! जंगल का राजा !
शेर जंगल का राजा है।
किसने कहा?
क्या शेर ने
दहाड़ के साथ
घोषित किया अपना राज्य?
या काँपते हिरणों ने
भय को ही
मुकुट समझ लिया?
नदी ने तो नहीं कहा,
वृक्ष भी मौन रहे,
पर्वत ने भी नहीं लिखा
कोई राजपत्र।
पक्षियों के गीतों में
कहीं नहीं मिलता
राजा होने का उल्लेख।
जंगल तो बस
जीता है अपने स्वभाव में
न कोई सिंहासन,
न कोई दरबार।
फिर यह राजा
कहाँ से आया?
शायद मनुष्य ने
अपने ही अहंकार का चेहरा
शेर पर रख दिया,
और एक झूठ को
इतनी बार दोहराया
कि वह सत्य-सा दिखने लगा।
शायद शेर
सिर्फ़ शेर था,
और राजा
मनुष्य की कल्पना।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment