वह एक पुरानी इमारत है
दीवारों पर लिखे हैं
न्याय के शब्द,
और बाहर चौक पर खड़ी है
आँखों पर पट्टी बाँधे
न्याय की देवी।
वहाँ एक बेबस गरीब खड़ा है
फटी आस्तीन से झांकती पसलियाँ,
आँखों में एक आदिम,
गंतव्यहीन भय,
और नंगे पैरों में वह बारीक थरथराहट
जो सिर्फ कमज़ोरों के हिस्से आती है।
ऊँची कुर्सी पर जो बैठा है,
वह कोई अजनबी नहीं है।
वह वही रसूखदार आदमी है
जो शाम को शहर के मोड़ पर मिलता है,
जिसके इशारे पर चलती हैं मिलें,कारखानें
जिसके हाथ में नफ़े का अदृश्य छुरा है,
और कपड़ों से आती है ठंडे श्रम की गंध।
वह एक सभ्य नागरिक है
दिन में क़ानून की किताब पलटता है,
और शाम को इंसानी जिंदगियों का हिसाब रखता है।
वह गरीब अपनी दलीलें देता है
सूखी रोटियों और पुरखों की
ईमानदारी की कसमें खाकर
गिड़गिड़ाता है
कि उसका होना ख़तरा नहीं था।
लेकिन उस ऊँचे कमरे में
उसकी आवाज़ पत्थरों से टकराकर
लौट आती है।
कुर्सी पर बैठा आदमी मुस्कुराता है
एक पेशेवर, ठंडी मुस्कान।
वह क़ानून की हर बारीक संधि जानता है,
वह जानता है कि एक बेबस को
कैसे वैध तरीक़े से बेदखल किया जाता है।
यह कोई महागाथा नहीं है,
न ही किसी बड़े युद्ध का वर्णन
यह महज़ एक रोज़मर्रा की क्रूरता है,
जो बहुत चुप्पी से घटती है हमारे समय में।
जहाँ शिकारी ही मुंसिफ़ है,
और गरीब का सब कुछ छिन जाना
पहले से तयशुदा एक तारीख़।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment