उसने एक फूल देखा,
उसे अच्छा लगा।
वह फूल को तोड़ लाया।
अगले ही पल उसके मुरझाने पर वह उदास हो गया।
उसने निश्चय किया—
अब वह फूल नहीं तोड़ेगा।
लेकिन अगले दिन
फिर उसने एक फूल देखा,
उसे अच्छा लगा,
और वह उसे तोड़ लाया।
फूल फिर मुरझाया,
वह फिर उदास हुआ,
आत्मग्लानि से भर आया।
फिर भी जब-जब उसने फूल देखा,
वह उसे तोड़ लाया।
यह सिलसिला ताउम्र चलता रहा।
फिर एक दिन,
जीवन के अंतिम क्षणों में,
वह एक फूल के पास जाकर बैठ गया।
दिन बीतते रहे,
वह वहीं बैठा रहा—
बस निहारता रहा उसे।
अब वह फूल को अपने पास नहीं लाता था,
बल्कि पौधे को पानी देता था,
उसकी जड़ों की मिट्टी सँभालता था।
और एक दिन फूल के पास बैठे-बैठे ही
वह मिट्टी में मिल गया।
उसके साथ फूल की कुछ पंखुड़ियाँ भी
धरती में समा गईं।
समय बीता।
फिर वहीं कुछ नए फूल खिले।
उन फूलों के रंग में,
उनकी खुशबू में,
वह भी कहीं था।
क्योंकि अंततः उसने जान लिया था
प्रेम का अर्थ तोड़कर अपना बना लेना नहीं,
स्वयं प्रेम हो जाना है।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment