Sunday, April 26, 2026

मैं एक यात्रा हूँ

*मैं एक यात्रा हूँ*

खूँटे उखाड़ फेंके हैं मैंने—
सब कल्पित देवों के, 
सब संकीर्ण सीमाओं के।
देवों के निषेध से जो रिक्तता उपजी,
उसे विवेक की शुचिता से भर दिया है।
अब न कोई राष्ट्र है, 
न मज़हब का पाखंड,
बस एक अखंड वसुधा का विस्तार है।
थाली में सजी करुणा—
महज़ भोजन नहीं, 
चराचर से मेरा संवाद है।
तरु-पक्षी-पहाड़, 
सब आत्मीय सहोदर हैं,
जहाँ भोग की तृष्णा नहीं, 
सह-अस्तित्व का मर्म है।
बाहर समता की खोज 
और भीतर निविड़ एकांत,
दोनों के द्वंद्व में सुलगती है मेरी अग्नि।
पदार्थ की जड़ता त्यागी, 
पर विस्मय बचा लिया,
विज्ञान की ओट में 
अज्ञेय का द्वार खुला रखा है।
मैं किसी 'वाद' के पिंजरे का पंछी नहीं,
न वाम, न दक्षिण—मैं बस एक प्रवाह हूँ।
वेदान्त की गूँज 
और बुद्ध का अनात्मवाद,
'नेति-नेति' की आँच में तपता 
एक जिज्ञासु मन।
अभी पड़ाव कई बाकी हैं,
मैं न यह हूँ, न वह हूँ—
मैं बस एक अनवरत यात्रा हूँ।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...