ज़कोमा में सब ठीक है,
किसने कहा कि गड़बड़ है?
नाव बीच नदी में डूब गई,
मल्लाह बोला— घबराइए मत,
नाव नहीं डूबी है,
बस पानी ने उसे अंदर से गले लगा लिया है।
एक आदमी भूख से बेहाल था,
नेताजी बोले— भूखा कहाँ है ?
बस उसके पेट और रोटी के बीच
थोड़ी-सी दूरी रह गई है।
बिजली गई हुई थी,
नेताजी ने समझाया— अंधेरा नहीं है,
बस प्रकाश छुट्टी पर गया है।
सड़क में इतने गड्ढे थे कि सड़क खोजनी पड़ रही थी।
नेता जी बोले—
सड़क टूटी नहीं है,
हमने चंद्रयान की तैयारी में
चंद्रमा जैसा वातावरण बनाया है।
स्कूल में बच्चे नकल कर रहे थे।
नेता जी बोले— इसे नकल मत कहिए,
यह ज्ञान का सामूहिक वितरण है।
अस्पताल में दवा नहीं थी।
नेताजी बोले—
दवा की कमी नहीं है
रोगियों की उम्मीदें कुछ ज़्यादा बड़ी हैं।
शहर की हवा जहरीली थी।
नेता जी बोले— प्रदूषण नहीं है,
यह विकास की सुगंध है,
आपको आदत नहीं है।
एक पुल उद्घाटन के बाद
तीन दिन में गिर गया।
नेताजी बोले—
पुल गिरा नहीं है जनता को प्रणाम करने के लिए झुक गया है।
बेरोजगार युवक बोला—
नेताजी, नौकरी नहीं मिल रही।
नेताजी बोले— नौकरी की कमी नहीं है,
बस नौकरियों और तुम्हारे बीच योग्यता, सिफारिश,
रिश्वत, भाग्य, ग्रह-नक्षत्र,
और कुछ छोटी-मोटी दीवारें हैं।
फिर मैंने पूछा—
आख़िर ज़कोमा में समस्या क्या है?
सबने एक स्वर में कहा—
समस्या ?
समस्या जैसी कोई समस्या नहीं है,
बस जनता को समस्याएँ दिखने की समस्या है!
तभी एक बूढ़ा हँसा
और बोला—
बेटा, ज़कोमा में सच्चाई मरती नहीं,
बस बयान बदल लेती है।
गलती पकड़ी नहीं जाती,
बस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देती है।
और जिम्मेदारी आती नहीं,
बस दूसरों के पते पर चली जाती है।
ज़कोमा में सब ठीक है,
किसने कहा कि गड़बड़ है?
बस... थर्मामीटर बुखार बता रहा है,
मगर नेताजी कह रहे हैं—
तापमान नहीं बढ़ा,
पारा देश-विरोधी हो गया है!
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment