महा-कपटी है//
मृत्यु! तू धूर्त ही नहीं,
महा-कपटी है,
तेरा न्याय भी कितना विद्रूप,
कितना छलछद्म है।
तू उन चौखटों पर कभी पाँव नहीं धरत़ी,
जहाँ खूँखार दरिंदों के अट्टहास गूँजते हैं,
जहाँ हत्यारों की तलवारें
अब भी लहू चाट रही हैं,
जहाँ बलात्कारियों के चेहरे पर
निर्लज्ज मुस्कान है।
तू तो कायर है
जो उन किवाड़ों को खटखटाने से कतराती है,
जहाँ पाप की ऊंची दीवारें तुझे चुनौती देती हैं।
मगर,
तू बड़ी निर्लज्जता से झपट पड़ती है
उस कोमल कली पर,
जिसने अभी सूरज देखा ही नहीं,
उस वृद्ध लाठी पर,
जो निर्दोष आँखों से पथ निहार रही थी,
उस विवश माँ पर,
जिसके आंचल में सिसकती ममता थी।
तू वध नहीं करती,
तू विश्वासघात करती है।
तू ढूँढती है सिर्फ़ उन्हें,
जिनमें प्रतिरोध का बल नहीं,
जो निरीह हैं,
जो दुर्बल हैं,
जो निहत्थे हैं।
अधर्म की लपटों को तू हवा देती है,
और करुणा के दीपों को बड़ी क्रूरता से बुझा देती है।
हे नियति की सबसे बड़ी अपराधी!
जब तू किसी मासूम को
अपनी आगोश में लेती है,
तो क्या तुझे अपनी धूर्तता पर
लज्जा नहीं आती?
क्या उन सिसकियों में
तुझे अपनी हार सुनाई नहीं देती?
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment