आज फिर
आकाश पर तिरंगा है
फिर फूल हैं
फिर गीत उठें हैं
फिर इतिहास के
कुछ उजले पन्ने
मंच पर खोले गए हैं
लेकिन....
लेकिन...
किसी कोने में
एक पुराना प्रश्न
फिर करवट ले रहा है..
जिस सुबह के लिए
इतने दीप जलाए गए थे,
क्या उसकी रोशनी
सब घरों तक पहुँची?
यह वही मिट्टी है
जहाँ बुद्ध ने
करुणा का बीज बोया,
महावीर ने
हिंसा के विरुद्ध
मौन खड़ा किया,
कबीर ने
दीवारों पर चोट की,
नानक ने
मनुष्यता का गीत गाया,
विवेकानंद ने
सोई हुई आत्मा को
जगाने का आह्वान किया।
फिर समय बदला
गांधी की लाठी चली,
चरखे ने
साम्राज्य की चकाचौंध को
एक सूत से चुनौती दी,
भगत सिंह ने
यौवन को
फाँसी के तख्ते तक पहुँचाकर
भविष्य को आवाज़ दी,
बिस्मिल ने
शब्दों में बारूद भरा,
अशफ़ाक़ ने राष्ट्र और
मित्रता को
मज़हब से ऊपर रखा,
मौलाना आज़ाद ने
एक ऐसे हिंदुस्तान का स्वप्न देखा
जहाँ नागरिकता
किसी पूजा-पद्धति की
जागीर न हो।
और न जाने कितने
कितने लोग—
नामहीन,
अनाम,
इतिहास के हाशिए पर
अपनी साँसें
इस मिट्टी के नाम लिख गए।
उन्हें विश्वास था
एक दिन
यह देश ऐसा होगा
जहाँ मनुष्य की पहचान
उसकी मनुष्यता से होगी।
बलिदान सार्थक हुए
आजादी आई
जंजीरें टूटीं
ध्वज उठा
और हमने
एक नए घर का
नक्शा बनाया।
लेकिन...
लेकिन
समय के साथ
उस घर में
कुछ कमरे बहुत बड़े होते गए,
कुछ कमरे
बहुत छोटे।
किसी कमरे में
झूमर इतने बढ़े
कि छत दिखाई नहीं दी,
और किसी कोने में
एक दीया
तेल खोजता रह गया।
एक ही घर था
पर उजाले का बँटवारा
बराबर नहीं था।
कहीं धन
नदी की तरह बहता है,
कहीं पानी की एक बूँद
त्योहार बन जाती है।
कहीं तिजोरियों को
धन रखने की जगह नहीं,
कहीं बच्चों की गुल्लक में
भविष्य रखने को कुछ नहीं।
कहीं महलों की खिड़कियों से
शहर की रोशनियाँ दिखाई देती हैं,
कहीं उसी शहर की छाया में
रात काटता कोई मनुष्य
सुबह का पता पूछता है।
बाज़ार कहता है
सबके लिए रास्ते खुले हैं।
पर कुछ रास्तों पर
पैरों से पहले
जेब का आकार पूछा जाता है।
और कुछ दरवाज़े ऐसे हैं
जहाँ दस्तक से पहले
परिचय पहुँचता है।
उधर—
एक युवक
अपनी मेज़ पर
किताबें फैलाए बैठा है
उसके सामने
भविष्य का एक दरवाज़ा है।
दरवाज़े पर
बार-बार ताला लगता है।
फिर सूचना आती है
कल खुलेगा।
वह फिर प्रतीक्षा करता है।
फिर कोई कागज़ बदलता है,
कोई तारीख बदलती है,
कोई पंक्ति बदलती है।
और प्रतीक्षा करते-करते
कैलेंडर बदल जाता है।
एक दिन
वह दरवाज़ा खुलता भी है
पर तब तक
उसके भीतर का वसंत
पतझड़ हो चुका होता है।
कितनी विचित्र बात है
कभी-कभी दरवाज़े खुले रहते हैं,
और अवसर बंद।
किसान की ओर देखिए।
वह आज भी
आकाश जानता है
लेकिन बादलों के साथ
अब कागज़ भी पढ़ता है।
मिट्टी में
बीज डालता है,
और दफ्तर में
आवेदन।
धरती से
अन्न निकलता है,
कागज़ से
आश्वासन।
फसल पकती है,
भाव नहीं।
आशा पकती है,
समय नहीं।
और उसकी हथेली
जिसमें कभी
देश का अन्न था,
अब उसमें
कर्ज की रेखाएँ भी हैं।
धरती ने अन्न दिया,
सत्ता और व्यवस्था ने प्रतीक्षा।
मजदूर
शहर की नींव में
दबी हुई वह आवाज़ है
जिसे उद्घाटन के दिन
कोई नहीं सुनता।
वह पुल बनाता है,
और उसके नीचे
रात गुज़ारता है।
वह घर बनाता है,
और किराए की दीवारों में
अपना बचपन खोजता है।
वह नगर को
रोशनी देता है,
और अपनी रात
अँधेरे में रख देता है।
जिस हाथ ने
शहर उठाया,
उसी हाथ को
छत न मिली।
और फिर
एक और दृश्य है।
एक बड़ी-सी कुर्सी
उसके चारों ओर
बहुत-से लोग
किसी की आँख में
जनता है,
किसी की आँख में
भविष्य,
किसी की आँख में
एक कैमरा।
कुर्सी मौन है।
उसे कोई फर्क नहीं पड़ता
कौन किस रंग में आया,
कौन किस रंग में जाएगा।
उसे केवल इतना पता है
बैठने वाला
रंग बदल सकता है,
कुर्सी नहीं।
कल जो नाव
इस किनारे को
डुबोने वाली बताई गई थी,
आज उसी नाव पर
यात्रा का निमंत्रण है।
कल जिसके विरुद्ध
पत्थर उठे थे,
आज उसी के आँगन में
फूल हैं।
मौसम का
क्या भरोसा!
यहाँ वृक्ष नहीं बदलते,
पत्तियाँ बदलती हैं।
और कभी-कभी
ऋतु बदलने से पहले ही
वस्त्र बदल जाते हैं।
नेतृत्व भी
अब एक अजीब दर्पण है।
जिसमें चेहरा
कम,
प्रतिबिंब अधिक दिखाई देता है।
कितने लोग देख रहे हैं?
कितनी तालियाँ?
कितनी आवाज़ें?
कितनी रोशनियाँ?
कितने अनुयायी?
और उस दर्पण के पीछे
कहीं बहुत छोटा-सा
एक प्रश्न खड़ा है
कितने लोगों का जीवन बदला?”
वह प्रश्न
अक्सर सबसे पीछे रह जाता है।
क्योंकि तालियों की आवाज़
बहुत दूर तक जाती है,
पर किसी भूखे की
धीमी साँस
मंच तक पहुँचते-पहुँचते
अक्सर खो जाती है।
फिर भी
यह देश
केवल कुर्सियों का देश नहीं।
यह उन लोगों का भी देश है
जिन्होंने कुर्सियाँ नहीं माँगीं।
गांधी ने
सत्ता से अधिक
सत्य को चुना।
भगत सिंह ने
जीवन से अधिक
विचार को।
बिस्मिल ने
सुख से अधिक
स्वाधीनता को।
अशफ़ाक़ ने
अपनी जान से अधिक
अपनी मिट्टी को।
उनके सामने
कोई कैमरा नहीं था।
तालियों की कोई गारंटी नहीं थी।
भविष्य में
प्रतिमा मिलेगी या नहीं
इसका भी पता नहीं था।
फिर भी वे चले।
क्योंकि उनके सामने
अपना नाम नहीं,
देश का नाम था।
आज नाम बहुत हैं।
चित्र बहुत हैं।
मालाएँ बहुत हैं।
जयघोष बहुत हैं।
पर कभी-कभी लगता है
महापुरुषों की प्रतिमाएँ
इतनी ऊँची कर दी गईं
कि उनके विचारों तक
हमारी दृष्टि ही नहीं पहुँचती।
गांधी की तस्वीर
दीवार पर मुस्कराती है,
और आईना
नीचे पड़ा रहता है।
भगत सिंह की टोपी
मंच पर चमकती है,
और प्रश्न
पर्दे के पीछे खड़ा रहता है।
कबीर के दोहे
स्मृति में हैं,
पर मन की दीवारें
ज्यों की त्यों।
नानक का एकत्व
गाया जाता है,
पर मनुष्य
अब भी कई खाँचों में।
बुद्ध की करुणा
पूजी जाती है,
महावीर की अहिंसा
स्मरण की जाती है,
पर क्रोध और नफरतें
अपनी जगह सुरक्षित हैं।
हमने स्मृतियों को
बहुत सँभालकर रखा,
मूल्य और नैतिकता को गंवा दिया
फिर भी
एक दीप अभी बाकी है।
हां एक दीप अभी बाकी है।
वह किसी भवन की छत पर नहीं,
किसी मंच के पीछे नहीं,
किसी झंडे के पास नहीं।
वह उस क्षण में जलता है—
जब कोई मनुष्य
दूसरे मनुष्य का हाथ
बिना परिचय पूछे पकड़ता है।
जब किसी भूखे के सामने
अपनी थाली आधी हो जाती है।
जब किसी घायल को
पहले मनुष्य समझा जाता है,
फिर कुछ और।
जब किसी असहमत स्वर को
दुश्मन नहीं,
एक आवश्यक प्रश्न समझा जाता है।
जब किसी पद से अधिक
कर्तव्य बड़ा हो जाता है।
जब किसी लाभ से अधिक
लोकहित का मूल्य हो जाता है।
वही दीप
शायद उस स्वतंत्रता की
सबसे सच्ची लौ है।
इसलिए आज
तिरंगा लहराते समय
केवल आकाश मत देखिए।
एक बार
उसकी छाया में भी देखिए।
वहाँ
एक किसान खड़ा है,
एक मजदूर,
एक बेरोज़गार युवक,
एक स्त्री,
एक बच्चा,
और वह नागरिक भी
जो अब तक
अपने हिस्से के उजाले की
प्रतीक्षा में है।
यदि उनके चेहरों पर
अभी भी अँधेरा है,
तो बिजली आने के बाद भी
एक दीप अभी बाकी है।
यदि धन के महलों और
अभाव की झोपड़ियों के बीच
अब भी बहुत लंबी रात है,
तो एक दीप अभी बाकी है।
यदि कुर्सियाँ
मौसम के साथ रंग बदलती हैं,
और विचार
सुविधा के साथ—
तो एक दीप अभी बाकी है।
यदि नेतृत्व
लोकप्रिय होने की सीढ़ी बन जाए
और लोकहित
उसके नीचे छूट जाए—
तो एक दीप अभी बाकी है।
और यदि स्वतंत्रता
केवल समारोह में दिखाई दे,
जीवन में नहीं—
तो फिर...
एक दीप अभी बाकी है।
हां मेरे दोस्त
एक दीप अभी बाकी है
लेकिन
उसे कोई एक व्यक्ति
नहीं जलाएगा।
न कोई एक दल।
न कोई एक व्यवस्था।
न कोई एक विचार।
उसे जलाएगा—
वह छोटा-सा मनुष्य
जो अभी भी
ईमानदार रहने का साहस करता है।
वह हाथ
जो बिना स्वार्थ
दूसरे हाथ को थामता है।
वह आवाज़
जो भीड़ में भी
सत्य को पहचानती है।
और वह नागरिक
जो देश से केवल
यह नहीं पूछता—
“देश ने मुझे क्या दिया?”
बल्कि कभी-कभी
अपने आप से भी पूछता है—
“इस देश के अँधेरे में
मैंने कौन-सा दीप जलाया?”
आजादी का उत्सव मनाइए।
अवश्य मनाइए।
लेकिन—
उत्सव के बाद
उस एक दीप को
बुझने मत दीजिए।
क्योंकि
स्वतंत्रता की सबसे लंबी रात में
कभी-कभी
पूरा आकाश नहीं,
एक छोटा-सा दीप ही
इतिहास की दिशा बदलता है।
वंदे मातरम्।
No comments:
Post a Comment