वह जो मुल्क का हितैषी था,
सत्ता में आने पर उसने ईंट और पत्थरों से नहीं,
ज़रूरतों से संवाद किया।
उसने अस्पताल बनाए
जहाँ पीड़ा को उपचार मिल सके,
विद्यालय बनाए
जहाँ अँधेरे से लड़ने के लिए
कुछ दीपक तैयार किए जा सकें,
सड़कें बनवाईं
ताकि दूरियाँ थोड़ी कम हों
और जीवन थोड़ा आसान।
वह भूख, बीमारी,
अशिक्षा और बेरोज़गारी के विरुद्ध लड़ता रहा।
पर उसने नहीं दिए नारे—
धर्म संकट में है,
ईश्वर खतरे में है,
आस्था पर आक्रमण हो रहा है।
उसने न मंदिरों की गिनती बढ़ाई,
न मस्जिदों की।
इसलिए प्रजा ने उसे खारिज कर दिया।
फिर आए वे,
जो हर सभा में ईश्वर के लिए चिंतित थे,
हर भाषण में धर्म की रक्षा कर रहे थे,
हर नारे में मुल्क को बचा रहे थे।
और प्रजा उनके पीछे चल पड़ी
मानो सदियों से उसी आवाज़ की प्रतीक्षा कर रही हो।
अब उसे अस्पतालों की प्रतीक्षा नहीं,
विद्यालयों की चिंता नहीं,
रोज़गार के प्रश्न
उसके लिए उतने महत्वपूर्ण नहीं रहे।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि
ईश्वर सुरक्षित है या नहीं,
धर्म बचा है या नहीं।
मैं यह सुनकर अक्सर सोचता हूँ—
जिस ईश्वर ने मनुष्य को बनाया,
क्या वह मनुष्य से अधिक असहाय हो गया है?
जिस धर्म ने करुणा,
सेवा और न्याय का पाठ पढ़ाया,
क्या उसकी रक्षा भूखे,
बीमार और निराश मनुष्यों को छोड़कर की जा सकती है?
और तब भीड़ के नारों के बीच
एक प्रश्न अकेला खड़ा रह जाता है—
क्या सचमुच
प्रजा का हितैषी और धर्म का हितैषी
दो अलग-अलग व्यक्ति होते हैं?
या यह हमारे समय का सबसे बड़ा भ्रम है,
कि हम मनुष्य को भूलकर
उसके देवताओं को बचाने निकले हैं।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment