच जाते हो।

तुम कहते हो
ऊपर वाला देख रहा है।
और मैं ऊपर बैठकर सोचता हूँ
नीचे वाला आखिर कर क्या रहा है ?

सुबह से देख रहा हूँ
ट्रैफिक सिग्नल तोड़कर
तुमने मुझे ही याद किया
भगवान बचा लेना…
अरे भाई,
ब्रेक भी मैंने ही दिए थे।

दफ्तर में
फाइल दबाकर बैठे हो,
और बाहर निकलते ही बोलते हो
ऊपर वाला सब देख रहा है।
हाँ, देख तो रहा हूँ
पर फाइल मैं नहीं चलाऊँगा,
वह तुम्हें ही उठानी पड़ेगी।

राजनीति का तो अलग ही मज़ा है
मंच पर खड़े होकर
इतनी नैतिकता उड़ेलते हो
कि मुझे भी संदेह होने लगता है
कि शायद मैं ही गलत हूँ।
और फिर पीछे जाकर
जो करते हो,
उसे देखकर
मैं भी थोड़ा मुस्कुरा देता हूँ
अच्छा, यह नया नियम है क्या?

अहंकार में डूबे हुए
जब तुम कहते हो
ऊपर वाला जानता है मैं सही हूँ,
तो मैं सोचता हूँ
हाँ, जानता तो हूँ…
पर तुम कब जानोगे?

लोभ का हाल तो और मजेदार है
लेते समय पूरा आत्मविश्वास,
देते समय पूरा दर्शन
ऊपर वाला हिसाब करेगा।
मतलब
खर्चा मेरा,
हिसाब मेरा,
और मज़ा तुम्हारा?
अरे,
मैं कोई अकाउंटेंट नहीं हूँ
जो दिन-रात
तुम्हारी एंट्री करता रहूँ।

सच बताऊँ?
मैंने तुम्हें भेजा था
थोड़ा समझदार बनकर जीने के लिए,
पर तुमने
मुझे ही बहाना बना लिया।
जब कुछ गलत करते हो
ऊपर वाला देख रहा है।
जब कुछ सही करना हो
कोई तो करेगा…

वाह!
जिम्मेदारी का ऐसा ट्रांसफर
तो मैंने भी नहीं सोचा था।
और हाँ,
तुम्हारा वह फेवरेट पल
जब रात को सोते समय
अचानक कोई बात याद आ जाती है
और नींद हल्की-सी टूटती है…
वह मैं नहीं हूँ,
वह तुम्हारी अपनी अंतरात्मा है,
जिसे तुमने दिन भर
साइलेंट मोड पर रखा था।

मैं तो बस देख रहा हूँ
कैसे तुम
खुद ही अपनी कहानी लिखते हो,
खुद ही उलझाते हो,
और फिर मुझे टैग कर देते हो
ऊपर वाला देख रहा है।
देख तो रहा हूँ,
पर एक बात साफ कर दूँ
मैं देख सकता हूँ,
पर तुम्हारी जगह
काम नहीं कर सकता।
मैं संकेत दे सकता हूँ,
पर निर्णय तुम्हारा होगा।
मैं अवसर दे सकता हूँ,
पर कर्म तुम्हें ही करना पड़ेगा।
तो अगली बार
जब मेरा नाम लो,
तो थोड़ा यह भी सोच लेना
मैं ऊपर से देख रहा हूँ,
पर नीचे से उठना
तुम्हारा काम है।

और सुनो
अन्याय के सामने
सिर्फ यह कहना
कि 
ऊपरवाला देख रहा है
कभी पर्याप्त नहीं होगा।
मैंने तुम्हें
दृष्टि इसलिए नहीं दी
कि तुम तमाशा देखते रहो,
मैंने तुम्हें
हाथ इसलिए दिए
कि तुम स्थिति बदल सको।
जब तुम
अन्याय देखकर भी चुप रहते हो,
तब समस्या
अधर्म से ज्यादा
तुम्हारी निष्क्रियता बन जाती है।
मुझे पुकारने से पहले
एक बार यह भी सोचो
क्या तुमने
अपने हिस्से का प्रतिरोध किया?
क्योंकि
संघर्ष से भागकर
तुम मुझे नहीं पा सकते,
और कर्तव्य छोड़कर
न्याय की अपेक्षा भी नहीं कर सकते।
मैं ऊपर से देखता रहूँगा
पर नीचे
चलना, टकराना,
और बदलना
तुम्हें ही होगा।
और जिस दिन
तुमने अन्याय के सामने
खड़े होना सीख लिया
उस दिन
मुझे देखने की जरूरत भी
कम पड़ जाएगी।
क्योंकि तब
तुम्हारे भीतर ही
मैं दिखाई देने लगूँगा।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा ' विनीत '

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...