कितनी बार गूंजा यह श्लोक
मंदिरों की दीवारों से टकराकर,
घंटियों के शोर में दबकर,
भक्तों की आंखों में उम्मीद बनकर।
पर बताओ—
जब अधर्म ने खुलकर नंगा नृत्य किया,
जब सत्य को सरेआम सूली पर चढ़ाया गया,
जब न्याय बिकता रहा चौराहों पर—
तब कहाँ था वह वादा?
किस जन्म की प्रतीक्षा में है अवतार?
किस युग का कैलेंडर देखता है ईश्वर?
या फिर यह श्लोक
बस डर और धैर्य का अफीम है,
जिसे पिलाकर हमें सुला दिया गया?
धर्म गिरा, फिर गिरा, और फिर गिरा—
इतना कि अब
वह शब्द भी शर्माता है अपने अर्थ से।
और अधर्म?
वह सिंहासन पर बैठा
धर्म का ही मुखौटा पहन हँसता है।
कहते हैं—
“जब-जब होगा अधर्म, मैं आऊँगा।”
पर इतिहास के पन्नों पर
बस इंसानों का खून सूखा है,
किसी ईश्वर के पदचिह्न नहीं।
शायद
अवतार कभी आने वाला नहीं,
शायद
यह जिम्मेदारी हमारी थी—
जिसे हमने किसी अदृश्य के नाम लिख दी।
तो अब
श्लोक नहीं, शपथ चाहिए—
कि अगली बार
जब धर्म गिरे,
तो कोई ईश्वर नहीं,
हम खड़े होंगे।
No comments:
Post a Comment